850 हो सकती हैं लोकसभा सीटें, संसद में परिसीमन बिल पास कराने के लिए एनडीए को चाहिए होंगे 360 वोट
संसद के मानसून सत्र के जरूरी विधायी कामकाज निपटाने के लिए सरकार के अनुरोध पर लोकसभा की बैठक ३० नवंबर और राज्यसभा की बैठक २ दिसंबर तक के लिए बढ़ा दी गई है. इस संभावित संविधान संशोधन बिल के जरिए देश में मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 तक की जा सकती है, जिसके बाद ही साल 2029 के आम चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ हो सकेगा. वर्तमान में सत्ताधारी एनडीए (NDA) के पास 320 सांसदों का बल है, जिससे इस ऐतिहासिक बिल को पारित कराने के लिए सरकार को गठबंधन से बाहर के अन्य 40 सांसदों के समर्थन की आवश्यकता होगी.
खबर विस्तार से पढ़ें: परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर NDA के नंबर पूरे? जानिए 360 के जादुई आंकड़े का पूरा गणित
इंडिया गठबंधन की बैठक से ठीक पहले एनसीपी और आरजेडी सांसद का बड़ा ऐलान, परिसीमन बिल को दिया खुला समर्थन
संसद के मानसून सत्र और इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक से ठीक पहले विपक्षी खेमे में परिसीमन बिल को लेकर हलचल तेज हो गई है, जहां एनसीपी (शरदचंद्र पवार) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस बिल का खुला समर्थन करने का बड़ा ऐलान किया है. एनसीपी-एसपी की वरिष्ठ सांसद सुप्रिया सुले और कद्दावर नेता जितेंद्र आव्हाड ने पार्टी का रुख साफ करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी संसद में परिसीमन बिल के पक्ष में मतदान करेगी. वहीं आरजेडी (RJD) सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने भी इस मुहिम का समर्थन करते हुए दलील दी है कि देश की आबादी बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है और उसका भारी दबाव सरकार पर पड़ रहा है, इसलिए देश के विकास के लिए अब परिसीमन किया जाना बेहद जरूरी है.
यूपी में चमकेगा नया शहर 'न्यू आगरा', 15 लाख लोगों के आशियाने के साथ पैदा होंगे 10 लाख नए रोजगार
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने ग्रेटर नोएडा में हुई अपनी 94वीं बोर्ड बैठक में आगरा के पास एक नया आधुनिक शहर 'न्यू आगरा' बसाने की महायोजना-2041 को मंजूरी दे दी है. यीडा के इस मास्टर प्लान के तहत यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे आगरा के 58 गांवों की करीब 14480 हेक्टेयर (35780 एकड़) जमीन पर इस भव्य औद्योगिक टाउनशिप को विकसित किया जाएगा, जिसे अंतिम मंजूरी के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के पास भेजा जा रहा है. इस नए शहर में लगभग 15 लाख की आबादी को बसाया जाएगा और युवाओं के लिए 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे.
खबर को विस्तार से पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे किनारे नया आगरा शहर बसेगा, 35 हजार एकड़ में आगरा अर्बन सेंटर का मास्टर प्लान मंजूर, 58 गांवों को मुआवजा मिलेगा
'मुझे ही जेल भेजेंगे या 3500 और कैदियों को भी?' सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर आनंद मोहन का बड़ा सवाल
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सहरसा पहुंचे आनंद मोहन ने जी. कृष्णैया हत्याकांड की जांच, सबूतों और अपनी गिरफ्तारी की टाइमिंग पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि न पर्याप्त सबूत थे, न अहम गवाहों ने उन्हें घटनास्थल पर बताया.पूर्व सांसद ने कहा कि 14 साल की सजा के बदले वे सवा 16 साल जेल में रह चुके हैं और 2023 में बदले जेल नियमों का फायदा सिर्फ उन्हें नहीं, बल्कि 3500 से ज्यादा कैदियों को मिला था. उन्होंने सवाल उठाया, "क्या जेल वापस सिर्फ मुझे भेजा जाएगा या उन 3500 कैदियों को भी?" आनंद मोहन ने कहा कि वे सरेंडर से पहले एक महीने तक पूरे देश के सामने अपना पक्ष रखेंगे. वहीं विधायक चेतन आनंद की बुलाई बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी.
टाटा ग्रुप के विवाद में बॉम्बे हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, टाटा संस की 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग टालने से इनकार
बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस अभय आहूजा ने 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक को टालने या उस पर रोक लगाने की मांग करने वाली टाटा ट्रस्ट्स की याचिका को खारिज कर दिया है. अदालत ने इस बैठक को आगे बढ़ाने की अनुमति देते हुए यह साफ किया है कि ३० नवंबर की बैठक में लिए गए सभी फैसले याचिका पर आने वाले अंतिम अदालती फैसले के अधीन होंगे, और मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को तय की है. दरअसल, 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट्स ने बोर्ड बैठक में चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने के लिए कास्टिंग वोट के इस्तेमाल को नियम विरुद्ध बताते हुए कोर्ट में चुनौती दी है और 65 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है.
पंजाब के बठिंडा में सेना और पुलिस का बड़ा एक्शन, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का जासूस गिरफ्तार
पंजाब के बठिंडा में मिलिट्री इंटेलिजेंस और काउंटर इंटेलिजेंस ने एक बेहद गोपनीय और सफल संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए जासूसी करने वाले एक बड़े आरोपी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू को गिरफ्तार किया है. फिरोजपुर के रहने वाले इस आरोपी पर बठिंडा कैंट जैसे देश के बेहद संवेदनशील सैन्य ठिकानों की खुफिया जानकारियां जुटाकर सीमा पार पाकिस्तान भेजने का गंभीर आरोप है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तार सत्तू पहले से ही ड्रग्स तस्करी और आर्म्स एक्ट सहित तीन अन्य बड़े आपराधिक मामलों में वांछित रहा है.
महाराष्ट्र एफडीए का स्कूलों के पास बड़ी कार्रवाई: 79 दुकानें बंद, 21 लाइसेंस सस्पेंड
महाराष्ट्र FDA ने छात्रों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्यभर में बड़ा अभियान चलाया है. 1 अप्रैल से 19 नवंबर 2026 के बीच 422 स्कूलों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 79 प्रतिष्ठानों की गतिविधियां बंद कराई गईं और 21 लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित किए गए.कार्रवाई में 69 ऐसे प्रतिष्ठान भी शामिल रहे जो स्कूलों के 50 मीटर दायरे में जंक फूड बेच रहे थे. राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार स्कूल परिसरों और उनके आसपास हाई फैट, शुगर और नमक वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री, प्रचार और मुफ्त वितरण पर रोक है.
चैंपियन कप्तान की हुई शान से वापसी, आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस की कमान संभालेंगे रोहित शर्मा
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के आगामी सीजन से पहले क्रिकेट फैंस को एक बहुत बड़ा सरप्राइज देते हुए रोहित शर्मा को फिर से टीम का नया कप्तान घोषित कर दिया है. रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के इतिहास के सबसे कामयाब कप्तान रहे हैं, जिनकी अगुवाई में फ्रेंचाइजी ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में कुल पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है. पांच खिताबों के साथ रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी पर खड़े हैं.
खबर विस्तार से पढ़ें: रोहित शर्मा फिर से बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, MI ने कर दिया बड़ा ऐलान
बाल विवाह पर संयुक्त राष्ट्र ने दी भारतीय प्रयासों को मान्यता, एनडीटीवी और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की पहल लाई रंग
ग्रामीण भारत से शुरू हुई बाल विवाह विरोधी सामाजिक मुहिम ने अब एक विशाल वैश्विक आंदोलन का रूप ले लिया है और संयुक्त राष्ट्र (UN) ने भारत के इन सराहनीय प्रयासों को बड़ी मान्यता देते हुए हर साल 27 नवंबर को 'बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस' के रूप में घोषित किया है. इस ऐतिहासिक मुहिम की शुरुआत बच्चों के अधिकारों के लिए समर्पित संस्था 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन' और एनडीटीवी (NDTV) द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किए गए 'चाइल्ड मैरिज फ्री इंडिया' अभियान से हुई थी, जिसने देश के कोने-कोने में इस कुरीति के खिलाफ जबरदस्त जन-जागरूकता फैलाई.
खबर विस्तार से पढ़ें: भारत के गांवों से शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ NDTV और 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन' की मुहिम ऐसे पहुंची UN तक
'रामायण' फिल्म पर सुप्रीम कोर्ट की दो टूक: तत्काल सुनवाई से इनकार, बोले- अपनी समझ के मुताबिक अलग फिल्म बना लीजिए
सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म 'रामायण' के खिलाफ दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है. मनोज सिंह ठाकुर द्वारा दायर इस याचिका में सेंसर बोर्ड (CBFC) के सर्टिफिकेट को चुनौती देते हुए फिल्म में रामायण के तथ्यों को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाया गया था. कोर्ट ने याचिकाकर्ता को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि फिल्म रिलीज हो चुकी है और लोग इसे देख भी चुके हैं. कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि निर्माताओं ने अपनी समझ के हिसाब से फिल्म बनाई है, अगर महाकाव्य को लेकर आपका कोई अलग नजरिया है तो आप अपनी समझ के मुताबिक अपनी अलग फिल्म बना लीजिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं