महाराष्ट्र के बारामती में गोजुबावी गांव की सीमा में आज सुबह 'रेडबर्ड' कंपनी का एक ट्रेनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. राहत की बात यह है कि विमान में सवार ट्रेनी पायलट सुरक्षित है. यह वही गांव है, जहां कुछ समय पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान भी हादसे का शिकार हुआ था. जानकारी के मुताबिक, गोजुबावी इलाके में पहले भी रेडबर्ड कंपनी के विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं.
विमान गिरने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. बारामती में 'कारवार एविएशन' और 'रेडबर्ड' ये दो संस्थाएं पायलट ट्रेनिंग देती हैं. सुरक्षा कारणों से रेडबर्ड कंपनी पर पहले भी प्रतिबंध लगाया जा चुका है. ऐसे में बार-बार हो रहे इन हादसों ने सुरक्षा मानकों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं.
एक जोरदार हादसा हुआ... हादसे की प्रत्यक्षदर्शी
हादसे की प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया, "करीब 8:30 बजे होंगे. इतनी तेज आवाज थी कि मुझे पहले कुछ समझ नहीं आया. मैं वहां खेत में काम कर रही थी. तभी अचानक एक ज़ोरदार आवाज़ आई और मैंने देखा कि विमान टकरा गया है. मैं तुरंत खड़ी हो गई कि 'ये क्या आवाज़ हुई?' फिर देखा तो विमान था. मैंने सोचा, अब तो कुछ नहीं बचा, विमान गिर गया है. मैं थोड़ा पीछे हटी, फिर जब विमान पूरी तरह नीचे बैठ गया, तो मैं देखने दौड़ी कि अंदर कितने लोग हैं और उनका क्या हाल है? लेकिन मेरे साथ के लोगों ने कहा- आगे मत जाओ, विमान में आग लग सकती है, इसमें डीज़ल (ईंधन) होता है तो मैं फिर से पीछे हट गई."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं