दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने टखने की चोट से उबरने के बारे में एक पॉजिटिव अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और उम्मीद है कि अगले कुछ हफ्तों में वह फिर से ट्रेनिंग और रिहैबिलिटेशन शुरू कर सकेंगे. भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर अगस्त में ट्रेनिंग के दौरान टखने में लिगामेंट फटने के कारण 2026 सीज़न के बाकी हिस्सों से बाहर हो गए थे. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन मेडिकल टीम की सलाह के अनुसार आराम करने से अब उनकी स्थिति में काफी सुधार हो रहा है.
क्या बोले नीरज चोपड़ा के डॉक्टर?
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की मीडिया टीम के साथ बातचीत में चोपड़ा ने कहा, 'मेरी चोट अब काफी बेहतर है. शुरुआत के डेढ़ महीने में मुझे कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन अब काफी सुधार हुआ है. मैंने डॉ. दिनशॉ पारदीवाला से सलाह ली है, और उन्होंने कहा है कि अब मैं ट्रेनिंग और सही तरीके से रिहैबिलिटेशन शुरू कर सकता हूं. मेरी योजना अगले कुछ हफ्तों में इन दोनों को शुरू करने की है.'
नीरज चोपड़ा की धमाकेदार वापसी के संकेत
इस चोट के कारण चोपड़ा को जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों, ब्रुसेल्स में डायमंड लीग फाइनल और पहली 'वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप' से बाहर होना पड़ा. यह झटका उन्हें तब लगा, जब उन्होंने लॉजेन डायमंड लीग में 88.05 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर (जो इस सीज़न का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था) अपनी लय वापस पाने के संकेत दिए थे. डायमंड लीग 2026 का गोल्ड मेडल श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने जीता था.
28 वर्षीय चोपड़ा, जो इस सीजन की शुरुआत में पीठ के निचले हिस्से की चोट से भी जूझ रहे थे, ने स्पष्ट किया कि उन्होंने डॉक्टरों की सलाह मानी और इस नई चोट से उबरने के लिए पूरी तरह आराम करने का फैसला किया. उन्होंने कहा, 'मेरी चोट के लिए डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी थी, और मैंने बिल्कुल वैसा ही किया. प्रतियोगिताओं की बात करें तो, TOPS (टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम) और SAI कई सालों से मेरा समर्थन कर रहे हैं. मैं काफी समय से TOPS कोर ग्रुप का हिस्सा हूं, और जब भी मुझे किसी मदद की जरूरत होती है, तो वे हमेशा साथ होते हैं.
यह भी पढ़ें- 'सहवाग और द्रविड़' फिर पाकिस्तान को देंगे शिकस्त! दोनों के बेटों को U19 एशिया कप टीम में मिली जगह
यह भी पढ़ें- 'मेरे परिवार के साथ...,' श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा ने एयरलाइन स्टाफ पर लगाए गंभीर आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं