- महाराष्ट्र में छठ महापर्व को लेकर मराठी और अमराठी के बीच सियासी विवाद तेजी से बढ़ रहा है
- आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर जाति, धर्म और भाषा के आधार पर विवाद फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है
- आदित्य ठाकरे ने कोविड काल में महाराष्ट्र सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार के मजदूरों की मदद का उदाहरण दिया
मुंबई: महाराष्ट्र में छठ महापर्व और उत्तर भारतीय लोगों को लेकर एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा वोट बैंक की खातिर राज्य में 'मराठी बनाम अमराठी' के साथ-साथ जाति, धर्म और भाषा के नाम पर विवाद पैदा करने की साजिश रच रही है. खास बात यह है कि इस मुद्दे पर आदित्य ठाकरे ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे की सुबह की गई पोस्ट का भी समर्थन किया है.
'भाजपा के प्रायोजित जाल में न फंसें लोग'
मीडिया से बातचीत करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा, "आज सुबह राज साहब ने भी अपनी पोस्ट में यही बात कही है और उद्धव साहब व मैं भी लगातार यही कह रहे हैं कि भाजपा अलग-अलग समाजों, धर्मों और भाषाओं के बीच उन्माद फैलाने की पूरी कोशिश कर रही है. जो भी लोग बीच में आकर आक्रामक बयानबाजी कर रहे हैं, वह सब भाजपा द्वारा प्रायोजित है."
उन्होंने महाराष्ट्र की जनता से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राज्य और देश में जो एकजुटता हमने बनाई है, उसी के दम पर धर्मेंद्र प्रधान और गद्दारों को बैकफुट पर जाना पड़ा. हमें भाजपा के इस प्रायोजित जाल का शिकार होने से बचना होगा.
कोविड काल की दिलाई याद, यूपी सरकार पर निशाना
छठ पूजा के बहाने उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को साधने के सवाल पर आदित्य ठाकरे ने कोविड महामारी के दौर को याद दिलाया. उन्होंने कहा, "जो लोग आज छठ पूजा मनाते हैं. चाहे वे यूपी, बिहार या आसपास के प्रांतों के हों. भाजपा को सिर्फ उनके वोट चाहिए, इसलिए आज यह सब नाटक किया जा रहा है. लेकिन याद कीजिए जब कोविड का संकट था, तब उत्तर प्रदेश और बिहार के मजदूरों की देखभाल हमारी महाराष्ट्र सरकार ने की थी."
यूपी की योगी सरकार पर तंज कसते हुए आदित्य ने कहा, "तब उत्तर प्रदेश सरकार अपने ही लोगों के लिए ट्रेनें नकार रही थी. जब मजदूर वहां पहुंचे, तो उन्हें बैठाकर उन पर ऐसे सैनिटाइजर स्प्रे किया गया जैसे किसी निर्जीव वस्तु पर किया जाता है. उस कठिन समय में महाराष्ट्र ने उन्हें संभाला और उनके घर जाने के लिए ट्रेनें उपलब्ध कराईं."
'सवाल पूछने वालों को चीन और सोरोस का एजेंट बता देगी BJP'
छठ पूजा की आड़ में शुरू हुए इस विवाद पर आदित्य ठाकरे ने आगे कहा कि भाजपा हर मुद्दे को भटकाने का काम करती है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कल को अगर यहां के उद्योगपति, मजदूर या ग्रामीण नागरिक सरकार से अच्छी बुनियादी सुविधाएं मांगेंगे, तो भाजपा यह भी कह देगी कि इन्हें चीन या जॉर्ज सोरोस से फंडिंग मिल रही है."
Mumbai, Maharashtra: Congress leader Hussain Dalwai says, "There was no need to play Chhath songs at railway stations in the first place. Why are these songs being played, and what is being promoted through them? It gives the impression that the BJP is using the railway system for its promotion. Chhath Puja is not traditionally celebrated in Maharashtra. Trying to promote the festival here in this manner is wrong. Those who celebrate Chhath Puja can observe it in Bihar and Uttar Pradesh."
— IANS (@ians_india) November 13, 2026
कांग्रेस नेता हुसैन दलवई के बयान से और भड़का विवाद
दूसरी तरफ, रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत बजाए जाने को लेकर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई के एक बयान ने इस सियासी आग में घी डालने का काम किया है. मुंबई में मीडिया से बात करते हुए हुसैन दलवई ने कहा, "रेलवे स्टेशनों पर छठ के गाने बजाने की आखिर जरूरत ही क्या थी? ये गाने क्यों बजाए जा रहे हैं और इनके जरिए किस चीज का प्रचार किया जा रहा है? ऐसा लगता है कि भाजपा अपने राजनीतिक प्रचार के लिए रेलवे तंत्र का इस्तेमाल कर रही है."
दलवई ने आगे कहा कि छठ पूजा पारंपरिक रूप से महाराष्ट्र में नहीं मनाई जाती है. इस तरह से यहां इस त्योहार को प्रचारित करने की कोशिश करना गलत है. जो लोग छठ पूजा मनाते हैं, वे इसे बिहार और उत्तर प्रदेश में मना सकते हैं. त्योहारी सीजन और आगामी चुनावों के बीच ठाकरे गुट और कांग्रेस नेताओं के इन बयानों ने भाजपा को पलटवार करने का बड़ा मौका दे दिया है, जिससे आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में 'मराठी बनाम उत्तर भारतीय' का मुद्दा और गरमाने के आसार हैं.
यह भी पढ़ें- भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बना छोटे से गांव का लड़का सुरेंद्र चौधरी, UPSC CDS में रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं