आज के समय में लगातार बढ़ती पेट्रोल की कीमतों ने आम आदमी का महीने का बजट को पूरी तरह से बिगाड़ दिया है. ऐसे में लोग इलेक्ट्रिक स्कूटर या बाइक की तरफ शिफ्ट हो रहे हैं. अगर आप भी अपने रोजाना के ऑफिस जाने या शहर में घूमने के खर्च को कम करने के लिए बजट में सस्ता ऑप्शन देख रहे हैं तो आपके पास कई शानदार ऑप्शन्स हैं. तो आइए बिना किसी देरी के आपको देश के 4 सबसे पॉपुलर और वैल्यू-फॉर-मनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपके बजट और जरूरत के हिसाब से एक परफेक्ट चॉइस साबित होंगे.
Oben Rorr Evo
Oben Rorr Evo स्पोर्टी और हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल है. इसमें 9 kW की IPMSM मोटर दी गई है जो 250 Nm का टॉर्क जनरेट करती है, और इसे सुरक्षित 3.4 kWh क्षमता वाले LFP बैटरी पैक के साथ जोड़ा गया है. रफ्तार के मामले में ये बाइक एक रॉकेट की तरह है, जो महज 3 सेकंड में 0 से 40 km/h की स्पीड पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 110 km/h की है. ये सिंगल चार्ज में 150 किमी की रियल-वर्ल्ड रेंज देती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि कंपनी के प्लग चार्जर की मदद से इसे मात्र 90 मिनट में 0 से 80% तक चार्ज किया जा सकता है.
बाइक में सामान रखने के लिए सीट के नीचे और टैंक पॉड को मिलाकर 10 लीटर का स्टोरेज स्पेस, दो यूएसबी चार्जिंग पोर्ट्स और एक ऑनबोर्ड चार्जर मिलता है. इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 200 mm और पानी में चलने की क्षमता 230 mm की है. फीचर्स की बात करें तो इसमें Eco, City और Havoc जैसे तीन राइडिंग मोड्स मिलते हैं. इसके अलावा, ब्लूटूथ नेविगेशन, कॉल/मैसेज अलर्ट और एंटी-थेफ्ट प्रोटेक्शन को सपोर्ट करने वाला 5-इंच का रंगीन TFT डिस्प्ले दिया गया है. इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 1,39,999 रुपये है.
Revolt RVX
जो लोग आउटडोर चार्जिंग की झंझट से पूरी तरह मुक्ति चाहते हैं, उनके लिए Revolt RVX सबसे बेस्ट है क्योंकि ये 3.24 kWh की रिमूवेबल NMC लिथियम-आयन बैटरी के साथ आती है, जिसे आप घर के अंदर ले जाकर भी बहुत आसानी से चार्ज कर सकते हैं. ये बाइक फुल चार्ज में 160 किमी की रेंज देती है. इसकी मोटर 5.3 kW की पावर जनरेट करती है जिससे ये 3.9 सेकंड में 0 से 40 km/h की रफ्तार पकड़ लेती है और Boost मोड में इसकी टॉप स्पीड 90 km/h तक जाती है.
इसे फास्ट चार्जर से 80 मिनट में 0 से 80% तक चार्ज किया जा सकता है. इस बाइक में Eco, City, Sport और Boost जैसे शानदार राइडिंग मोड्स मिलते हैं. इसके अलावा, कनेक्टेड ऐप के जरिए लाइव ट्रैकिंग, जियो-फेंसिंग, वॉयस कंट्रोल, एंटी-थेफ्ट ट्रैकिंग और डिजिटल की जैसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं. इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 1,39,990 रुपये रखी गई है.
Avore EX1
जो लोग कम बजट में एक मॉडर्न इलेक्ट्रिक बाइक चाहते हैं, उनके लिए Avore EX1 एक बेहतरीन और नया एंट्री-लेवल ऑप्शन है. इसमें 3.24 kWh का लिथियम-आयन बैटरी पैक मिलता है जो सिंगल चार्ज पर पूरे 160 किमी की रेंज देने का दावा करता है. इसकी मोटर 10 bhp की पावर जनरेट करती है और इसकी टॉप स्पीड 100 km/h की है. इस बैटरी को 20% से 80% चार्ज होने में मात्र 2 से 3 घंटे का समय लगता है.
सुरक्षा और कम्फर्ट के लिए इसमें 17-इंच के अलॉय व्हील्स, डिस्क ब्रेक्स (CBS के साथ), रियर मोनोशॉक सस्पेंशन, क्रैश अलर्ट, क्रूज कंट्रोल और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग दी गई है. इसके केबिन में एक डिजिटल कॉकपिट मिलता है जो नेविगेशन और बैटरी हेल्थ की पूरी जानकारी देता है. इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 1,34,999 रुपये है, लेकिन कंपनी शुरुआत में इसके पहले 10,000 ग्राहकों के लिए इसे मात्र 1,24,999 रुपये की बेहद आक्रामक शुरुआती कीमत पर ऑफर कर रही है.
TVS iQube 3.5 kWh
अगर आप बाइक के बजाय एक बेहद प्रैक्टिकल और सुरक्षित इलेक्ट्रिक स्कूटर ढूंढ रहे हैं, तो TVS iQube 3.5 kWh देश के लाखों परिवारों की पहली पसंद बना हुआ है. ये स्कूटर सिंगल फुल चार्ज में पूरे 145 किमी की रेंज देता है और इसकी टॉप स्पीड 82 km/h की है. इसकी मोटर 4.4 kW की पीक पावर और 140 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है, जिससे ये महज 4.2 सेकंड में 0 से 40 km/h की रफ्तार पकड़ लेता है. इसकी बैटरी को 10% से 80% चार्ज होने में लगभग 3 घंटे और 45 मिनट का समय लगता है.
इस स्कूटर की सबसे बड़ी यूएसपी इसका 32 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज स्पेस है, जहां आप दो हेलमेट बहुत आसानी से रख सकते हैं. इसमें 5-इंच का शानदार TFT डिस्प्ले मिलता है जो ब्लूटूथ नेविगेशन, एंटी-थेफ्ट अलर्ट और टर्न-बाय-टर्न लाइव स्टेटस जैसी 118 से ज्यादा कनेक्टेड सुविधाओं को सपोर्ट करता है. पार्किंग को आसान बनाने के लिए इसमें खास 'Q-Park Assist' (रिवर्स और पार्किंग असिस्ट) फीचर भी दिया गया है. इस स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत 1,45,922 रुपये है.
यह भी पढ़ें | 15 लाख तक का डिस्काउंट, फिर नहीं बिकी एक भी कार, सबसे कम सेल होने वाली गाड़ियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं