विज्ञापन

स्विमिंग पूल से निकल नहीं पाए, करंट लगा और गिरकर मौत; फाइव स्टार होटल में कैसे हुआ दर्दनाक हादसा

बेंगलुरु के कॉनराड होटल के स्विमिंग पूल में करंट लगने से जर्मनी और स्लोवाकिया के दो नागरिकों की मौत हो गई. पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

स्विमिंग पूल से निकल नहीं पाए, करंट लगा और गिरकर मौत; फाइव स्टार होटल में कैसे हुआ दर्दनाक हादसा
स्विमिंग पूल में करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत, बेंगलुरु के फाइव स्टार होटल में हादसा
अल्टर्ड बाय NDTV
  • बेंगलुरु के कॉनराड होटल में दर्दनाक हादसा, पूल में तैर रहे दो लोगों की मौत
  • पूल के पानी में करंट आने का आरोप, जर्मन और स्लोवाकियाई नागरिक की मौत
  • फाइव स्टार होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, CCTV खंगाल रही पुलिस
बेंगलुरु:

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के प्रतिष्ठित फाइव स्टार कॉनराड होटल में शुक्रवार शाम एक चौंकाने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां स्विमिंग पूल में तैराकी कर रहे दो विदेशी नागरिकों की संदिग्ध रूप से करंट लगने और डूबने से मौत हो गई. मृतकों में एक जर्मन और एक स्लोवाकियाई नागरिक शामिल हैं. दोनों को बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का एक भारतीय पूल अटेंडेंट भी घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

स्विमिंग के दौरान हुआ हादसा

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार शाम होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्विमिंग पूल में हुआ, जब दोनों तैराकी करने गए थे. जर्मन नागरिक की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस के रूप में हुई है, जो लुफ्थांसा एयरलाइंस के क्रू सदस्य थे. वहीं जान गंवाने वाले स्लोवाकियाई नागरिक की पहचान 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है, जो टेक कंपनी आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर थे.

Add image caption here

Photo : hilton.com

पूल में गए फिर बाहर नहीं आ पाए

NDTV ने जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर की पत्नी सिल्विया ओटावा की ओर से पुलिस में दर्ज करायी गई शिकायत की पड़ताल की. शिकायत के मुताबिक, स्विमिंग पूल से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान दोनों को करंट लगा, जिसके बाद वे पानी में डूब गए. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्विमिंग पूल के रखरखाव में होटल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ.

होटल प्रबंधन के खिलाफ FIR

सिल्विया ओटावा की शिकायत पर कॉनराड होटल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. वहीं घटना को लेकर अब तक होटल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

CCTV और कर्मचारियों से पूछताछ

जांच के तहत पुलिस होटल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. साथ ही होटल स्टाफ, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पूल में करंट कैसे पहुंचा और क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था.

घायल अब खतरे से बाहर

इस घटना में बचाने की कोशिश के दौरान घायल हुए लोगों में उसी होटल में ठहरे हुए 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसांटिस और भारतीय पूल अटेंडेंट 28 वर्षीय राहुल तिवारी शामिल हैं. दोनों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया गया है कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर जारी सूचना में बताया गया कि स्विमिंग पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के लिए बंद कर दिया गया है. कॉनराड होटल हिल्टन ग्रुप का हिस्सा है और यह 24 मंजिला लग्जरी फाइव स्टार होटल है. यहां एक सामान्य कमरे का किराया लगभग 25 हजार रुपये प्रति रात से शुरू होता है. इस हादसे ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था और स्विमिंग पूल के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें : बेंगलुरु के फाइव स्टार होटल के स्विमिंग पूल में उतरा करंट, 2 विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Conrad Hotel, Conrad Hotel Swimming Pool Deaths, Conrad Hotel Bengaluru, Swimming Pool Accident, Electrocution Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com