विज्ञापन

आमेर गाइड मर्डर: 50 लाख रुपये, डेयरी बूथ पर बनी सहमति, परिजनों ने खत्म किया धरना

जयपुर के आमेर में पर्यटकों को रास्ता बताने के विवाद में गाइड की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना से आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद कर धरना दिया.

आमेर गाइड मर्डर: 50 लाख रुपये, डेयरी बूथ पर बनी सहमति, परिजनों ने खत्म किया धरना
आमेर में गाइड की हत्या को लेकर धरना समाप्त
NDTV

जयपुर में आमेर महल के गाइड की हत्या को लेकर बवाल के बाद आखिरकार मामला शांत हो गया है. लंबी वार्ता के बाद प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति बन गई है. मृतक गाइड के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य के नाम पर डेयरी बूथ देने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ. विधायक बालमुकुंद आचार्य व अन्य बड़े अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन धरना समाप्त करने पर राजी हुए हैं. फिलहाल पुलिस की टीम पूरे घटना की गहन जांच में लगी हुई है.  

मामूली कहासुनी के बाद मारा चाकू 

जानकारी के अनुसार, आमेर के रहने वाले पर्यटक गाइड मनीष कुमार सोनी सोमवार को मावठा के पास खड़े थे. इसी दौरान एक कार में आए कुछ पर्यटकों ने उनसे आमेर किले का रास्ता पूछा. पुलिस ने बताया कि पास में ही खड़े जीप चालक आजम ने इन पर्यटकों से कहा कि निजी कार को किले तक जाने की अनुमति नहीं है. 

उसने पर्यटकों को उसकी जीप में जाने की सलाह दी. हालांकि, सोनी के रास्ता बताने बाद वे अपनी कार से किले की ओर बढ़ गए. इसी के बाद जीप चालक और गाइड मनीष सोनी के बीच कहासुनी हो गई, देखते-देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि विवाद के दौरान मनीष सोनी पर चाकू से हमला किया गया. गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. 

गाइड की मौत के बाद लोगों का विरोध प्रदर्शन

घटना के बाद पुलिस ने जीप ड्राइवर आजम को पकड़ लिया. थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार, बहस के दौरान आजम ने कथित तौर पर चाकू निकाला और सोनी के पेट में घोंप दिया. उधर जैसे ही गाइड मनीष की मौत की खबर लोगों तक पहुंची तो आमेर में आक्रोश फैल गया. स्थानीय लोगों ने बाजार बंद करवाए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. 

हाथी सवारी, पर्यटकों की आवाजी पर असर

इस दौरान आमेर महल की हाथी सवारी और पर्यटकों की आवाजाही पर भी असर पड़ा. आमेर महल जाने वाले रास्ते को रोककर लोगों ने अपना विरोध दर्ज कराया. गाइड मनीष सोनी की मौत के बाद पूरे कस्बे में तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा. पोस्टमार्टम के बाद मनीष सोनी का शव आमेर पहुंचा, जहां गांधी चौक पर स्थानीय लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी. मनीष सोनी की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए. जिस पर लंबी वार्ता के बाद प्रशासन और परिजनों के बीच विभिन्न मांगों को लेकर सहमति बनी.

यह भी पढे़ं- आमेर महल के गाइड की हत्‍या पर जयपुर में मचा बवाल, दुकानें और महल जाने वाले सभी रास्‍ते बंद; फोर्स तैनात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amer Fort Jaipur, Jaipur News, Amer Fort Elephant Ride, Amer Fort Jaipur News, Balmukund Acharya
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com