विज्ञापन

अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया ने बेशर्मी की हद पार कर दी 

 सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही खबरें झूठी और बेबुनियाद बताई गई हैं. सपा ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए अफ़वाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है.

अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया ने बेशर्मी की हद पार कर दी 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक और भ्रामक अफ़वाह फैलाई जा रही है. इस अफ़वाह में दावा किया गया है कि सपा प्रमुख की बेटी करोड़ों रुपये लेकर अपने एक दोस्त के साथ विदेश भाग गई हैं. हालांकि, इस दावे का कोई ठोस आधार सामने नहीं आया है और इसे बिना किसी सत्यापन के व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है.

बिना प्रमाण के फैलाया गया दावा

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह कहा जा रहा है कि अखिलेश यादव की बेटी अपने घर से लगभग 7 करोड़ रुपये लेकर भाग गई हैं. साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि उनकी दोस्ती नाइजीरियन मूल के एक व्यक्ति से है और वह उसी के साथ विदेश चली गई हैं. लेकिन इन दावों की पुष्टि करने वाला कोई आधिकारिक या विश्वसनीय स्रोत नहीं है. महज एक ग्राफिक पोस्ट के आधार पर यह अफ़वाह फैलाई जा रही है.

सपा का आरोप-राजनीतिक साजिश

समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है. सपा का कहना है कि हाल ही में अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या के राम मंदिर में चंदे को लेकर उठाए गए सवालों के बाद यह दुष्प्रचार किया जा रहा है. मीडिया सेल ने अपने बयान में कहा कि भाजपा से जुड़े लोग इन झूठी अफ़वाहों को फैलाने में शामिल हैं.

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

सपा मीडिया सेल ने साफ कहा है कि इस तरह की अभद्र और मनगढ़ंत टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पार्टी ने कहा कि ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही पार्टी ने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के निजी और पारिवारिक जीवन पर टिप्पणी करना गलत है.

एआई फोटो का इस्तेमाल कर भ्रामक प्रचार

सोशल मीडिया पर एक कथित एआई-जनरेटेड तस्वीर भी शेयर की जा रही है, जिसमें अखिलेश यादव की बेटी को एक विदेशी व्यक्ति के साथ दिखाया गया है. इसे आधार बनाकर यह झूठा दावा फैलाया जा रहा है कि वह 7 करोड़ रुपये लेकर लंदन भाग गई हैं. इस प्रकार के पोस्ट में अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे माहौल और ज्यादा खराब हो रहा है. 

भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया में फैलाई गई अफवाह के बाद सपा सोशल मीडिया सेल ने बीजेपी पर भ्रम फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है. सपा मीडिया सेल ने कहा है कि अयोध्या के राम मंदिर मामले का खुलासा करने की वजह से साज‍िश रचकर अखिलेश यादव की बेटी के बारे में अफ़वाह उड़ाई जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Akhileh Yadav, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com