विज्ञापन

'किसी और से शादी की तो मार दूंगा', युवती को होटल में रातभर बंधक बना कर रखा, भागी तो बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा

मेरठ के आबूलेन बाजार स्थित एक होटल में युवती को कथित तौर पर बंधक बनाकर रखने, दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. होटल से भागने पर आरोपी द्वारा सड़क पर पकड़कर वापस ले जाने का वीडियो वायरल हो गया है.

'किसी और से शादी की तो मार दूंगा', युवती को होटल में रातभर बंधक बना कर रखा, भागी तो बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा
मेरठ के बीच बाजार में युवती को बाल पकड़कर घसीटा, VIDEO वायरल
NDTV
  • Meerut Hotel Case: शादी तय होने पर युवती को होटल में बंधक बनाया, सड़क पर घसीटा; दुष्कर्म का आरोप
  • बीच बाजार में युवती को बाल पकड़कर घसीटा, आबूलेन बाजार में दिनदहाड़े ड्रामा
  • SSP ने शुरू कराई जांच, थाना पुलिस और CO की भूमिका भी जांच के दायरे में
मेरठ:

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के व्यस्त आबूलेन बाजार में एक युवती के साथ कथित तौर पर हुई मारपीट और बंधक बनाए जाने की घटना ने सनसनी फैला दी है. आरोप है कि सलमान नामक युवक ने युवती को काम के बहाने बुलाकर होटल में रातभर बंधक बनाकर रखा, दुष्कर्म किया और किसी अन्य व्यक्ति से शादी करने पर जान से मारने की धमकी दी. मंगलवार को युवती होटल से भागकर बाहर निकली तो आरोपी उसके पीछे दौड़ा और कथित रूप से बाल पकड़कर उसे जबरन वापस ले जाने की कोशिश की.

होटल से भागी युवती, बाजार में मचा हड़कंप

घटना मेरठ के आबूलेन बाजार स्थित होटल स्क्वायर की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार दोपहर एक युवती मदद के लिए चिल्लाते हुए होटल से बाहर निकली. आरोप है कि उसके पीछे सलमान नाम का युवक भी दौड़ता हुआ आया और उसने युवती को पकड़ लिया. बताया गया कि युवक ने युवती के बाल पकड़कर उसे सड़क पर गिराया और वापस होटल ले जाने की कोशिश की. बाद में राहगीरों के हस्तक्षेप से युवती को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया गया.

पुलिस के अनुसार युवक और युवती की पहचान करीब एक वर्ष पहले एक निजी कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी. आरोप है कि युवती की शादी तय हो जाने के बाद उसने आरोपी से संपर्क कम कर दिया था. इसके बाद युवक ने कथित तौर पर काम का बहाना बनाकर उसे बुलाया और होटल पहुंचने पर कमरे में बंधक बना लिया.

पीड़िता का आरोप है कि उसे रातभर होटल में रोकर रखा गया और चाकू दिखाकर धमकाया गया. कहा गया कि यदि उसने किसी और से शादी की तो उसे जान से मार दिया जाएगा. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि पीड़िता ने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.

होटल में बिना आईडी ठहरे, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी को बिना पहचान पत्र (ID) के होटल में कमरा मिलने की बात भी सामने आई है. इस पहलू की भी जांच की जा रही है. बताया गया कि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया था. मेरठ पुलिस ने कहा है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है. SSP ने पूरे मामले की जांच के लिए थाना पुलिस और संबंधित क्षेत्राधिकारी (CO) की भूमिका की भी जांच शुरू कराई है.

भीम आर्मी ने सरकार पर उठाए सवाल

इस घटना को लेकर विभिन्न संगठनों और नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मेरठ के आबूलेन जैसे व्यस्त बाजार में एक युवती का मदद के लिए चीखना, इसके बावजूद उसके साथ सरेराह मारपीट करना और सरेआम जबरन उठाकर होटल में ले जाना बेहद शर्मनाक, दुस्साहसिक और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना है. मुख्यमंत्री याोगी आदित्यनाथ जी, सार्वजनिक स्थानों पर भी महिलाओं का सुरक्षित न होना प्रदेश में महिला सुरक्षा के दावों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है. यूपी सरकार से मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. पीड़िता को न्याय और सुरक्षा मिलना सुनिश्चित हो.

यह भी पढ़ें : मेरठ में बचाओ-बचाओ' चिल्लाती होटल से बाहर भागी युवती, बाल पकड़कर खींचने लगा युवक; भीड़ जुटी तो छत से भागा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Meerut, Woman Held Captive In Hotel, Viral Video, Uttar Pradesh Crime, Women Safety
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com