विज्ञापन

यमुना एक्सप्रेसवे किनारे नया आगरा शहर बसेगा, 35 हजार एकड़ में आगरा अर्बन सेंटर का मास्टर प्लान मंजूर, 58 गांवों को मुआवजा मिलेगा

यमुना अथॉरिटी के सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि इस टाउनशिप के मास्टर प्लान पर आपत्तियों और सुझावों का निपटारा कर बोर्ड से हरी झंडी दी गई है. नोएडा के बाद अब यह एक और टाउनशिप यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित की जाएगी.

यमुना एक्सप्रेसवे किनारे नया आगरा शहर बसेगा, 35 हजार एकड़ में आगरा अर्बन सेंटर का मास्टर प्लान मंजूर, 58 गांवों को मुआवजा मिलेगा
New Agra City YEIDA Master Plan 2041
NDTV Graphics
आगरा:

आगरा में नया शहर बसाने पर मुहर लग गई है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने न्यू आगरा नाम की इस नई टाउनशिप को मंजूरी दे दी है. ये आगरा अर्बन सेंटर या न्यू आगरा 14480 हेक्टेयर (35780 एकड़) क्षेत्र में बसाया जाएगा. यीडा की बोर्ड मीटिंग में इस मास्टर प्लान 2041 को मंजूरी दी गई है. बोर्ड ने इसके लेआउट को स्वीकृति दी है और अब इसे आखिरी मंजूरी के लिए यूपी सरकार को भेजा जाएगा. शासन की मंजूरी के बाद इसके लिए भूमि अधिग्रहण और यहां सीवेज-बिजली पानी संबंधी नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा. ये इंडस्ट्रियल टाउनशिप यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसाई जाएगी, जो इसकी नोडल एजेंसी भी है. 

आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 को मंजूरी

अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास आलोक कुमार की अध्यक्षता में ग्रेटर नोएडा की 94वीं बोर्ड मीटिंग में आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. बोर्ड मीटिंग में आगरा शहरी केंद्र की महायोजना-2041 के ड्रॉफ्ट और उसके लैंड यूज नक्शों के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. प्लान के अनुसार, आगरा के 58 गांवों की करीब 14480 हेक्टेयर (35780 एखड़) भूमि पर नए औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा. यहां 15 लाख की आबादी भी बसाई जाएगी और 10 लाख रोजगार पैदा किए जाएंगे. 

न्यू आगरा की खास बातें

  • 58 गांव होंगे शामिल न्यू आगरा में
  • 15 लाख लोगों को बसाया जाएगा
  • 10 लाख रोजगार पैदा होंगे
  • 3000 हेक्टेयर में औद्योगिक गतिविधि
  • 1878 हेक्टेयर में आवासीय प्रोजेक्ट
  • 405 हेक्टेयर में पर्यटन केंद्र बनेंगे
  • 300 हेक्टेयर में थीम पार्क बनेगा

आगरा के गांव न्यू आगरा टाउनशिप में शामिल

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की महायोजना-2041 (Master Plan 2041) के तहत न्यू आगरा सिटी में आगरा के 58 गांवों को शामिल किया गया है. न्यू आगरा अर्बन सेंटर मास्टर प्लान के पहले चरण में में शामिल प्रमुख गांव नहर्रा,रूधंदु,जराउ, पेसाई, खंडिया, बामन,खड़गपुर,चौकर, परिहार, आंवलखेड़ा, शेरखान, उस्मानपुर, सेमरा,ऊंचा, अगरपुर, चिहौंली,हसनपुर, मूढ़ी जहांगीरपुर, अरेला, चोली, बहरामपुर, नगला निशंख, गढ़ी बच्ची, नगला मनी, गढ़ी पिरथी, अगवरखास,नयाबांस,नवलपुर और धरेरा गांव शामिल हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

किसानों को कई गुना मुआवजा मिलेगा

यीडा की भूमि अधिग्रहण नीति के तहत किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहण पर तय फार्मूले के तहत मौजूदा सर्किल रेट से कई गुना अधिक मुआवजा मिलेगा. भूमि अधिग्रहण का पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर होगा. जेवर एयरपोर्ट और ग्रेटर नोएडा की तरह मुआवजे के अलावा किसानों को आवासीय सेक्टरों में 7 फीसदी आबादी भूखंड भी दिए जाएंगे. ये सेक्टर सड़कों, सीवर, बिजली और पानी की सुविधाओं से लैस होंगे,न्यू आगरा में वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स और थीम पार्कों में स्थानीय स्तर पर हजारों रोजगार पैदा होंगे.परियोजना के गांवों सीधे यमुना एक्सप्रेसवे और मुख्य हाईवे से जोड़ने वाली पक्की सड़कों से कनेक्टिविटी मिलेगी.

रियल एस्टेट सेक्टर में आएगा उछाल

35780 एकड़ में बसने वाले इस नए शहर में 15 लाख की आबादी बस सकेगी. छोटे कारोबार, दुकानें, ट्रांसपोर्ट, कंस्ट्रक्शन और किराये के मकानों की मांग तेजी से बढ़ेगी.इससे किसानों को आमदनी और बढ़ेगी. कम प्रदूषण स्कोर वाले उद्योग लगने से किसानों की खेती योग्य जमीनों, भूजल और हवा पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

जिकरपुर गांव को सड़क की मंजूरी

अलीगढ़ के टप्पल इलाके के करीब जिकरपुर गांव को यमुना एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी देने के लिए नई सड़क बनाई जाएगी. यमुना एक्सप्रेसवे बनने के वक्त पहले इस रोड को बनाया गया था. टप्पल कट से ये रोड खराब हो गई थी. ग्रामीणों की मांग पर यीडा ने इसे दोबारा बनाने का फैसला किया है. हॉलैंज रोड से ही जिकरपुर तक का रास्ता है. ये रोड जिकरपुर को अलीगढ़ पलवल हाईवे से भी जोड़ती है.

न्यू आगरा की कनेक्टिविटी 

न्यू आगरा एनसीआर और ब्रज क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी हब बनेगा. ये टाउनशिप आगरा के बाहरी हिस्से में होगी. मुख्य आगरा शहर और ताजमहल से सिर्फ 15 से 20 मिनट की दूरी होगी.यमुना एक्सप्रेसवे के जरिये ये नोएडा और ग्रेटर नोएडा से जुड़ा रहेगा.यह टाउनशिप मथुरा वृंदावन के भी करीब है. मथुरा की हेरिटेज सिटी राया अर्बन सेंटर से भी ये पास होगी.
अलीगढ़ और हरियाणा के पलवल जिले से भी सीधे हाईवे से जुड़ेगा.दिल्ली से न्यू आगरा की दूरी यमुना एक्सप्रेसवे से सिर्फ दो ढाई घंटे में तय होगी.

एक्सप्रेसवे और हाईवे नेटवर्क 

  1. यमुना एक्सप्रेसवे: यह टाउनशिप यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर होगी. बिना किसी ट्रैफिक जाम के सीधे दिल्ली से आगरा तक फर्राटेदार सफर होगा.
  2. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: न्यू आगरा भी आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिये लखनऊ, कानपुर और पूर्वांचल के जिलों नेटवर्क से जुड़ेगा.
  3. ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे: जेवर के पास से यह एक्सप्रेसवे कुंडली-गाजियाबाद-पलवल से जुड़ेगा.इससे न्यू आगरा से हरियाणा और पंजाब के वाहनों को दिल्ली के भारी ट्रैफिक में नहीं घुसना पड़ेगा.
  4. अलीगढ़-पलवल राजमार्ग: जिकरपुर गांव के पास नई सड़क सीधे अलीगढ़-पलवल हाईवे को जोड़ेगी. इससे छोटे व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

ये भी पढ़ें - दिल्ली NCR में बसेगा खूबसूरत शहर, नमो भारत ट्रेन और मेट्रो भी गुजरेगी, मेरठ समेत 3 बड़े एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी

जेवर एयरपोर्ट और रेल कनेक्टिविटी 

न्यू आगरा से जेवर एयरपोर्ट की दूरी मात्र 45 से 60 मिनट की होगी. इस टाउनशिप से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए सीधे उड़ानें पकड़ सकेंगे. आगरा कैंट और टूंडला जंक्शन दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल रूट और दिल्ली-मुंबई रेल रूट इससे गुजरते हैं. इससे रेल कनेक्टिविटी भी होगी.मथुरा में राया अर्बन सेंटर हेरिटेज सिटी का विकास भी यमुना अथॉरिटी ही कर रही है. आगरा अर्बन सेंटर का इलाका ताजमहल की पर्यावरण सुरक्षा के लिहाज से तय ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) के दायरे में आता है. लिहाजा पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण के कड़े मानदंडों का पालन करने वाले उद्योगों को ही यहां जगह मिलेगी. 

ये भी पढ़ें - नोएडा जैसा बसेगा न्यू आगरा, 44 गांवों की जमीन पर यमुना एक्सप्रेसवे किनारे आवासीय परियोजना, NCR से दूर नहीं

ये भी पढ़ें - NCR का मास्टर प्लान तैयार, न्यू नोएडा भी गंगा एक्सप्रेसवे समेत 4 बड़े एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा, जेवर एयरपोर्ट से भी कनेक्ट

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
New Agra, New Agra City Master Plan, Agra Urban Center, Yamuna Expressway Authority, YEIDA Master Plan 2041
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com