विज्ञापन

IIT बॉम्बे ने मांगी माफी, साहिल की मौत मामले में अपने पहले बयान को बताया गलत

IIT Bombay Apologises Sahil Wakode: आईआईटी बॉम्बे के छात्र ने खुदकुशी कर ली थी, जिसके बाद संस्थान की तरफ से एक बयान जारी किया गया था, जिसे लेकर अब माफी मांगी गई है.

IIT बॉम्बे ने मांगी माफी, साहिल की मौत मामले में अपने पहले बयान को बताया गलत
IIT बॉम्बे ने मांगी माफी

IIT बॉम्बे में छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में अब संस्थान की तरफ से पिछले बयान को लेकर माफी मांगी गई है. आईआईटी बॉम्बे ने कहा है कि फिलहाल इस पूरे मामले की जांच चल रही है और जब तक जांच पूरी नहीं होती है, उस घटनाक्रम पर कोई भी टिप्पणी नहीं की जा सकती है. इससे पहले संस्थान की तरफ से एक बयान जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी गई थी. इसमें बताया गया था कि छात्र को एग्जाम के दौरान चीटिंग करते हुए पकड़ा गया था और उसके बाद उसे ये भी बताया गया था कि उसके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जाएगा. 

IIT बॉम्बे का ताजा बयान

IIT बॉम्बे की तरफ से अब जारी बयान में कहा गया है कि "हम साहिल की दुखद मौत से जुड़ी परिस्थितियों पर दिए गए अपने पिछले बयान के लिए माफी मांगते हैं. इस घटना की पूरी सच्चाई और वजहों की जांच अभी संबंधित अधिकारी कर रहे हैं. जब तक आधिकारिक जांच में सच सामने नहीं आ जाता, उससे पहले घटनाक्रम की जानकारी देना या उस पर कोई टिप्पणी करना हमारी तरफ से गलत था."

इस माफीनामे के साथ ही आईआईटी बॉम्बे की तरफ से ये भी बताया गया है कि संस्थान के डायरेक्टर ने इस्तीफा नहीं दिया है. ऐसी सभी खबरें पूरी तरह से भ्रामक और फर्जी हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

इससे पहले क्या कहा था?

आईआईटी बॉम्बे की तरफ से इससे पहले विस्तृत बयान जारी किया गया था, जिसमें बताया गया था कि छात्र की मौत से पहले क्या हुआ. इस बयान में लिखा था, "कल शाम एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के सेकेंड ईयर के छात्र की मौत खुदकुशी के चलते हुई. इससे एक दिन पहले एग्जाम के दौरान छात्र को मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. छात्र ने जवाब जानने के लिए क्वेश्चन पेपर को चैट जीपीटी पर अपलोड किया था. हालांकि इसके बाद छात्र के खिलाफ कोई भी एक्शन नहीं लिया गया. इंस्ट्रक्टर की तरफ से छात्र के साथ इस बारे में बातचीत भी की गई. फैकल्टी एडवाइजर और एचओडी की तरफ से छात्र की काउंसिलिंग की गई और बताया गया कि इस घटना से उसके एकेडमिक करियर पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया और शाम को उसे कमरे में मृत पाया गया."

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस कर रही है मामले की जांच

छात्र की मौत के बाद से ही आईआईटी बॉम्बे में प्रदर्शन चल रहा है. छात्र इंसाफ की मांग कर रहे हैं और कई तरह के गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं. इसी बीच पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया और जांच जारी है. इसी बीच आईआईटी बॉम्बे ने अपने उस प्रोफेसर को भी सस्पेंड कर दिया है, जिसने छात्र की शिकायत की थी. 

ये भी पढ़ें - 'परीक्षा तय नहीं करती आप क्या बनोगे', छात्रों को IIT खड़गपुर डायरेक्टर की बात सुननी चाहिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sahil Wakode Case, Sahil Wakode IIT Bombay Case, IIT Bombay Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com