महिला आरक्षण और परिसीमन बिल का काउंटडाउन: क्या NDA जुटा पाएगा 360 सांसदों का समर्थन?
संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही को आगे बढ़ाने के सरकार के फैसले ने देश के सियासी गलियारों में भारी हलचल पैदा कर दी है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर तक के लिए बढ़ाई गई है, जिसके पीछे विधायी कामकाज को पूरा करने का मुख्य उद्देश्य बताया गया है.इस महत्वपूर्ण संविधान संशोधन को पारित कराने के लिए सरकार को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी मौजूद 540 सांसदों में से कम से कम 360 वोटों की आवश्यकता होगी, जबकि वर्तमान में सत्तारूढ़ एनडीए (NDA) के पास केवल 320 सीटें हैं और उसे बिल पास कराने के लिए 40 और सांसदों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी.
खबर विस्तार से पढ़ें: परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर NDA के नंबर पूरे? जानिए 360 के जादुई आंकड़े का पूरा गणित
पूर्व CJI ने राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी, कहा- आबादी में 5% हिस्सेदारी रखने वाले समुदाय का कोर्ट में 40% कब्जा
पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण पत्र लिखकर देश की उच्च न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति की कॉलेजियम व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. 27 नवंबर 2026 को लिखे इस पत्र में जस्टिस गवई ने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति तथा तबादलों में सामाजिक प्रतिनिधित्व और विविधता के सिद्धांतों की अनदेखी पर चिंता जताई है. उनका आरोप है कि वर्तमान में योग्यता और समावेशिता को दरकिनार कर एक विशेष समुदाय को नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जा रही है, जिसके चलते देश की 5 फीसदी से कम आबादी वाले एक वर्ग का सुप्रीम कोर्ट में प्रतिनिधित्व 40 फीसदी से अधिक हो गया है.
खड़गे न कहा पर नहीं माने इमरान मसूद, अब कहा- 105 नहीं, उससे ज्यादा सीट चाहिए
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी को कड़ा संदेश देते हुए साफ शब्दों में कहा है कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को कम से कम 105 से अधिक सीटें मिलनी चाहिए. मसूद ने याद दिलाया कि जब 2017 के चुनाव में कांग्रेस बहुत कमजोर थी, तब भी पार्टी ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि आज पार्टी राज्य में कहीं अधिक मजबूत स्थिति में है. उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए यह भी सवाल उठाया कि साल 2022 के चुनाव में जब मुसलमानों ने एकतरफा वोट दिया, तो फिर सपा क्यों चुनाव हार गई और इस हार की जिम्मेदारी सपा को लेनी चाहिए.
खबर विस्तार से पढ़ें: 105 नहीं, उससे ज्यादा सीट चाहिए... खरगे की डांट के बाद भी नहीं माने इमरान मसूद, सपा पर फिर हमला
नोएडा जेवर एयरपोर्ट विस्तार: किसानों को अब मिलेगा ₹4300 प्रति वर्गमीटर मुआवजा,₹565 करोड़ के भुगतान को मंजूरी
नोएडा जेवर एयरपोर्ट के तीसरे और चौथे चरण के विस्तार के लिए मुआवजे की दर को ₹3100 से बढ़ाकर ₹4300 प्रति वर्गमीटर कर दिया गया है. इसके साथ ही भूमि अधिग्रहण के लिए ₹565 करोड़ के भुगतान, 7% विकसित आबादी भूखंड और स्थानीय युवाओं को स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग देकर एयरपोर्ट व नजदीकी उद्योगों में रोजगार देने के ऐतिहासिक फैसलों पर मुहर लगी है.
खबर विस्तार से पढ़ें: जेवर के किसानों को 565 करोड़ का मुआवजा मिलेगा, नोएडा एयरपोर्ट विस्तार के लिए यमुना अथॉरिटी ने लगाई मुहर
क्या दिल्ली से भी ज्यादा प्रदूषित हो गया श्रीनगर? कड़ाके की सर्दी के बीच उठे प्रदूषण पर सवाल
श्रीनगर इस समय भीषण ठंड और जहरीली हवाओं की दोहरी मार झेल रहा है. कड़ाके की सर्दी के बीच शुक्रवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जिसके कारण घाटी में गाड़ियों के शीशों पर पाले की परत जम गई है. इस कड़ाके की ठंड के साथ ही शहर में प्रदूषण को लेकर भी चिंताजनक स्थिति बन गई है; थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म 'AQI.in' के अनुसार 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे श्रीनगर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 558 दर्ज किया गया, जिसने इसे दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना दिया, हालांकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सरकारी आंकड़ों में यह केवल 145 (मध्यम श्रेणी) दर्ज हुआ.
खबर को विस्तार से पढ़ें: श्रीनगर में अभी दुनिया की सबसे जहरीली हवा? दिल्ली से 3 गुना ज्यादा AQI, माइनस 2 डिग्री गया पारा
पंजाब में 'गाय' पर चुनावी जंग! भगवंत मान सरकार ने किया ₹100 करोड़ का बड़ा ऐलान
पंजाब में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गौशालाओं और बेसहारा मवेशियों के मुद्दे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बेहद तेज हो गई है. भगवंत मान सरकार ने राज्य की 520 गौशालाओं और मवेशी आश्रय स्थलों के लिए ₹100 करोड़ की वित्तीय सहायता देने का ऐतिहासिक ऐलान किया है. इस फैसले के तहत अब न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की गौशालाओं को भी आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे करीब 2.20 लाख गायों की देखभाल में मदद मिलेगी और प्रति गाय लगभग ₹4,538 की सहायता दी जाएगी.
खबर विस्तार से पढ़ें: पंजाब में गायों पर मेहरबान मान सरकार ! 100 करोड़ की मदद का ऐलान, SAD बोली- ये सिर्फ सरकारी प्रचार है
मिलन ढाबा हत्याकांड: चारों शूटरों की हुई पहचान, हिमांशु भाऊ गैंग और 7 साल पुरानी दुश्मनी का कनेक्शन
हरियाणा के रोहतक में दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर 26 नवंबर को हुई चार युवकों की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले चारों शूटरों की पहचान कर ली है, जिनका सीधा संबंध कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से बताया जा रहा है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस खूनी हमले का मुख्य निशाना सन्नी रिटोलिया था, लेकिन वह खुशकिस्मती से मौके से बच निकलने में कामयाब रहा, जिसके बाद हमलावरों ने वहां मौजूद चार अन्य युवकों को मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात के पीछे सात साल पुरानी गैंगवार और हनीट्रैप का एंगल भी सामने आ रहा है.
ममता बनर्जी के परिवार में छिड़ी अंदरूनी जंग ! भाई बाबून बनर्जी पहुंचे थाने, भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार के भीतर चल रही अंदरूनी कलह अब खुलकर सड़क और पुलिस थाने तक पहुंच गई है. ममता बनर्जी के छोटे भाई स्वप्न बनर्जी, जिन्हें 'बाबून' के नाम से जाना जाता है, ने अपने सगे भतीजे और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कोलकाता के कालीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई है. बाबून बनर्जी ने पुलिस से अभिषेक बनर्जी के खिलाफ डराने-धमकाने और एक रक्तदान शिविर के आयोजन में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है.
हार्दिक पांड्या के पंजाब जाने के बाद कौन बनेगा MI का किंग? रोहित शर्मा, सूर्या और बुमराह रेस में सबसे आगे
आईपीएल 2027 (IPL 2027) सीजन की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस (MI) आज शाम अपने नए कप्तान के नाम का बड़ा ऐलान करने जा रही है. हाल ही में टीम के पूर्व कप्तान हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स (PBKS) में ट्रेड किए जाने के बाद से कप्तानी का यह अहम पद खाली चल रहा है. क्रिकेट गलियारों में इस बात की प्रबल संभावना जताई जा रही है कि टीम के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभाल सकते हैं, जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया जा सकता है. हालांकि, कप्तानी की इस दौड़ में भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के नाम भी शामिल हैं.
फिल्म 'रामायण' की रिलीज के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का तुरंत सुनवाई से इनकार, कहा- अपनी खुद की फिल्म बनाएं
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अभिनेता रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' की रिलीज को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से साफ इनकार कर दिया है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने याचिकाकर्ता पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि जिन्हें फिल्म में दिखाए गए महाकाव्य के नजरिए से असहमति है, वे अपना अलग दृष्टिकोण पेश करने के लिए अपनी खुद की फिल्म बनाने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं. कोर्ट ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि जब फिल्म पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शक इसे देख चुके हैं, तो इस याचिका पर तत्काल सुनवाई का क्या औचित्य है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं