विज्ञापन

दिनभर की 10 बड़ी खबरें: फडणवीस बनाम राहुल, रोनाल्डो रिटायर और 5 ट्रिलियन डॉलर का हुआ मार्केट

नागपुर में NDA की पदयात्रा, राहुल गांधी पर फडणवीस का हमला, रोनाल्डो का अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास, शेयर बाजार का 5 ट्रिलियन डॉलर क्लब में प्रवेश, यूरोप में फ्लाइट्स को बम धमकी और टाटा कारों पर साइबर अलर्ट समेत पढ़ें 5 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें.

दिनभर की 10 बड़ी खबरें: फडणवीस बनाम राहुल, रोनाल्डो रिटायर और 5 ट्रिलियन डॉलर का हुआ मार्केट

नागपुर में फडणवीस- गडकरी का शक्ति प्रदर्शन, कहा- राहुल आप 100 आएंगे तो हम 1 लाख आएंगे

 नागपुर में NDA की महा पदयात्रा के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. फडणवीस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ झूठा नैरेटिव गढ़ रहे हैं तथा देश में अति-वामपंथी सोच को बढ़ावा देना चाहते हैं. उन्होंने राहुल गांधी के हाथ में दिखने वाले "लाल संविधान" का जिक्र करते हुए कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर का असली संविधान नीले रंग का है और भाजपा रहते संविधान के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी.

बोर्ड टॉपर्स को CM विजय का खास तोहफा,छात्रों को पहनाया गोल्ड नेकलेस, वीडियो वायरल

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करते नजर आ रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्रों को सोने के नेकलेस (गोल्ड नेकलेस) भेंट किए और उनकी उपलब्धियों की सराहना की. इस अनोखे सम्मान समारोह का वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है. समर्थक इसे शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली पहल बता रहे हैं, जबकि कई लोग मुख्यमंत्री के इस अनूठे अंदाज पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. छात्रों को सम्मानित करने का यह कार्यक्रम तमिलनाडु में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.

शराबबंदी पर सम्राट सरकार में घमासान, अफसरों से विवाद के बाद मंत्री पहुंचे मुख्यमंत्री के दरबार में

बिहार में शराबबंदी को लेकर सरकार के भीतर ही मतभेद सामने आ गए हैं. उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी ने शराब कंपनियों को भेजे गए नोटिस वापस लेने के विभागीय फैसले पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिकायत की है. मंत्री का कहना है कि जब बिहार में किसी कंपनी की शराब पकड़ी जाती है तो सिर्फ तस्करों पर नहीं, बल्कि संबंधित कंपनियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. वहीं अधिकारियों का तर्क है कि कंपनियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई कानूनी रूप से टिक नहीं पाएगी.
खबर विस्तार से पढ़ें: शराबबंदी पर बिहार सरकार में टकराव! मंत्री मदन सहनी ने CM से की शिकायत, क्या सम्राट सरकार करेगी समीक्षा?

काजू कतली पर चांदी नहीं एल्युमिनियम?  तुकाराम मुढें के खुलासे से मचा हड़कंप 

मुंबई में FDA ने मिठाइयों पर लगाए जाने वाले चांदी के वर्क को लेकर बड़ा खुलासा किया है. आरोप है कि कुछ दुकानदार असली चांदी की जगह एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल कर रहे हैं और उसे सिल्वर वर्क बताकर बेच रहे हैं. FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे के अनुसार यह मिलावट स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है. जांच के दौरान गोल्ड वर्क वाली मिठाइयां भी रडार पर आई हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं सोने के नाम पर नकली सामग्री तो नहीं बेची जा रही. 

6 नवंबर का मौसम: कहां होगी बारिश, कहां बढ़ेगा प्रदूषण; जानें IMD अपडेट 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 6 नवंबर को केरल, तमिलनाडु और ओडिशा के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि तटीय क्षेत्रों में मौसम पर विशेष नजर रखी जा रही है. वहीं दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई शहरों में वायु गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है. बारिश की कमी और मौसम की मौजूदा परिस्थितियों के कारण AQI खराब से बेहद खराब श्रेणी में रह सकता है. मौसम विभाग और प्रदूषण निगरानी एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
खबर विस्तार से पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में बढ़ेगी ठंड, पहाड़ों पर बर्फबारी, केरल-तमिलनाडु समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट

यूरोप में एक साथ कई फ्लाइट्स को बम की धमकी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग 

यूरोप में कई यात्री विमानों को एक साथ बम की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया. सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मिलने के बाद कई फ्लाइट्स की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जबकि कुछ विमानों का रूट बदलकर दूसरे एयरपोर्ट्स पर उतारा गया. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक जांच अभियान चलाया गया.अधिकारियों के मुताबिक, धमकियों के बाद एयरपोर्ट्स और विमानों की गहन तलाशी ली गई. घटनाओं ने यूरोप के विमानन सुरक्षा तंत्र को हाई अलर्ट पर ला दिया है. फिलहाल जांच एजेंसियां धमकियों की प्रकृति, स्रोत और उनकी विश्वसनीयता का पता लगाने में जुटी हैं.
Kyj विस्तार से पढ़ें: यूरोप के कई देशों में फ्लाइट्स को मिली बम की धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग से मचा अफरा-तफरी, अब क्या हैं हालात?

टाटा की कनेक्टेड कारों पर साइबर खतरा ! चेतावनी- हैकर्स बना सकते हैं निशाना

भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Tata Motors की iRA (Intelligent Real-time Assist) कनेक्टेड कार तकनीक में गंभीर सुरक्षा कमजोरियों को लेकर चेतावनी जारी की है. एजेंसी के अनुसार, इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर हमलावर कुछ डिजिटल फीचर्स तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर सकते हैं और यूजर डेटा या कनेक्टेड सेवाओं को प्रभावित कर सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला हाई-सीवियरिटी कैटेगरी का है, इसलिए प्रभावित वाहनों के मालिकों को कंपनी द्वारा जारी किए जाने वाले सुरक्षा अपडेट और पैच तुरंत इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है. मामला सामने आने के बाद कनेक्टेड कारों की साइबर सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
खबर विस्तार से पढ़ें: Tata की कारों पर बड़ा खतरा! सरकारी एजेंसी का अलर्ट, फटाफट कर लें ये काम

5 ट्रिलियन का हुआ भारतीय शेयर बाजार, 6 दिन से मार्केट में दिवाली  

भारतीय शेयर बाजार ने नया इतिहास रचते हुए एक बड़ा मील का पत्थर हासिल किया है. सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार तेजी के बीच BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 5 ट्रिलियन डॉलर के स्तर को पार कर गया. हालिया कारोबारी सत्रों में बाजार में आई जोरदार तेजी से निवेशकों की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी हुई है. विशेषज्ञों के मुताबिक मजबूत आर्थिक संकेतकों, निवेशकों के भरोसे और बाजार में बढ़ती खरीदारी ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई है. लगातार कई दिनों की रैली ने भारतीय पूंजी बाजार की मजबूती को दर्शाया है और भारत को दुनिया के प्रमुख इक्विटी बाजारों में और मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है.

फुटबॉल के 'रिकॉर्ड मशीन' रोनाल्डो ने लिया संन्यास, अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने में भी रहे सबसे आगे

फुटबॉल के महान खिलाड़ी Cristiano Ronaldo ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है. Portugal के लिए 234 मैच खेलने वाले रोनाल्डो ने अपने करियर में 146 अंतरराष्ट्रीय गोल दागे और कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किए. करीब दो दशक से ज्यादा समय तक राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले रोनाल्डो को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिना जाता है. उनके संन्यास के साथ Portugal फुटबॉल के एक स्वर्णिम युग का अंत माना जा रहा है. रोनाल्डो ने अपने करियर में टीम को कई यादगार जीत दिलाईं और दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों के लिए प्रेरणा बने रहे.
खबर विस्तार से पढ़ें: मुझे तकलीफें झेलनी पड़ीं... रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, जारी किया भावुक VIDEO

दिल्ली में नहीं होगा इंडिया वर्सेस श्रीलंका पहला वनडे, BCCI ने बदला वेन्यू

भारत और श्रीलंका के बीच दिल्ली में होने वाले पहले वनडे के वेन्यू में बदलाव हुआ है. अब ये मुकाबला दिल्ली के बजाए विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को वेन्यू में हुए बदलाव की जानकारी दी. दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ ने संभावित खराब मौसम (धुंध) और स्टेडियम में प्रस्तावित रिनोवेशन के कार्य को देखते हुए वेन्यू बदलने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है. यह मुकाबला अब 13 दिसंबर 2026 को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Top 10 News Of 24 Hours, Devendra Fadnavis, Cristiano Ronaldo
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com