विज्ञापन
This Article is From Jan 15, 2023

सिद्धू मूसेवाला के पिता पंजाब में राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा में हुए शामिल

कांग्रेस पार्टी ने यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी से मुलाकात करते हुए बलकौर सिंह सिद्धू का एक वीडियो ट्वीट किया है.

सिद्धू मूसेवाला के पिता पंजाब में राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा में हुए शामिल
राहुल गांधी के साथ सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू
नई दिल्ली:

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के कारण 24 घंटे तक निलंबित रहने के बाद रविवार से एक बार फिर 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत हुई. इस दौरान दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने 'भारत जोड़ो यात्रा' में हिस्सा लिया. कांग्रेस पार्टी ने यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी से मुलाकात करते हुए बलकौर सिंह सिद्धू का एक वीडियो ट्वीट किया है. वीडियो के साथ ट्वीट में लिखा गया है कि आज भारत जोड़ो यात्रा में प्रसिद्ध पंजाबी गायक स्वर्गीय सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू जी ने राहुल गांधी जी के साथ कदम मिलाकर नफ़रत, डर और हिंसा फैलाने वाली ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया. सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी.

बताते चलें कि सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की पिछले साल 29 मई को पंजाब के मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. रविवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, विधायक परगट सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं ने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा'' में भाग लिया. 

इधर कांग्रेस के पूर्व नेता और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने रविवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा' की प्रशंसा करते हुए कहा कि राहुल गांधी समाज के अलग-अलग तबकों को एक साथ लाने में कामयाब रहे हैं और उन्हें यह अहसास कराया है कि देश में एकता कितनी जरूरी है. पिछले साल कांग्रेस छोड़ने वाले सिब्बल ने कहा कि पार्टी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा सफल प्रतीत होती है और इसे गैर-कांग्रेसी तत्वों का समर्थन भी मिला है.

ये भी पढ़ें-

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sidhu Moose Wala, Bharat Jodo Yatra, Punjab
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com