विज्ञापन

दोपहर की 10 बड़ी खबरें: सपा-कांग्रेस गठबंधन में सब ठीक नहीं ! राहुल को राहत और वैभव के सामने झुके ब्रांड्स

UP Election 2027 में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सवाल, राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, 6 साल बाद BJP-SAD गठबंधन, केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट, उमर खालिद-शरजील इमाम केस समेत पढ़ें दोपहर की 10 बड़ी खबरें

दोपहर की 10 बड़ी खबरें: सपा-कांग्रेस गठबंधन में सब ठीक नहीं ! राहुल को राहत और वैभव के सामने झुके ब्रांड्स

यूपी में कांग्रेस और सपा का गठबंधन खतरे में? राजेंद्र पाल गौतम बोले- हमें मिलनी चाहिए 100 से ज्यादा सीटें

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने एनडीटीवी को दिए एक विस्फोटक इंटरव्यू में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सपा द्वारा उम्मीदवारों के एकतरफा एलान को गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया और अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को किसी की नसीहत की जरूरत नहीं है. राजेंद्र पाल ने नाराज सांसद इमरान मसूद का खुलकर समर्थन किया और साथ ही मायावती व चंद्रशेखर आजाद की तारीफ करते हुए उनके साथ भविष्य के विकल्पों से इनकार नहीं किया. उन्होंने सीट बंटवारे पर कहा कि चर्चा अभी चल रही है और कांग्रेस को 100 से ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए.

'जन-मन का मैनिफेस्टो' कल जारी करेगी सपा, 2027 चुनाव के लिए PDA पर बड़ा दांव

समाजवादी पार्टी संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी करेगी. इसे 'जन-मन का मैनिफेस्टो' नाम दिया गया है, जबकि 'सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' इसका चुनावी नारा होगा. पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार हो रहे इस दस्तावेज में महिला, युवा और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग पर खास फोकस रहेगा. सपा संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा को अभियान का मुख्य आधार बनाते हुए रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े वादे पेश करेगी.

यूपी चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल. 10 IPS और 18 एडिशनल एसपी समेत 28 अफसरों के तबादले

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 आईपीएस अधिकारियों और 18 अपर पुलिस अधीक्षकों समेत कुल 28 पुलिस अफसरों के तबादले कर दिए हैं. इस सूची के तहत लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर और वाराणसी जैसी महत्वपूर्ण कमिश्नरेट में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. तबादलों के तहत पुनीत द्विवेदी को लखनऊ और शैव्या गोयल को गाजियाबाद कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि किरण यादव को लखनऊ कमिश्नरेट से हटाकर दूसरी जगह तैनात किया गया है.
खबर विस्तार से पढ़ें: यूपी में 10 IPS अफसरों का ट्रांसफर, लखनऊ, मथुरा,अलीगढ़ और मुरादाबाद समेत इन जिलों के पुलिस अधिकारियों के तबादले की पूरी लिस्ट 

6 साल का अलगाव खत्म, लेकिन क्यों ? बीजेपी और अकाली दल गठबंधन के पीछे छिपा है 58 सीटों वाला गणित

पंजाब में छह साल बाद बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन हो गया है. सुखबीर सिंह बादल ने इस पुनर्मिलन को पुराना और भावनात्मक रिश्ता बताया है. लेकिन आंकड़े गवाही देते हैं कि यह फैसला सिर्फ भावनाओं में बहकर नहीं बल्कि मजबूत चुनावी गणित को देखकर लिया गया है. अलग-अलग चुनाव लड़कर दोनों दल महज 32 सीटों पर सिमट गए थे, जबकि मिलकर चुनाव लड़ने और वोट ट्रांसफर होने पर यह आंकड़ा सीधे 58 सीटों तक पहुंच जाता है जो बहुमत के बेहद करीब है.
खबर विस्तार से पढ़ें: अलग हुए तो 32 सीटें, साथ आए तो 58 ! बीजेपी और अकाली दल गठबंधन के पीछे की इनसाइड स्टोरी ये है

आय से अधिक संपत्ति मामले में राहुल गांधी को बड़ी राहत, SC ने HC के आदेश किए निरस्त

आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उन अंतरिम आदेशों को रद्द कर दिया है, जिनमें CBI और ED को शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और सत्यापन करने का निर्देश दिया गया था.मुख्य न्यायाधीश की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि मामले के गुण-दोष पर कोई टिप्पणी नहीं की जा रही है, क्योंकि इससे आगे की सुनवाई प्रभावित हो सकती है. अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि अपीलकर्ता को कुछ पक्षों को मामले में शामिल करना चाहिए था.सुप्रीम कोर्ट ने 6 मई, 12 मई और 20 जुलाई 2026 को पारित सभी अंतरिम आदेशों को निरस्त करते हुए मामला फिर से विचार के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट को भेज दिया है.

सोनप्रयाग से केदारनाथ तक बनेगा दुनिया का सबसे लंबा 13 किमी रोपवे, 5000 करोड़ आएगी लागत

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने केदारनाथ धाम के लिए 5000 करोड़ रुपये के भव्य रोपवे प्रोजेक्ट का खाका पेश किया है, जो पीपीपी के बीओटी मॉडल पर बनेगा. करीब 11500 फीट की ऊंचाई पर बनने वाला यह 13 किलोमीटर लंबा रोपवे दुनिया के सबसे ऊंचे और लंबे रोपवे में से एक होगा. इसके बनने से सोनप्रयाग या गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की 16 किलोमीटर की दुर्गम चढ़ाई वाली यात्रा, जिसमें अभी 8 से 9 घंटे का समय लगता है, वह महज 36 मिनट में पूरी हो जाएगी. इससे रोजाना लगभग 18 हजार श्रद्धालु सफर कर सकेंगे और सरकार को सालाना 800 करोड़ रुपये की आय होगी.
खबर विस्तार से पढ़ें:  केदारनाथ में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रोपवे, गौरीकुंड से 16 KM का सफर सिर्फ 36 मिनट में होगा, 9 घंटे की लंबी चढ़ाई खत्म

उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, सुप्रीम कोर्ट का दिल्ली पुलिस को नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने साल 2020 के दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश से जुड़े मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की अंतरिम जमानत याचिका पर कोई भी राहत देने से फिलहाल इनकार कर दिया है. कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर उनका पक्ष सुनने की बात कही है. इसके साथ ही चीफ जस्टिस सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस बड़े कानूनी सवाल को तीन जजों की बड़ी बेंच के पास भेज दिया है कि क्या यूएपीए (UAPA) के तहत मुकदमे में देरी होना आरोपी को जमानत देने का आधार बन सकता है या नहीं.
खबर विस्तार से पढ़ें: उमर खालिद-शरजील इमाम को SC से जमानत नहीं, UAPA में ट्रायल की देरी पर फैसला करेगी 3 जजों की पीठ

अनंत सिंह की बेटी की शादी आज. जीतने वाले को थार गाड़ी के इनाम वाली अनोखी घुड़दौड़ और वीआईपी मेहमानों पर टिकी निगाहें

बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज उनके पैतृक गांव नदावां में बिहटा के रहने वाले और अमेरिका में कार्यरत ऋषिकेश से बेहद भव्य तरीके से हो रही है. इस वीआईपी शादी में साधु यादव समेत कई बड़े नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है, जबकि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और अशोक चौधरी की उपस्थिति को लेकर सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है. इस शादी को खास बनाने के लिए एक विशाल घुड़दौड़ का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जीतने वाले को इनाम के तौर पर चमचमाती थार गाड़ी दी जाएगी.

सुनामी पारी के बाद झुके बड़े ब्रांड्स. अब बल्ले पर स्टीकर के लिए छह गुना ज्यादा फीस वसूलेंगे वैभव सूर्यवंशी

यूएई के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप में 203 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी के बल्ले पर लोगो लगाने के लिए बड़ी कंपनियों में होड़ मच गई है. आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) बनने के बाद मशहूर टायर कंपनी एमआरएफ (MRF) वैभव के बल्ले पर स्टिकर लगाने के लिए बातचीत कर रही थी, लेकिन वैभव के मैनेजरों की सालाना 12 करोड़ रुपये की भारी-भरकम मांग के चलते यह डील जून 2026 में अटक गई थी. अब वैभव की ताजा सुनामी पारी के बाद कंपनियां उनकी शर्तों के आगे झुकने को मजबूर हो सकती हैं. 
खबर विस्तार से पढ़ें: वैभव के बैट लोगो की फीस देने लगी विराट को टक्कर! 500 % उछाल, इस वजह से अटकी है डील, फिलहाल मिल रहा इतना पैसा

छठ पूजा और सिंदूर की परंपरा पर भद्दा कमेंट कर फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी, बयान जारी कर माफी मांगी

स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी छठ पूजा के दौरान बिहारी महिलाओं द्वारा लगाए जाने वाले पारंपरिक लंबे सिंदूर पर एक बेहद आपत्तिजनक और अश्लील मज़ाक करने के बाद बड़े विवादों में घिर गए हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने उन पर आस्था, महिलाओं और बिहार की संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाते हुए भारी नाराजगी जताई है. इस विवाद में कूदते हुए शिवसेना नेता संजय निरुपम ने भी अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने पर तीखे सवाल उठाए हैं. चौतरफा घिरने और भारी विरोध के बाद यश माहेश्वरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की है और सभी से बिना शर्त माफी मांगी है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Uttar Pradesh News, Up Election 2027, SP Congress Alliance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com