- वेंकटेश गर्ग पर कई राज्यों में 12 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं.
- गुरुग्राम में एक बसपा नेता की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था.
- हत्या के बाद ही वो जॉर्जिया भाग गया था.
देश की सुरक्षा और जांच एजेंसियों को अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टरों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. विदेशों में बैठकर भारत में आतंक मचाने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए एजेंसियां एक और गैंगस्टर को भारत वापस ला रही हैं. कुख्यात गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को जॉर्जिया से डिपोर्ट कर भारत लाया जा रहा है. वह कल (11 जून 2026) को दिल्ली लाया जाएगा.
वेंकटेश गर्ग मूल रूप से हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ का रहने वाला है. लेकिन अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद वह जॉर्जिया भाग गया और उसे ही अपना ठिकाना बना लिया. अब उसकी वापसी के साथ ही दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के संगीन मामलों की फाइलें दोबारा खुलने वाली हैं.
बसपा नेता की हत्या
वेंकटेश गर्ग का नाम सुर्खियों में तब आया, जब गुरुग्राम में एक बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता की सरेआम हत्या कर दी गई थी. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में वेंकटेश का नाम सामने आया था. पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह इस वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत छोड़कर जॉर्जिया भाग गया था.
जॉर्जिया पहुंचने के बाद भी उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा. वहां सुरक्षित बैठकर वह दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात कपिल सांगवान गैंग के लिए काम करने लगा. विदेशी धरती से ही वह सांगवान गैंग के पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा था और भारत में बैठे अपने गुर्गों को इशारों पर नचा रहा था.
सोशल मीडिया से शूटरों की करता है भर्ती
जांच एजेंसियों के मुताबिक, जॉर्जिया में बैठकर वेंकटेश गर्ग ने एक बेहद हाईटेक और शातिर नेटवर्क तैयार कर लिया था. वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके देश के बेरोजगार और कम उम्र के लड़कों को बरगलाता था और उन्हें अपने गैंग में शूटर के तौर पर भर्ती करता था. इन नए शूटरों के दम पर वह भारत के व्यापारियों, बिल्डरों और रईसों को डरा-धमकाकर करोड़ों रुपये का एक्सटॉर्शन रैकेट चला रहा था.
पैसा न देने वालों को सबक सिखाने के लिए वह जॉर्जिया से ही मर्डर की प्लानिंग करता और अपने नए शूटरों से वारदातों को अंजाम दिलवाता था. देश के कई राज्यों में उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे 12 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसकी लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने उस पर 2 लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था.
यह भी पढ़ें: बाइक से आए और चला दी ताबड़तोड़ गोलियां... पंजाब में AAP नेता पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं