विज्ञापन

पंजाब: मोगा में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत, 3 घायल; मजीठिया बोले- गली-गली गैंगस्टर

पंजाब के मोगा जिले के अंगदपुरा मोहल्ले में काले रंग की स्कॉर्पियो से आए हमलावरों ने दुकान के बाहर बैठे 4-5 युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस को शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का एंगल नजर आ रहा है.

पंजाब: मोगा में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत, 3 घायल; मजीठिया बोले- गली-गली गैंगस्टर

पंजाब के मोगा जिले के अंगदपुरा मोहल्ले में उस समय दहशत फैल गई, जब दुकान के बाहर बैठे 4 से 5 युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पंजाब में कुछ महीनों बाद चुनाव हैं, लेकिन क्राइम की घटना बढ़ती जा रही है. 

इस घटना में चार युवक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य युवक को गोली के छर्रे लगने की जानकारी मिली है. घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, एक युवक के सिर, दो युवकों के पेट और एक युवक की बाजू में गोली लगी है. 

पुरानी रंजिश की आशंका

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है. इसी रंजिश के चलते दूसरे गुट द्वारा फायरिंग की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा, साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.

पुलिस ने क्या बताया?

मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि अंगदपुरा मोहल्ले में फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया. 

घटना में घायल हुए युवकों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और उनका इलाज चल रहा है. एसएसपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम भी बताए गए हैं. पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विपक्ष का सरकार पर हमला

शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने इस घटना पर भगवंत मान सरकार की निंदा की है. उन्होंने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा, "मोगा में गोलियों की तड़तड़ाहट, 3 बुरी तरह लहू-लुहान. अंगदपुरा मोहल्ले में स्कॉर्पियो सवार गुंडों की अंधाधुंध फायरिंग. गुरु-दोखी भगवंत मान, एक दिन तो गिनवा दो जब पंजाब में गोलियां न चली हों. पंजाब में गली-गली गैंगस्टर पैदा कर दिए, हर चौक पर फायरिंग. यही है तुम्हारा रंगला पंजाब, जिसका पंजाबियों को सपना दिखाया था? पंजाब में कानून का राज कहां है?"

बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने भी भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मोगा में गोलीबारी में 2 लोगों की मौत और 2 गंभीर रूप से घायल. कथित तौर पर अंगदपुरा मोहल्ले में स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद लोगों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे पंजाब में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति सामने आ गई है. भगवंत मान जी, आपकी सरकार को ज़मीनी हकीकत समझने में और कितनी गोलीबारी की घटनाएं लगेंगी? अपराधियों के हौसले बढ़ते दिख रहे हैं, जबकि आम नागरिक अपनी सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं. आपने रंगला पंजाब का वादा किया था, लेकिन आज लोग अपनी जान और अपने आस-पास की अराजकता को लेकर परेशान हैं. क्या पंजाब में अब किसी को कानून का डर है? इस नाकामी के लिए कौन ज़िम्मेदार है?"

यह भी पढ़ें: पंजाब में झोटा हत्याकांड के बाद बड़ा फैसला, इन दो दवाईयों की बिक्री पर रोक, केमिस्ट की शिकायत क्या?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crime News, Moga, Crime News Punjab
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com