विज्ञापन

'मोदी का बाप भी जेल जाएगा', खरगे का विवादित बयान, पटना के आयोजन में हंगामा, देखें-VIDEO

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को "आजादी की दूसरी लड़ाई" करार दिया. उन्होंने इस प्रक्रिया को तुरंत रोकने, भविष्य के सभी चुनावों में मतपत्रों (बैलेट पेपर) का इस्तेमाल करने की मांग की.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी के पिता पर बहुत ही विवादित बयान दिया है. (फोटो-एनडीटीवी)
  • मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर विवादित टिप्पणी की
  • कार्यक्रम में एक युवक ने कहा कि मोदी सत्ता से नहीं जाएंगे, जिस पर खरगे ने अपशब्द बोलकर विवाद बढ़ाया
  • बीजेपी ने खरगे की टिप्पणी की निंदा की और इस तरह की भाषा को कांग्रेस की कमजोर होती संस्कृति बताया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में बड़ा विवादित बयान दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर अशोभनीय टिप्पणी की. खरगे के इस भाषण के दौरान खूब हंगामा हुआ और हाथापाई जैसी स्थिति बनी. मगर कांग्रेस अध्यक्ष रुके नहीं, बल्कि वो लगातार बोलते रहे.

बिहार के पटना में डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के दौरान हंगामा हो गया. वो लगातार पीएम मोदी के खिलाफ बोल रहे थे. इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे, जिस पर खरगे ने जवाब दिया, "मोदी का बाप भी जाएगा. चल मोदी की झूठ बोलने की आदत है." इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता उस व्यक्ति को पीटते नजर आए.

देखें वीडियो

कौन है वो युवक

IANS की रिपोर्ट के अनुसार, हंगामा उस समय, जब खुद को कांग्रेसी बताने वाले एक युवक ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की. युवक ने कथित तौर पर कहा कि इस तरह की लड़ाई से पीएम मोदी नहीं जाने वाले. इस पर खरगे उत्तेजित हो गए और पीएम मोदी को लेकर अपशब्द बोल दिए, जिस पर हंगामा हो गया. साथ ही, कुछ लोगों ने उस युवक के साथ हाथापई भी की.

बताया जा रहा है कि युवक छपरा का रहने वाला है.  उसका नाम संतोष कुमार है. वह खरगे को यह समझाने की कोशिश कर रहा था कि इस तरह की राजनीतिक लड़ाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जा सकेगा. इसी दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत को लेकर कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति बन गई. इस कार्यक्रम में खरगे ने चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा को लेकर भी अपनी बात रखी.

संतोष कुमार ने सभागार से बाहर निकाले जाने के बाद मीडिया से कहा कि कांग्रेस के लोगों ने गलतफहमी में उन्हें बीजेपी का आदमी समझ लिया. संतोष कुमार के मुताबिक, वह कह रहे थे कि जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी नहीं जाएंगे, मगर उन्हें ही पीट दिया.

लगातार बीजेपी-आरएसएस को कोस रहे थे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को "आजादी की दूसरी लड़ाई" करार दिया. उन्होंने इस प्रक्रिया को तुरंत रोकने, भविष्य के सभी चुनावों में मतपत्रों (बैलेट पेपर) का इस्तेमाल करने और पिछले दो वर्षों में हुए सभी विधानसभा चुनावों को रद्द करने की मांग की. बिहार के पहले मुख्यमंत्री कृष्ण सिंह, जिन्हें 'श्री बाबू' के नाम से भी जाना जाता है, की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि RSS और BJP की विचारधारा देश में विभाजन को और गहरा कर रही है.

खरगे ने दावा किया, "जब तक RSS की विचारधारा खत्म नहीं हो जाती, तब तक देश में शांति नहीं आएगी." मतदाता सूची में हेरफेर करने और विपक्ष के समर्थकों के नाम हटाने का आरोप लगाते हुए, खरगे ने चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र में 'वोट चोरी' के जरिए हथियाई गई सरकारों को हटाया जाना चाहिए." साथ ही, उन्होंने लोगों से सड़कों पर उतरने, अपने अधिकारों के लिए लड़ने और संविधान की रक्षा करने की अपील की.

खरगे ने चल रही SIR प्रक्रिया को तुरंत रोकने और पिछले दो वर्षों में हुए सभी विधानसभा चुनावों को रद्द करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जनता चुनाव आयोग से पारदर्शिता और जवाबदेही की हकदार है. उन्होंने कहा, "इसके अलावा, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जनता का भरोसा बहाल करने के लिए चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जाने चाहिए. लोकतंत्र की रक्षा होनी चाहिए और हर एक वोट की गिनती होनी चाहिए." बीजेपी पर बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए, खरगे ने एकता का आह्वान किया और कहा कि देश की सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए यह बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा, "हम देशभक्त हैं जो एकता, समानता और संविधान में विश्वास रखते हैं - न कि बीजेपी नेताओं की तरह राजनीतिक फायदे के लिए अपने लोगों को बांटने में."

नीतीश कुमार को भी कोसा

कृष्ण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए, खरगे ने कहा कि बिहार के पहले मुख्यमंत्री ने कई संस्थानों का निर्माण करके और कृषि, उद्योग, शिक्षा तथा सिंचाई को बढ़ावा देकर एक आधुनिक राज्य की नींव रखने में मदद की थी. JD(U) अध्यक्ष नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कभी राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे समाजवादी नेताओं के साथ खड़े थे. उन्होंने कहा, "लेकिन आज वे BJP के साथ जुड़ गए हैं. जिन समाजवादी आदर्शों और राजनीतिक मूल्यों से वे कभी जुड़े थे, और आज जिस राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा हैं, उनके बीच एक बड़ा विरोधाभास है. समाजवादी राजनीति की विरासत से हटकर BJP की गोद में बैठ जाना, कितना बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव है!"

बीजेपी का तीखा रिएक्शन

खरगे के बयान के बाद बीजेपी ने बहुत तीखा रिएक्शन दिया है. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने खरगे की टिप्पणी पर कहा,, "हम इस तरह की भाषा की कड़ी निंदा करते हैं. मल्लिकार्जुन खरगे जी एक वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया गया है. वैसे, देश की जनता अच्छी तरह जानती है कि वे जिस पार्टी से आते हैं, उसकी संस्कृति कैसी है—गाली-गलौज करने की संस्कृति. कभी वे प्रधानमंत्री की दिवंगत माताजी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं, तो कभी वे खुद प्रधानमंत्री को निशाना बनाते हैं. देश की जनता इस तरह के बर्ताव को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी. असल में, यही एक मुख्य कारण है कि कांग्रेस पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है. हम इसकी कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करते हैं."

यह भी पढ़ें-

'सरकार आने पर हिसाब होगा', कांग्रेस की 200 सीटों वाली मांग के पोस्टर पर अखिलेश यादव को दिखी भाजपा की साजिश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kharge, Mallikarjun Kharge, Mallikarjun Kharge Congress President, Narendra Modi, PM Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com