विज्ञापन

क्रेडिट कार्ड से खर्च में रिकॉर्ड तेजी, SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों ने कितने उड़ाए पैसे?

फेस्टिव शॉपिंग के चलते अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से खर्च करीब 20 फीसदी बढ़कर 2.45 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. ऑनलाइन शॉपिंग की इसमें करीब 63 फीसदी हिस्सेदारी रही. एचडीएफसी बैंक खर्च के मामले में सबसे आगे रहा, जबकि एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से भी लेनदेन में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई.

क्रेडिट कार्ड से खर्च में रिकॉर्ड तेजी, SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों ने कितने उड़ाए पैसे?
दिवाली से पहले लोगों ने दिल खोलकर की खरीदारी
नई दिल्ली:

फेस्टिव सीजन में खरीदारी का असर क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल पर भी दिखाई दिया है. दिवाली से पहले लोगों ने ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर बाजारों में जमकर खरीदारी की. इसके चलते अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से खर्च में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से कुल 2.45 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए. सितंबर में यह आंकड़ा 2.04 लाख करोड़ रुपये था यानी एक महीने में क्रेडिट कार्ड से खर्च करीब 41 हजार करोड़ रुपये बढ़ गया. 

पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले भी क्रेडिट कार्ड से खर्च में 14.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इससे पता चलता है कि लोग खरीदारी और भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल पहले से ज्यादा कर रहे हैं.

क्रेडिट कार्ड की संख्या भी बढ़ी

देश में क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है. बैंकों ने अक्टूबर में करीब 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए. इसके साथ ही देश में सक्रिय क्रेडिट कार्ड की कुल संख्या बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई. सितंबर में यह संख्या 12.53 करोड़ थी.

ऑनलाइन शॉपिंग में सबसे ज्यादा खर्च

क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में ऑनलाइन खरीदारी की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही. अक्टूबर में ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए 1.54 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. यह क्रेडिट कार्ड से हुए कुल खर्च का करीब 63 फीसदी है. वहीं, दुकानों और शोरूम में कार्ड स्वाइप या मशीन के जरिए (POS) 90,562 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ. इससे साफ है कि ऑनलाइन खरीदारी के साथ ऑफलाइन बाजारों में भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बढ़ रहा है.

किस बैंक के क्रेडिट कार्ड से कितना खर्च हुआ?

क्रेडिट कार्ड से खर्च के मामले में एचडीएफसी बैंक सबसे आगे रहा. अक्टूबर में एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 70,115 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ. सितंबर के मुकाबले इसमें 7.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, एसबीआई कार्ड के जरिए 45,797 करोड़ रुपये खर्च किए गए. इसमें एक महीने में 31 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से अक्टूबर में 42,295 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ, जो सितंबर के मुकाबले 37 फीसदी ज्यादा है. एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से भी खर्च में तेजी आई. अक्टूबर में इसके जरिए 30,211 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। यह सितंबर के मुकाबले 30.5 फीसदी ज्यादा है.

लेनदेन बढ़े, लेकिन हर खरीदारी पर खर्च घटा

आंकड़ों की एक और दिलचस्प बात यह है कि क्रेडिट कार्ड से लेनदेन की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. अक्टूबर में कुल 68.3 करोड़ बार क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया गया. यह पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 32 फीसदी ज्यादा है. हालांकि, प्रति लेनदेन औसत खर्च घट गया है. पिछले साल अक्टूबर में एक ट्रांजैक्शन पर औसतन 4,133 रुपये खर्च होते थे, जो इस साल घटकर करीब 3,585 रुपये रह गए यानी लोग अब बड़ी खरीदारी के साथ-साथ रोजमर्रा के छोटे भुगतान के लिए भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसमें यूपीआई से जुड़े रुपे क्रेडिट कार्ड की भी अहम भूमिका है. इनके जरिए लोग दुकानों पर छोटी-मोटी खरीदारी और रोजमर्रा के पेमेंट भी कर रहे हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Credit Card, Personal Finance, RBI, SBI, HDFC Bank
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com