विज्ञापन

ये भुवनेश्वर की टीम इंडिया नहीं, विश्व कप प्लान में वापसी है! इन 5 वजहों ने कराया 4 चार साल बाद कमबैक

अब जब अगले साल दक्षिण अफ्रीका सहित तीन देशों में खेले जाने वाले विश्व कप के लिए भारत की प्लानिंग का आगाज हो चुका है, तो ऐसे में चयन समिति ने करीब 4 साल बाद भुवनेश्वर को टीम में चुनकर बड़ा संदेश दे दिया है

ये भुवनेश्वर की टीम इंडिया नहीं, विश्व कप प्लान में वापसी है! इन 5 वजहों ने कराया 4 चार साल बाद कमबैक

जब आप शांति से बिना शोर-शराबा किए सिर्फ अपने काम  से सरोकार रखते हैं, तो ईश्वर आपका रास्ता बना ही देते हैं! और स्विंग मास्टर और उम्र के 37वें साल में  टीम इंडिया में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार के बारे में ऐसा कहना कोई अतिश्योक्ति नहीं ही होगी! एक नया पैमाना सेट कर दिया है भुवी ने. जिस उम्र में या इससे कहीं पहले जहां भारतीय मीडियम पेसर खेल को अलविदा कह देते हैं, वहीं 3 साल, 10 महीने और 15 दिन पहले देश के लिए आखिरी मैच खेलने वाले भुवनेश्वर ने युवा पेसरों के सामने उदाहरण सेट करते हुए बताया है कि "उम्र महज एक नंबर है" सिर्फ एक 'टैंपलेट" भर बनकर नहीं रह गया है! मानक भुवनेश्वर ने सेट किया है, लेकिन बात यहां से बहुत दूर तक जाएगी! पिछले कई सालों से पूर्व क्रिकेटर भुवनेश्वर के पक्ष में गुहार लगा रहे थे, लेकिन अब जब भुवी करीब चार साल बाद टीम इंडिया में लौटे हैं, तो यह सिर्फ भारतीय टी20 ही नहीं, बल्कि अगले साल दक्षिण अफ्रीका सहित तीन देशों में आयोजित होने वाले वाले फिफ्टी-फिफ्टी विश्व कप के लिए भारतीय टीम में वापसी है! सेलेक्टरों ने टी20 टीम में चुनकर भुवनेश्वर को मेगा इवेंट से पहले हालात से ढालने का मौका दिया है. बहरहाल, अगर भुवनेश्वर की टीम इंडिया में लंबे अंतराल वापसी हुई है, तो उसके पीछे एक-दो नहीं, बल्कि कई वजह हैं. और इन तमाम वजहों का अगले साल विश्व कप से गहरा रिश्ता है. चलिए आप भुवनेश्ववर कुमार के फिर से टीम इंडिया और विश्व कप प्लानिंग में लौटने की क्रोनोलॉजी क्रमश: समझिए


1. बुमराह का लगातार चोटिल होना

पिछले करीब दो साल से जसप्रीत बुमराह का नियमित अतंराल पर चोटिल होने से टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ी हैं. कई मौकों पर टीम इंडिया को बुमराह का साथ नहीं मिला, तो उन्हें सेलेक्टिव मैचों में खिलाने की नीति भी गले नहीं उतरी. और अब जब अगले साल विश्व कप की तैयारियों का आगाज हो गया है, तो सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बुमराह फिट रहेंगे? क्या बुमराह के फिट होने की गारंटी है? और अगर फिट रहेंगे, तो क्या वह वनडे में दस ओवर का कोटा फेंक पाएंगे? यह एक बड़ा सवाल रहा, जिससे बुमराह की फिर से विश्व कप प्लानिंग में फिर से वापसी हो गई. 

इस पर भुवनेश्वर कुमार के बचपन के कोच संजय रस्तोगी ने कहा, "भुवनेश्वर का चयन विश्व कप की प्लानिंग में शामिल करने का इशारा करता है. अगर उन्हें चयन समिति ने फिर से करीब चार साल के बाद भारतीय टीम में बुलाया है, तो निश्चित तौर पर इसके अपने मायने हैं. जरूर इस बुलावे के पीछे कोई ठोस वजह जरूर होगी. लेकिन मैं निजी तौर पर उन्हें जरूर अगले साल विश्व कप में खेलते देखना चाहूंगा. खुद अपने समय में  अच्छे गेंदबाज रहे संजय ने कहा, मुझे लगता है कि पिछले कुछ सालों में भुवनेश्वर के साथ गलत हुआ है. वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे. बहरहाल, अब वह टीम में लौटे हैं, तो मैं बहुत ही खुश हूं"

2. शमी का प्लानिंग से बाहर होना और धार खोना

पिछले साल 2023 विश्व कप में शुरुआती चार मैचों के बाद इलेवन का हिस्सा बनकर धमाकेदार प्रदर्शन कर भारत को फाइनल में पहुंचाने वाले मोहम्मद शमी चोट से उबरने के बाद घरेलू क्रिकेट खेल रहे. शमी ने टीम इंडिया में वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट में काफी जोर लगाया, लेकिन न तो उनमें पिछले विश्व कप जैसी धार ही दिखी, तो वहीं मीडिया में उनके बयानों ने भी उनका भला नहीं ही किया.  वहीं, शमी जब भी खेले, तो कभी लगातार दस ओवर फेंकने का भरोसा नहीं दे सके. पूरी तरह फिट भी नहीं दिखाई पड़े. नतीजा यह रहा कि मीडिया और पूर्व क्रिकेटरों के समर्थन के बावजूद अगरकर ने उनकी ओर देखना गवारा नहीं समझा और वह विश्व कप की प्लानिंग से बाहर हो गए. शमी का प्लानिंग से बाहर होना भी एक वजह रही कि अब सेलेक्टर फिर से भुवी की ओर देखने को मजबूर हुए.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

 3. नहीं हो सका कोई युवा तैयार

भुवनेश्वर के साल 2022 में आखिरी मैच खेलने वाले साल से लेकर सेलेक्टरों ने व्हाइट-बॉल के अलग-अलग फॉर्मेटों में कई युवा पेसरों को मौके दिए. इनमें अर्शदीप सिंह, आवेश खान, दीपक चाहर, उमरान मलिक, मुकेश कुमार, मयंक यादव, हर्षित राणा, कुलदीप सेन, तुषार देशपाडें और नितीश कुमार रेड्डी, अशोक शर्मा सहित करीब दर्जन भर युवाओं को मौका दिया, लेकिन कोई (मंयक यादव) चोटिल होने के बाद गायब हो गया, तो किसी (उमरान मलिक) की गाड़ी पटरी पर चढ़ने से पहले ही उतर गई! नतीजा यह रहा कि विश्व कप के नजदीक आते-आते आजमाए गए करीब दर्जन भर बॉलरों में कोई भी पूरी तरह तैयार ही नहीं हो सका. ऐसे में चयन समिति के भरोसे के सवाल ही कहां रह जाता है. यही वजह रही कि पिछले चार सालों में फिटनेस, प्रदर्शन और प्रदर्शन तीनों स्तर पर खुद को ऊपर रखने वाले भुवनेश्वर ने फिर से खुद को विश्व कप प्लानिंग का हिस्सा बनाने पर मजबूर कर दिया. 

इसी पर शुरुआती दिनों से ही प्रवीण कुमार और भुवेश्वर कुमार दोनों के ही कोच रहे पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर और अपने समय के देश के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक रहे विपिन वत्स ने कहा, 'देखिए पिछले चार सालों में कई तमाम पेसरों को चयन समिति ने आजमाया. अच्छा  प्रदर्शन न कर पाना या मौके न भुना पाना यह अलग बात है, लेकिन मेरा कहना है यह है कि जब आप 36-37 साल की उम्र में विराट कोेहली और रोहित शर्मा को खिला सकते हो, तो भुवनेश्वर कुमार या उस बॉलर को क्यों नहीं, जो लगातार अच्छा कर रहा है. आप इस साल आईपीएल में उसका प्रदर्शन देखिए. वह नंबर-2 गेंदबाज रहा. अगर इस दौर में भी कोई भी इस प्रदर्शन पर उम्र का हवाला देता है, तो यह समझ से परे है. वहीं, भुवनेश्वर कुमार का टेम्प्रामेंट बहुत ही शानदार रहा है. तमाम पेसरों के उलट उसका टेम्प्रामेंट बर्फ की तरह शांत है. शायद ही आपने कभी उसे विकेट लेने पर या बल्लेबाज को कुछ कहते देखा हो. यही टेम्प्रामेंट न केवल उसके बेहतर प्रदर्शन करने बल्कि  उसकी फिर से वापसी करने में बड़ी वजह बना है"

4. लगातार प्रदर्शन पर आखिरी वार!

टीम इंडिया के लिए साल 2022 में आखिरी वनडे खेलने के बाद से भुवी भले ही पूर्व चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर एंड कंपनी वाली चयन समिति के रडार से दूर चले गए, लेकिन कुमार ने बिल्कुल भी हार नहीं मानी. और यहां से आईपीएल के सीजन दर सीजन उनका ग्राफ हर साल उम्र बढ़ने के साथ ऊपर ही होता गया, तो सीम और स्विंग ऐसी कि एक बार को 25-26 साल का पेसर भी ईष्या से भर उठे. आईपीएल के साल 2023 के सीजन में भुवी ने 16 विकेट चटकाए. अगले साल 11 विकेट के साथ उनका प्रदर्शन थोड़ा नीचे जरूर गया, लेकिन इससे अगले साल 17 विकेट लेकर फिर से अपनी सीम और स्विंग को लोहा मनवाया, तो वहीं इस साल के सीजन में कुमार सभी को हैरान करते हुए 28 विकेट लेकर दूसरे सबसे सफल बॉलर बने, तो उन्हें लेकर सभी के सुर बदल गए. 

इस साल IPL के प्रदर्शन पर कोच संजय रस्तोगी ने कहा, 'दरअसल भुवनेश्वर की अच्छी बात यह रही टीम से बाहर होने के बाद उसने गजब का जज्बा दिखाया, वह लगातार अपने ऊपर काम करते रहे. नियमित रूप से मैदान पर भी आते रहे. और इस साल आईपीएल में जो प्रदर्शन भुवनेश्वर ने किया है, उससे भुवी ने सेलेक्टरों को अपनी ओर देखने पर मजबूर किया. वास्तव में भुवनेश्वर ने फिर से टीम में जगह छीनी है"

5. विश्व कप सिर पर तैयार, अनुभव की गहन दरकार!

अब जबकि कुछ दिन पहले बीसीसीआई की  हुई रिव्यू मीटिंग के साथ ही विश्व कप की प्लानिंग की उलटी गिनती शुरू हो गई, तो अगले साल दक्षिण अफ्रीका सहित तीन देशों में होने वाले विश्व कप के लिए टिक किए जाने वाले 'सबसे जरूरी बॉक्सों' में सबसे बड़ा सवाल यही था कि तमाम हालातों के बीच बुमराह (?) से इतर अलग अनुभवी पेसर कौन होगा? कोई युवा तैयार नहीं दिख रहा था, तो पिछले दिनों मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन और गति का उतार-चढ़ाव ने चिंता और बढ़ा दी थी. वहीं दूसरी तरफ इसी साल भुवनेश्वर ने आईपीएल की पाटा पिचों पर प्रदर्शन (28 विकेट) से ही नहीं, बल्कि यह भी दिखाया था कि 36वें साल में भी उनकी स्विंग और सीम कितनी ज्यादा जवान और खूबसूरत है!! और मैसेज यह भी दिया था कि उनकी यह सीम और स्विंग अगले साल विश्व कप की पिचों पर विरोधी टीमों क लिए कितनी ज्यादा खतरनाक और टीम इंडिया के लिए अनिवार्य रूप से जरूरी साबित हो सकती है. और यही वजह रही कि चयन समिति ने परंपरा से उलट एक बार फिर से पीछे की ओर देखते हुए भुवनेश्व कुमार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 टीम  में जगह देने के साथ ही विश्व कप की प्लानिंग में भी जगह दे दी. 

इस पर भुवनेश्वर के दूसरे कोच विपिन वत्स कहते हैं,  'चयन समिति की प्लानिंग तो वही जानते हैं, लेकिन एक बात मैं दावे से कह सकता हूं कि अगले साल विश्व कप में भुवनेश्वर कुमार भारत के लिए बहुत बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. आप खुद देखें कि जो गेंदबाज इस साल भारतीय पिचों पर ऐसी स्विंग और सीम करा रहा है, वह दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे की पिच पर क्या हाल करेगा, इस बारे में सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है.' उम्र के 37वें साल में ऐसी स्विंग और सीम पर विपिन वत्स कहते हैं, 'मैं जो बात अपने करियर में नहीं पकड़ सका, वह सचिन तेंदुलकर ने पकड़ी. इन स्विंग और आउट स्विंग के लिए भुवनेश्वर सिर्फ एक उंगली भर का इस्तेमाल करते हैं. और जहां तक उम्र की बात है, तो यह अलग दौर है. अब खिलाड़ियों की डाइट अलग होती है, ट्रेनिंग अलग होती है. आप विराट कोहली को देखिए. आप तमाम बातें भूल जाइए, आप सिर्फ खिलाड़ी की फिटनेस और उम्र देखिए. और इन दोनों ही मामलों में भुवनेश्वर का कोई जोड़ नहीं है. जो है, सभी के सामने है"


. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhuvneshwar Kumar Singh, India, India Vs New Zealand 2026, Cricket, Board Of Control For Cricket In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com