विज्ञापन

Exclusive: वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीता लेकिन एशियाड में हारने का दुख है- मनीषा भानवाला

विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण जीतकर भारतीय महिला कुश्ती को नई पहचान देने वाली मनीषा भानवाला की नजर अब अगले बड़े लक्ष्य, LA ओलंपिक 2028, पर हैं.

मनीषा भानवाला को एशियाड में मेडल से चूकने का दुख

सुशील कुमार के बाद भारत को विश्व चैंपियन बनाने वाली मनीषा भानवाला ने अब अपना पूरा फोकस 57 किलोग्राम वर्ग और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 पर लगा दिया है. वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली मनीषा ने कहा कि उनका लक्ष्य अब उसी वजन वर्ग में लगातार प्रदर्शन करते हुए ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना है. हालांकि, मनीषा एशियाड में पदक जीतने से चूक गई थीं और इसका उन्हें मलाल है. 

एनडीटीवी से खास बातचीत में मनीषा भानवाला कुश्ती संघ का धन्यवाद देते हुए कहती हैं कि उन्होंने जमीन से उठाकर इस पहलवान को एक बेहतर मंच दिया . मनीषा कहती हैं कि फेडरेशन जिस तरह से खिलाड़ी का काम कर रही है और जितने ट्रायल्स हो रहे हैं, उसने दिमागी तौर पर पहलवानों को मजबूत किया है, क्योंकि एक ट्रायल में की गई गलती वह दोबार नहीं दोहराते और इससे खिलाड़ी बेहतर हो रहा है. 

वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में 29 वर्षीय मनीषा भानवाला ने स्वर्ण पदक मैच में 6-0 से पिछड़ने के बाद वापसी की और अमेरिका की मौजूदा पैन अमेरिकन चैंपियन एबिगेल नेट को 8-6 से हराया. मनीषा ने बताया कि वह भरंदाज दांव की करीब साल भर से प्रैक्टिस कर रही थीं और वो उनका फेवरेट दांव हैं और कोच उनसे बार-बार उसी पर काम करवां रहे थे और फाइनल में यह उनके काम आया. 

वहीं मनीषा ने अपने वेट कैटेगरी को लेकर कहा कि उनका वजन 57 किलोग्राम है और विश्व चैंपियनशिप में भी उनका चयन इसी वर्ग में हुआ था. उन्होंने बताया कि आगामी पूरा सीजन 57 किलोग्राम वर्ग में खेलने की योजना है और ओलंपिक क्वालीफिकेशन की तैयारी भी इसी वजन वर्ग में की जाएगी.

मनीषा ने यह भी माना कि प्रोफेशनल रेसलिंग लीग जैसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होते हैं. उनके अनुसार लगातार मुकाबले खेलने से न सिर्फ मैच प्रैक्टिस मिलती है बल्कि बड़े प्रतियोगिताओं का दबाव झेलने की क्षमता भी विकसित होती है. उन्होंने कहा कि यदि कोई खिलाड़ी रोज अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करे तो सफलता के अवसर कई गुना बढ़ जाते हैं.

विश्व चैंपियन बनने के बाद अपने गांव और समाज में आए बदलाव पर मनीषा ने खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि अब उनके गांव में कुश्ती को लेकर नया उत्साह देखने को मिल रहा है और कई लड़कियां उनसे प्रेरणा लेकर पहलवानी अपनाना चाहती हैं. मनीषा ने कहा कि यह देखकर उन्हें सबसे ज्यादा संतोष मिलता है कि उनकी उपलब्धियों से बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का हौसला मिल रहा है.

एशियन गेम्स को लेकर मनीषा ने स्वीकार किया कि वहां पदक नहीं जीत पाने का अफसोस आज भी है. उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी का सपना एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश के लिए पदक जीतना होता है. हालांकि वह अतीत में नहीं रहना चाहतीं और अब उनकी पूरी कोशिश आने वाले वर्षों में भारत के लिए और बड़े मंचों पर सफलता हासिल करने की है.

यह भी पढ़ें: न विराट, न धोनी, लैंगर-हेडन ओपनर, तेंदुलकर-कैलिस को जगह, रिकी पोंटिंग ने चुनी ऑल टाइम बेस्ट प्लेइंग-11

यह भी पढ़ें: IND vs NZ 4th ODI: 89 पर ऑल-आउट हुआ भारत, गौतम गंभीर-श्रेयस अय्यर आमने-सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com