विज्ञापन

परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर NDA के नंबर पूरे? जानिए 360 के जादुई आंकड़े का पूरा गणित

Delimitation Bill: सरकार ने संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है, जिसके बाद लोकसभा में 30 नवंबर को बैठक होनी है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी. इस सत्र में अगर परिसीमन बिल आता है तो उसमें नंबर गेम सबसे अहम होने वाला है.

Lok Sabha Delimitation Bill: लोकसभा में आ सकता है परिसीमन और महिला आरक्षण बिल (फाइल फोटो)
  • संसद के मानसून सत्र में लोकसभा 30 नवंबर और राज्यसभा 2 दिसंबर को बैठक करेगी.
  • परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण बिल लोकसभा सीटों को बढ़ाकर 850 तक करेगा.
  • लोकसभा में एनडीए की कुल सीटें 320 हैं, पूर्ण बहुमत के लिए 360 वोट जरूरी होंगे, इसलिए समर्थन जुटाना आवश्यक होगा

संसद के मानसून सत्र की आगे की कार्यवाही बढ़ाने के लिए सरकार ने अनुरोध किया है. संसदीय मंत्री मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक यह पहल जरूरी कामकाज के लिए की गई है. जहां लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर के दिन आयोजित होगी. दोनों सदनों के सचिवायलों ने भी स्पष्ट किया है कि यह सत्र विधायी कामकाज के लिए बुलाया गया है. लेकिन सबकी नजरें एक ही मुद्दे पर टिकी हैं, जो है परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण बिल. माना जा रहा है कि इन बैठकों में सरकार इस बिल को ला सकती है. ऐसे में अगर परिसीमन बिल आता है तो लोकसभा और राज्यसभा में सांसदों की स्थिति क्या है और क्या समीकरण बन रहे हैं. 

परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण बिल

सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि सरकार सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल से जुड़ा संविधान संसोधन लाने की तैयारी में है. जिसकी अटकलें लंबे समय से चल रही है. इस बिल के मुताबिक देश में मौजूदा 543 लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 850 तक हो सकती है,  इसी के बाद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू हो सकेगा. ऐसे में यह बिल अहम माना जा रहा है. बता दें कि महिला आरक्षण कानून यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में ही पास हो चुका है. लेकिन उसमें शर्त थी कि आरक्षण जनगणना और परिसीमन के बाद ही लागू होगा. सरकार अब उसी प्रक्रिया को तेज करना चाहती है. 

लोकसभा का नंबर गेम

अगर सरकार यह बिल लाती है और उस पर वोटिंग होती है तो फिर लोकसभा में नंबर गेम क्या है. इसे भी जानना जरूरी है. यानि प्रभावी सांसदों लोकसभा की कुल 543 सीटों में अभी 3 खाली हैं, यानि फिलहाल प्रभावी सांसदों की संख्या 540 है. अगर सभी सांसद मौजूद रहकर वोट करें तो दो-तिहाई के लिए 360 वोट चाहिए होंगे. 

NDA की स्थिति

सत्ताधारी NDA की स्थिति की बात करें तो बीजेपी के पास 241 सीट, टीडीपी 16, शिवसेना 13, जेडीयू 12, एनसीपीआई 20, एलजेपी-रामविलास 5, आरएलडी 2, जनसेना पार्टी 2, जेडीएस 2, अकाली दल 1, असम गण परिषद, आजसू, अपना दल, हम और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की 1-1 सीटें मिलाकर 7 सीटे हैं. जिससे एनडीए का कुल आंकड़ा 320 तक पहुंचता है. ऐसे में अगर वोटिंग होती है तो NDA को 40 सांसदों की जरुरत पड़ेगी.

लोकसभा में तीन स्थितियां 

अगर DMK, NCP-SP और YSRCP बिल के समर्थन में साथ आते हैं तो DMK के 22, NCP (शरद पवार) के 8 और YSRCP के 4 सांसद मिलाकर आंकड़ा 353 तक पहुंच सकता है. यह पूर्ण उपस्थिति वाले 360 के आंकड़े से सिर्फ 6 कम है. 

वोटिंग के दौरान अगर DMK सदन से बाहर रहती है तो फिर बहुमत का आंकड़ा 345 हो जाएगा. स्थिति में एनडीए के 320 सांसद और NCP (शरद पवार) के 8 और YSRCP के 4 सांसद मिलाकर आंकड़ा 332 तक हो जाएगा. इस स्थिति में भी बहुमत से 12 वोट कम रह जाएंगे. 

वहीं तीसरी स्थिति में अगर DMK और शरद पवार की पार्टी के सांसद सदन से बाहर रहते हैं तो बहुमत का आंकड़ा 340 तक आ जाएगा. इस स्थिति में अगर YSRCP के 4 सांसद समर्थन करेंगे तो भी 16 वोट पीछे रह जाएगी. 

DMK की भूमिका अहम 

परिसीमन में DMK की भूमिका सबसे ज्यादा अहम मानी जा रही है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि DMK का कहना है कि अगर तमिलनाडु में लोकसभा सीटों की मौजूदा स्थिति 7.2 प्रतिशत की हिस्सेदारी पर कोई फर्क नहीं आता है तो फिर वह परिसीमन बिल को समर्थन दे सकती है. जबकि शरद पवार का गुट भी बिल के समर्थन में संकेत दे चुका है. माना जा रहा है कि लिखित गारंटी वाली स्थिति में DMK और NCP-SP जैसे दल समर्थन पर पुनर्विचार कर सकते हैं. NCP-SP नेता सुप्रिया सुले पहले ही इसका संकेत दे चुकी हैं. DMK भी इंडिया गठबंधन से बाहर है. जिससे इन दोनों दलों की स्थितियां अहम है. 

वॉकआउट वाली स्थिति

दो-तिहाई का आंकड़ा उपस्थित और मतदान करने वालों पर तय होता है, अगर 354 सांसद पक्ष में हों और कुल मतदान 528 या उससे कम हो जाए, तो बिल पास हो सकता है. यानी विपक्ष के 10-15 सांसद भी सदन से बाहर रहें तो सरकार बिल पास करा सकती है. यही वजह है कि बिल में विपक्षी दलों के सांसदों की गैरमौजूदगी अहम हो सकती है. 

राज्यसभा के आंकड़े 

वहीं बात अगर राज्यसभा के आंकड़ों की जाए तो यहां राज्यसभा में कुल 243 सांसद वोट करेंगे. जिसमें बिल पास कराने का आंकड़ा 162 होगा. फिलहाल राज्यसभा में NDA के पास 151 सांसद हैं. यानि यहां सरकार बिल को पास कराने से 11 वोट पीछे हैं. जिससे राज्यसभा में भी दूसरी पार्टियों की भूमिका अहम होगी.  

लोकसभा का संख्या गणित

  • लोकसभा की कुल सीटें: 543
  • वर्तमान प्रभावी संख्या: 540
  • दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा: 360

ये भी पढ़ेंः 3 दिन के नोटिस पर नया संसद सत्र बुलाने से विपक्ष नाराज; कांग्रेस ने पूछा- नया महिला आरक्षण बिल क्यों?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delimitation Bill, Delimitation Bill 2026, Delimitation Bill 2026 Lok Sabha, Delimitation Bill In Parliament, Delimitation Bill Monsoon Session
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com