विज्ञापन

'साहिल के साथ गलत हुआ, वह सुसाइड नहीं कर सकता', IIT बॉम्बे के छात्र की दादी बोलीं

आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत पर उसकी दादी श्यामलता तायड़े ने कहा- हमारा बच्‍चा सुसाइड नहीं कर सकता, उसके साथ गलत हुआ है. वह बहुत होनहार था. परिवार ने सीबीआई से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

'साहिल के साथ गलत हुआ, वह सुसाइड नहीं कर सकता', IIT बॉम्बे के छात्र की दादी बोलीं
आईआईटी बॉम्बे में छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग.

IIT बॉम्बे में 22 साल के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत का मामला लगातार चर्चा में हैं. घटना के बाद संस्‍थान पर जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप परिवार की ओर से लगाए जा रहे हैं. मृतक साहिल के साथी छात्र भड़के हुए हैं और परिवार भी साहिल की सुसाइड वाली बात पर भरोसा नहीं कर पा रहा है. NDTV से बातचीत में साहिल वाकोड़े की दादी ने कहा कि हमारा बच्‍चा सुसाइड नहीं कर सकता, उसके साथ कुछ गलत हुआ है. परिवार पूरे मामले की सीबीआई जांच चाहता है. 

दादी बोलीं- वह कुछ गलत नहीं कर सकता 

दादी श्यामलता तायड़े ने NDTV से कहा- देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक IIT बॉम्बे में प्रवेश पाने के लिए कड़ी मेहनत करने वाला साहिल आत्महत्या नहीं कर सकता, इस बात पर हम भरोसा नहीं कर पा रहे हैं. वह पढ़ने-लिखने वाला बच्‍चा था, बहुत होनहार था. वह पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को अपना आदर्श मानता था. स्‍कूल के दिनों से ही वह प‍ढ़ाई में बहुत होशियार था. हर क्‍लास में फर्स्‍ट आता था. हमारा बच्चा आत्महत्या नहीं कर सकता, वह कुछ गलत नहीं कर सकता. उसने आईआईटी में दाखिला पाने के लिए बहुत मेहनत की थी. 

'उसकी पढ़ाई अच्‍छी चल रही थी' 

साहिल की दादी ने बताया क‍ि IIT बॉम्बे में प्रवेश लेने के बाद से वह बहुत मेहनत कर रहा था, उसकी पढ़ाई अच्‍छी चल रही थी. कॉलेज जाने से पहले वह आशीर्वाद लेने मेरे पास आया था. तब उसने कहा था कि वह वापस आकर गांव में बच्चों का मार्गदर्शन करेगा. गांव के बच्चे उसे अपना आदर्श मानकर पढ़ाई करते थे, वह चाहता था कि सभी बच्चे आगे जाएं, आईआईटी और देश के बड़े कॉलेजों में पढ़कर आगे बढ़ें. 

'जिम्‍मेदार लोगों को सख्‍त सजा मिले'

साहिल की मौत के बाद से बलिख रहीं दादी श्यामलता तायड़े ने कहा- हमारे बच्चे के साथ अन्याय किया गया है. वह और उसकी पढ़ाई पूरे परिवार के लिए उम्मीद थी, लेकिन अब वो नहीं रहा. उसे न्याय मिलना चाहिए. हमारी मांग है क‍ि मामले की सीबीआई जांच की जाए, उसकी मौत के जिम्‍मेदार लोगों को सख्त से सख्त सजा मिले.

क्‍या है पूरा मामला?

बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र साहिल 18 स‍ितंबर को आईआईटी बॉम्बे परिसर के हॉस्टल नंबर 4 में अपने कमरे में फंदे से लटका मिला था. साहिल पर कथित तौर पर परीक्षा के दौरान चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने का आरोप आईआईटी बॉम्बे के प्रबंधन ने लगाया था. वहीं, परिवार का आरोप है कि मौत से पहले साहिल को संस्थागत उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा था. उसके साथी छात्रों का भी दावा है क‍ि साहिल दबाव में था, उसे निलंबित करने की धमकियां दी जा रहीं थी. परिवार की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. मामले में एक प्रोफेसर को आरोपी बनाया गया है.

ये खबरें भी पढ़ें...

IIT बॉम्बे के डायरेक्टर ने नहीं दिया इस्तीफा, संस्थान ने तमाम खबरों को किया खारिज

IIT बॉम्बे सुसाइड केस: छात्रों ने 18 मांगों पर डायरेक्टर से करवाया साइन, प्रोफेसर दूल्ला के इस्तीफे की मांग

IIT बॉम्बे ने मांगी माफी, साहिल की मौत मामले में अपने पहले बयान को बताया गलत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IIT Bombay Student Death, IIT Bombay, Sahil Wakode IIT Bombay Case, Mumbai Crime, Mumbai Crime News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com