यूरोप में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अलग-अलग देशों की कई यात्री उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इन धमकियों के चलते कई विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, कुछ उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा और एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया. हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी विमान में संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं.
फिनलैंड से इटली जा रही फ्लाइट को मिली धमकी
फिनलैंड की एयरलाइन फिनएयर (Finnair) ने बताया कि हेलसिंकी से रोम जा रही फ्लाइट 1761 को बम की धमकी मिली थी. इसके बावजूद विमान ने इटली की राजधानी रोम में सुरक्षित लैंडिंग की. विमान की पूरी तलाशी ली गई, लेकिन जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.

बुल्गारिया जा रही तीन रयानएयर फ्लाइट्स की इमरजेंसी लैंडिंग
बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जा रही रयानएयर (Ryanair) की तीन उड़ानों को भी बम की धमकियां मिलीं. कोपेनहेगन से सोफिया जा रही एक फ्लाइट और मैड्रिड से रवाना हुई दूसरी फ्लाइट ने सोफिया के वासिल लेव्स्की एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की.
वहीं लंदन के स्टैनस्टेड एयरपोर्ट से सोफिया के लिए उड़ान भरने वाली तीसरी फ्लाइट का रास्ता बदल दिया गया और उसे बुल्गारिया के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव के एयरपोर्ट पर उतारा गया. अधिकारियों के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान की जांच की जा रही है.
आयरलैंड से इटली जा रही फ्लाइट को फ्रांस के सैन्य अड्डे पर उतारा गया
एक अन्य मामले में आयरलैंड से इटली जा रही एरलिंगस की उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद फ्रांस में डायवर्ट कर दिया गया. विमान को पश्चिमी फ्रांस के नॉरमैंडी क्षेत्र स्थित एवरेक्स सैन्य एयर बेस पर सुरक्षित उतारा गया.
फ्रांसीसी अधिकारियों के अनुसार, विमान में 151 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे. सभी लोग सुरक्षित हैं. बम निरोधक दस्ते विमान की विस्तृत जांच कर रहे हैं.
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों के अनुसार डबलिन से रोम जा रही यह उड़ान पेरिस के पास पहुंच चुकी थी, तभी उसने अचानक अपना मार्ग बदला और कई चक्कर लगाने के बाद एवरेक्स की ओर रुख किया.
पूरे यूरोप में बढ़ीं फर्जी बम धमकियां
यह अकेला मामला नहीं है. इस सप्ताह यूरोप में कई एयरलाइनों को इसी तरह की फर्जी बम धमकियां मिली हैं. इनके कारण कई विमानों की तलाशी ली गई, कुछ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा और एक मामले में इटली की वायुसेना के लड़ाकू विमान को भी एस्कॉर्ट के लिए भेजना पड़ा.
इन घटनाओं से प्रभावित एयरलाइनों में पोलैंड की LOT, स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस (SAS), विज एयर (Wizz Air) और रयानएयर शामिल हैं. एक दिन पहले भी बुल्गारिया जा रहे एक विमान को उड़ान के दौरान मिली बम धमकी के बाद हंगरी की ओर मोड़ दिया गया था. इन सभी घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के रक्षा मंत्री की जाएगी कुर्सी? ईरान जंग ने दिलाई चुनावी हार, अब पीट हेगसेथ पर ठीकरा फोड़ने की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं