दिल्ली एनसीआर से लेकर पूरे उत्तर भारत में मौसम फिर करवट लेने वाला है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के प्रदूषण झेल रहे इलाकों में बारिश की बूंदें राहत लेकर आ सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो रहा है. ऐसे में प्रदूषण से राहत मिल सकती है. दिल्ली-NCR में भी 15 नवंबर तक मौसम में हल्की ठंड के साथ शुष्क बना रहेगा, लेकिन उसके बाद बारिश आ सकती है.दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश की चेतावनी है. पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.
दिल्ली में एक्यूआई 400 पार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मयूर विहार फेज-1 इलाके में AQI 411 है, जो गंभीर श्रेणी में है. अक्षरधाम के आसपास AQI 408 है. दिल्ली में आईटीओ, आनंद विहार,जनपथ, पंजाबी बाग, लोदी रोड, पालम जैसे इलाकों में भी प्रदूषण गंभीर स्थिति में है. नोएडा में 348 और गाजियाबाद में भी लोनी जैसे कुछ इलाकों में एक्यूआई 380 तक बना है. गुरुग्राम में एक्यूआई 326 है.
दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ से आने वाले दिनों में भारी बारिश, बिजली गिरने के साथ तेज आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है.पूर्वी उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, बस्ती, महाराजगंज रीजन में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़ और मेरठ सहित कई जिलों में तेज रफ्तार हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में भी धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पहाड़ों मे बारिश- बर्फबारी का अलर्ट
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मौसम बदल रहा है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है.
हिमाचल प्रदेश में भी मनाली, शिमला के साथ लाहौल स्पीति के इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड में भी हल्की बारिश हो सकती है.बर्फबारी और बारिश से मैदानी इलाको में ठंड बढ़ेगी. पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अभी बारिश का संकेत नहीं है. छत्तीसगढ़ के सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर और विदर्भ के इलाकों में अभी मौसम शुष्क और तापमान में गिरावट के संकेत हैं.
साप्ताहिक मौसम परिचर्चा (12.11.2026) YouTube : https://t.co/3q4B64n2l0 Facebook : https://t.co/cVkYXuyv0d #CYCLONEMURASU #WeatherUpdate #IMD #WeatherAlert #BayOfBengal #LowPressureArea #WellMarkedLowPressureArea #Depression #CycloneAlert #AndamanAndNicobarIslands #AndamanSea #बंगालकीखाड़ी #मौसमअपडेट #मौसमचेतावनी #चक्रवातअलर्ट #IMDWeather @moesgoi @airnewsalerts @DDNational @ndmaindia @ICRER_MHA
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 12, 2026
वहीं अंडमान निकोबार के आसपास तूफानी चक्रवात से मौसम खराब रहने की आशंका है. वहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है. साथ ही 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी और गरज-चमक का अलर्ट है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में भारी बारिश का येलो अलर्ट है.
ये भी पढ़ें - कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में ठंड और प्रदूषण, कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी, राजस्थान-बिहार समेत 10 राज्यों में बारिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं