आज यानी 13 नवंबर से लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है. हिंदू धर्म में छठ पूजा का विशेष महत्व माना जाता है. यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में भक्त पूरे नियम और श्रद्धा के साथ पूजा-पाठ करते हैं और छठी मैया के नाम का उपवास रखते हैं. छठ का व्रत काफी कठिन माना जाता है. व्रती अपनी संतान की लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना से करीब 36 घंटे तक बेहद बिना अन्न और जल ग्रहण किए ये उपवास रखते हैं. इस दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है.
कौन हैं छठी मैया?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया भगवान सूर्य की बहन हैं. वहीं, देवी भागवत पुराण के अनुसार, प्रकृति देवी ने अपने स्वरूप को छह भागों में बांटा था. उनका छठा अंश षष्ठी देवी कहलाया, जिन्हें छठी मैया के नाम से पूजा जाता है. इन्हें ब्रह्मा जी की मानस पुत्री भी माना गया है. भक्तों का विश्वास है कि उनकी पूजा करने से बच्चों पर आने वाले संकट दूर होते हैं और उन्हें सुखी, स्वस्थ और लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है. यही वजह है कि बच्चे के जन्म के छठे दिन भी छठी मैया की पूजा की जाती है.
छठ पूजा व्रत की कथापौराणिक कथा के अनुसार, एक समय की बात है प्रियव्रत नाम के एक राजा हुआ करते थे. राजा की पत्नी का नाम मालिनी था. दोनों के पास सब कुछ था, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी. इस दुख से राजा और रानी हमेशा परेशान रहते थे.
संतान प्राप्ति की इच्छा से राजा ने महर्षि कश्यप से पुत्रेष्टि यज्ञ करवाया. यज्ञ के प्रभाव से रानी गर्भवती हुईं. कुछ समय बाद उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन दुर्भाग्य से वह मृत पैदा हुआ. यह देखकर राजा और रानी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. राजा इतने दुखी हुए कि उन्होंने अपना जीवन समाप्त करने का फैसला कर लिया. तभी उनके सामने एक दिव्य देवी प्रकट हुईं. देवी ने राजा को बताया कि वह षष्ठी देवी हैं और संतान सुख प्रदान करती हैं. उन्होंने कहा कि जो भी सच्चे मन से उनकी पूजा करेगा, उसकी मनोकामनाएं जरूर पूरी होंगी.
देवी की बात सुनकर राजा ने उनसे पूजा करने का तरीका पूछा. इसके बाद राजा और रानी ने कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को पूरे विधि-विधान से देवी की पूजा की. मान्यता है कि इस पूजा के फलस्वरूप उन्हें स्वस्थ और सुंदर संतान की प्राप्ति हुई. तभी से षष्ठी देवी की पूजा की परंपरा प्रचलित हुई.
द्रौपदी और पांडवों से भी जुड़ी है मान्यताछठ पूजा से जुड़ी एक अन्य कथा महाभारत काल की है. मान्यता है कि जब पांडव जुए में अपना पूरा राजपाट हार गए थे, तब द्रौपदी ने छठ का व्रत किया था. उनकी सच्ची श्रद्धा और भक्ति से प्रसन्न होकर छठी मैया ने उनकी मनोकामना पूरी की. इसके बाद पांडवों को उनका खोया हुआ राजपाट वापस मिल गया.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- शुक्रवार को पानी में ये चीज मिलाकर नहाएंगे तो बढ़ जाएगी सुंदरता, कथावाचक ने बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं