भारतीय अंडर 20 महिला रग्बी टीम ने कमाल कर दिया है. उन्होंने न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम को धुल चटाई है. बीते मंगलवार को बिहार स्थित नालंदा जिले के राजगीर में भारत और न्यूजीलैंड अंडर 20 महिला टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. जहां भारत खिलाड़ियों ने एक दो नहीं बल्कि कुल 17-0 से विपक्षी टीम को शिकस्त दी. मुकाबले के दौरान जो सबसे खास बात रही. वह यह थी कि देश की युवा महिला खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम को एक भी अंक नहीं बटोरने दिया. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 15 मिनट का खेला गया था. जहां सभी मौकों पर भारतीय महिलाओं का दबदबा देखने को मिला, जो की दर्शाता है कि भारतीय महिला टीम रग्बी के खेल में कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है. उन्होंने अपने शानदार खेल से दिखाया है कि भारत अब रग्बी जैसे खेल में भी बड़ी टीमों को चुनौती दे सकता है.
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने खेल का किया उद्घाटन
इससे पहले बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर में भारत और न्यूजीलैंड अंडर 20 इंटरनेशनल रग्बी सेवन्स सीरीज का उद्घाटन किया. जिसकी पुष्टि अधिकारियों ने की. नालंदा जिले के राजगीर खेल परिसर में उद्घाटन समारोह के बाद दोनों देशों की पुरुष और महिला टीमों के बीच मुकाबला खेला गया.
मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी किया गया बयान
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी किए गए बयान में बताया गया है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के शुभ अवसर पर 23 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में इस सीरीज का आयोजन किया गया.
बयान में ये भी बताया गया कि सीएम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेल संबंधी दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित इस प्रतियोगिता को दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूत करने और बिहार में रग्बी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया.
पुरुष टीम को मिली शिकस्त
मुकाबले के दौरान जहां भारतीय महिला टीम ने न्यूजीलैंड को 17-0 से हराया. वहीं भारत की पुरुष टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 32-0 से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने के लिए दो मिश्रित टीमों के प्रदर्शनी मुकाबले भी आयोजित किए गए. इन मुकाबलों में भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को एक ही टीम में शामिल किया गया था.
बयान के अनुसार, इस अवसर पर न्यूजीलैंड की टीम ने खेल परिसर में माओरी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाला पारंपरिक ‘हाका' नृत्य भी प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, भारत में न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैथ्यू आयर्स, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे. (भाषा इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- मेसी ने विदाई मैच को बनाया यादगार, 1 गोल-2 असिस्ट से अर्जेंटीना की 3-0 से शानदार जीत, मैदान पर छलक पड़े जज्बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं