विज्ञापन

उन्नाव में साधु की हत्या से बवाल, आरोपी के अवैध निर्माण पर गरजा बुलडोजर, हिरासत में 3 आरोपी

उन्नाव में साधु मिलन दास का अंतिम संस्कार प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से कराया गया. एसडीएम और सीओ ने परिजनों को समझाकर स्थिति को संभाला. साधु का अंतिम संस्कार मंदिर के पास ही कर उन्हें वहीं समाधि दी गई.

उन्नाव में साधु की हत्या से बवाल, आरोपी के अवैध निर्माण पर गरजा बुलडोजर, हिरासत में 3 आरोपी
साधु मिलन दास बाबा की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई
  • बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में साधु मिलन दास बाबा की मंदिर निर्माण को लेकर चल रही रंजिश में दिनदहाड़े हत्या हुई.
  • आरोपियों ने बाबा को बुलाकर चाकुओं से हमला कर उनकी हत्या कर दी, तीन आरोपी पुलिस हिरासत में हैं.
  • मृतक के परिवार ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, दो आरोपी अभी भी फरार हैं.

उत्तर प्रदेश के उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टोला में साधु मिलन दास बाबा की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई. बाबा अपने घर के पास ही अपनी जमीन पर मंदिर का निर्माण करवा रहे थे, वहीं पास में रहने वाले इजरायल, यामीन और शफी समेत कुछ लोगों को वहां भजन-कीर्तन होने पर आपत्ति थी और इसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उन्हें एक जगह पर बुलाकर चाकुओं से गोदकर उनकी हत्या कर दी.

3 आरोपी पुलिस हिरासत में 

परिजन जब उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, तब तक बाबा की मौत हो चुकी थी. इस मामले में परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिनमें से तीन आरोपी पुलिस हिरासत में हैं, जबकि दो फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उसी स्थान के पास, जहां बाबा मंदिर बनवा रहे थे, परिजनों के समझाने के बाद प्रशासन की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया. प्रशासन ने वहां समाधि स्थल बनाने का आश्वासन भी दिया है. साथ ही परिवार को यह भरोसा दिया गया है कि भविष्य में मंदिर का निर्माण भी कराया जाएगा.

अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे कई अधिकारी

घटना को लेकर परिजनों में भारी रोष है. पांच भाइयों में सबसे छोटे रहे बाबा की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. अंतिम संस्कार के दौरान पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा, जिसमें एसडीएम, सीओ सर्कल और कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ अन्य जिलों से आई फोर्स भी तैनात रही. इलाके में एक प्लाटून पीएसी भी लगाई गई है.

घटनास्थल के पास प्रशासन ने अवैध कब्जे पर बुलडोजर कार्रवाई भी की. बताया जा रहा है कि यह कब्जा पूर्व सभासद अतीक का था, जहां अवैध रूप से गेट और बाउंड्री बनाकर लोग रह रहे थे. जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जो अब जमींदोज हो चुका है.

ये भी पढ़ें : सड़कें जाम, धू-धू कर जले मकान, 'सिर काटने' की कोशिश के बाद आयरलैंड में भड़की भीषण नस्लीय, VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com