यूपी का सबसे अमीर जिला नोएडा का अपना कोई बड़ा रेलवे स्टेशन नहीं है, गौतम बुद्ध नगर के यात्रियों को रेलयात्रा के लिए दिल्ली या गाजियाबाद से आवाजाही करनी पड़ती है, लेकिन जल्द ही तस्वीर बदलने वाली है. ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी स्टेशन (Bodaki) मल्टी कॉम्प्लेक्स रेलवे टर्मिनल के तौर पर विकसित किया जा रहा है.इस रेलवे स्टेशन को नमो भारत रैपिड रेल नेटवर्क से भी पूरी तरह जोड़ा जाएगा.इसे ग्रेटर नोएडा टर्मिनल भी कहा गया है, जो दिल्ली-एनसीआर का सबसे आधुनिक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब होगा.
ग्रेटर नोएडा टर्मिनल का बोड़ाकी स्टेशन
ग्रेटर नोएडा में दादरी के पास बोड़ाकी गांव में मौजूदा रेलवे हॉल्ट के पास ये विकसित हो रहा है. ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी से ये महज 3 किमी दूरी पर है. पूरा प्रोजेक्ट 176 से 400 एकड़ के मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब परिसर में फैला है. इसमें अकेले रेलवे स्टेशन के लिए 46 हेक्टेयर से अधिक भूमि तय की गई है. इसे स्पेशल रेलवे प्रोजेक्ट का दर्जा देकर भूमि अधिग्रहण और अन्य कार्यवाही तेज की गई है. बोड़ाकी रेलवे स्टेशन की डीपीआर और एनसीआर मास्टर प्लान के अनुसार निर्माण कार्य 3 साल में पूरा होगा.
बोड़ाकी रेलवे स्टेशन नई दिल्ली जैसा
बोड़ाकी रेलवे स्टेशन में 12 प्लेटफॉर्म और 63 यार्ड, लूप लाइनें होंगी. ये नई दिल्ली या आनंद विहार टर्मिनल जैसा बड़ा रेलवे स्टेशन होगा. इस टर्मिनल से रोजाना 100 से अधिक ट्रेनों जैसे वंदे भारत, राजधानी और अन्य बड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन और रखरखाव होगा.दो मंजिला रेलवे स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर रेलवे ऑपरेशन होगा. ऊपरी मंजिलों पर होटल, फूड चेन और कमर्शियल कांप्लेक्स होंगे.

Bodaki Multi Complex Railway Terminal Greater Noida Railway Station
दिल्ली-हावड़ा रूट से कनेक्टिविटी
नोएडा का रेलवे स्टेशन दिल्ली–हावड़ा मेन ट्रंक रेल लाइन पर है. इससे दिल्ली आनंद विहार, पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर भीड़ कम होगी. नोएडा से पूर्वी उत्तर प्रदेश यानी पूर्वांचल और अवध में कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर जाना आसान होगा. बिहार की राजधानी पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा आवाजाही आसान होगी. झारखंड और पश्चिम बंगाल के धनबाद, रांची, आसनसोल, हावड़ा, कोलकाता भी रेल यात्रा पर दबाव कम होगा. असम में गुवाहाटी और अन्य पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनें यहां से चल सकती हैं.
बोड़ाकी की मेट्रो कनेक्टिविटी
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन को ग्रेटर नोएडा के मौजूदा डिपो स्टेशन से बोड़ाकी टर्मिनल तक कनेक्टिविटी के लिए 2.6 किलोमीटर का मेट्रो रूट बन रहा है. इसमें जनपद और बोड़ाकी मेट्रो स्टेशन होंगे. जेवर के नोएडा एयरपोर्ट को भी बोड़ाकी टर्मिनल से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो से कनेक्ट करने की तैयारी है.

रोड और बस कनेक्टिविटी
बोड़ाकी स्टेशन 105 मीटर और 60 मीटर चौड़ी रोड के जरिये ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, NH-34 पुराना NH-91, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से भी इसकी रोड कनेक्टिविटी होगी.अंतरराज्यीय बस अड्डा (ISBT) में 12.5 एकड़ का एक नया बस अड्डा बनेगा. लोकल बस टर्मिनल के जरिये ट्रेन से उतरते ही यात्री सीधे बस या मेट्रो पकड़ सकेंगे.
ये भी पढ़ें - गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर: रैपिड रेल से 50 मिनट में नोएडा एयरपोर्ट, 70 मिनट में दिल्ली, NCR के 4 शहरों को कनेक्टिविटी
नमो भारत से कनेक्टिविटी
गाजियाबाद जेवर नमो भारत कॉरिडोर के जरिये नोएडा एयरपोर्ट से बोड़ाकी को कनेक्टिविटी मिल सकती है.72 किमी लंबे नए रैपिड रेल कॉरिडोर से ये गेमचेंजर साबित होगी.नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की डीपीआर के अनुसार, गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा रैपिड रेल होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक जाएगी. नमो भारत ट्रेन बोड़ाकी को सीधे दिल्ली-मेरठ RRTS कॉरिडोर से भी जोड़ देगी.इससे यात्री मेरठ या दिल्ली से सीधे रैपिड रेल पकड़कर बोड़ाकी तक पहुंचेंगे.
ये भी पढ़ें - नोएडा में 2 नए मेट्रो कॉरिडोर की मंजूरी, बोड़ाकी, जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी, ग्रेटर नोएडा से दिल्ली का सफर आसान
बोड़ाकी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाला नमो भारत रूट
1. गाजियाबाद (दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर से कनेक्ट)
2. ग्रेटर नोएडा वेस्ट (सेक्टर-4 और सेक्टर-2)
3. नॉलेज पार्क-V
4. सूरजपुर
5. परी चौक
6. इकोटेक-VI (कासना)
7. बोड़ाकी
8. दनकौर
9. YEIDA सेक्टर-18 व सेक्टर-21
10. नोएडा एयरपोर्ट (जेवर)
ये भी पढ़ें - ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो पर गुड न्यूज, दिल्ली आवाजाही होगी आसान, जानें सेक्टर 51 से कहां-कहां स्टेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं