विज्ञापन

हरमनप्रीत के सामने BCCI ने रखी थी शर्त, ऑफर ठुकराया और छोड़ दी तीनों फॉर्मेट की कप्तानी: रिपोर्ट

बीसीसीआई ने हरमनप्रीत को एक फॉर्मेट में कप्तानी ऑफर की थी. लेकिन हरमन ने यह ऑफर ठुकराकर तीनों फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया.

हरमनप्रीत के सामने BCCI ने रखी थी शर्त, ऑफर ठुकराया और छोड़ दी तीनों फॉर्मेट की कप्तानी: रिपोर्ट
बीसीसीआई ने हरमनप्रीत को एक फॉर्मेट में कप्तानी का ऑफर दिया था

हरमनप्रीत कौर ने एक दशक तक भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगुवाई करने के बाद मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हरमन की अगुवाई में बीते दिनों ही भारत ने एशियाड में महिला क्रिकेट इवेंट का गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. हालांकि, बीते कुछ समय से कप्तानी में बदलाव को लेकर बातचीत हो रही थी. लेकिन किसी को भी यह फैसला अचानक होने की उम्मीद नहीं थी. वहीं एक रिपोर्ट में दावा है कि पूर्व कप्तान ने यह फैसला गुवाहाटी में बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के बाद लिया गया, जिसमें हरमनप्रीत, उप-कप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार शामिल हुए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, हरमनप्रीत को किसी एक फॉर्मेट, खासकर वनडे में कप्तान बने रहने का प्रस्ताव दिया गया था. हालांकि, 37 वर्षीय खिलाड़ी ने शायद इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और कुछ घंटों बाद ही सभी फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी.

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को गुवाहाटी में बुलाई गई बोर्ड की समीक्षा बैठक बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की अध्यक्षता में हुई थी. बैठक का एजेंडा कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत के भविष्य और कोच अमोल मजूमदार के भविष्य पर केंद्रित था. 

रिपोर्ट के अनुसार, हरमनप्रीत को एक टीम की कप्तानी अपने पास रखने का विकल्प दिया गया था, खासकर 50-ओवर वाले फॉर्मेट में. चूंकि महिला क्रिकेट में बहुत ज्यादा टेस्ट मैच नहीं होते हैं, इसलिए वह कुछ और समय तक वनडे टीम की कप्तान बनी रह सकती थीं और टी20 की कप्तानी छोड़ सकती थीं. लेकिन उन्होंने दोनों ही कप्तानियां छोड़ने का फ़ैसला किया.

हरमनप्रीत को हटाने की मांग इस साल की शुरुआत में हुए महिला टी20 विश्व कप के बाद शुरू हुई थी, जिसमें भारत नॉकआउट चरण के लिए क्वालिफ़ाई करने में नाकाम रहा था. लेकिन इसके बाद टीम ने दो लगातार खिताब जीतकर वापसी की - पहले UAE में महिला एशिया कप और उसके तुरंत बाद जापान में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता. लेकिन इससे उनकी किस्मत बदलने वाली नहीं थी.

रिपोर्ट में दावा है कि बीसीसीआई की नजरें, मंधाना को केंद्र में रखकर भविष्य के लिए टीम बनाना है. मंधाना लंबे समय से हरमनप्रीत की डिप्टी रही हैं और उन्हें अगले वर्ल्ड कप और उससे भी जरूरी LA ओलंपिक खेलों के लिए तैयार किया जा रहा है. महिलाओं का टी20 वर्ल्ड कप 2028 में होना है. नए कप्तान के नाम का औपचारिक ऐलान तब होने की उम्मीद है जब चयनकर्ता ज़िम्बाब्वे सीरीज़ के लिए टीम चुनने के लिए बैठक करेंगे.

पिछले महीने मुंबई में BCCI हेडक्वार्टर में हुई पुरुषों की टीम की समीक्षा बैठक में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर मौजूद नहीं थे. उसी तरह, इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि महिलाओं की मुख्य चयनकर्ता अमिता शर्मा गुवाहाटी में हुई बैठक में शामिल हुईं या नहीं. हालांकि, अगरकर के मामले के उलट, यहां कोई विवाद नहीं है.

अमिता शर्मा की अगुवाई में महिला चयनकर्ताओं की जल्द ही बैठक होने की उम्मीद है और 24 घंटे के भीतर मंधाना को कप्तान बनाने का ऐलान हो सकता है. माना जा रहा है कि बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए टीम चुनने के लिए चयनकर्ताओं को गुवाहाटी बुलाया है.

इस सीरीज़ को ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि यह पहला मौका होगा जब ज़िम्बाब्वे की महिला टीम द्विपक्षीय सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी. अफ्रीकी टीम भारत के अपने दो हफ़्ते लंबे दौरे के दौरान तीन वनडे और इतने ही T20 मैच खेलेगी. दौरे का वनडे हिस्सा ICC महिला चैंपियनशिप 2025-29 का हिस्सा होगा. जिम्बाब्वे की टीम पहले T20 मैच खेलेगी – सभी रायपुर में 16, 18 और 20 अक्टूबर को – और उसके बाद बड़ौदा में 23, 26 और 28 अक्टूबर को तीन वनडे मैच खेलेगी.

यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर की कप्तानी और भविष्य को लेकर वीवीएस लक्ष्मण के बयान ने फैंस को किया गदगद

यह भी पढ़ें: 2036 ओलंपिक होस्ट करने पर भारत की नजरें, IOC ने किया कंफर्म, मेजबानी की रेस में इन देनों से टक्कर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Harmanpreet Kaur Bhullar, India Women, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com