विज्ञापन

अजित पवार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, जानें अमित शाह समेत कौन-कौन दिग्गज नेता रहे मौजूद

देश के दिग्गज नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हजारों लोग एकत्रित हुए और जब उनके पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर उनके गांव काटेवाडी से विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में लाया गया तो लोगों ने ‘‘अजित दादा अमर रहे’’ के नारे लगाए. 

अजित पवार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, जानें अमित शाह समेत कौन-कौन दिग्गज नेता रहे मौजूद
अजित पवार के अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब
  • महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में राजकीय सम्मान के साथ किया गया
  • अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, शरद पवार समेत कई बड़े नेता शामिल हुए
  • अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत पुणे के पास लियरजेट विमान दुर्घटना में हुई थी
बारामती:

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन पुणे से लगभग 100 किलोमीटर दूर बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में 66 वर्षीय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख के अंतिम संस्कार में शामिल हुए.

अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब, शीर्ष नेताओं की मौजूदगी

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस दौरान उपस्थित थे, साथ ही अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा, जो राज्यसभा सदस्य हैं और उनके बेटे पार्थ एवं जय भी मौजूद थे. बारामती से लोकसभा सदस्य एवं अजित पवार की चचेरी बहन सुप्रिया सुले और राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल भी उपस्थित थे. अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हजारों लोग एकत्रित हुए और जब उनके पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर उनके गांव काटेवाडी से विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में लाया गया तो लोगों ने ‘‘अजित दादा अमर रहे'' के नारे लगाए. 

ये भी पढ़ें : अजित पवार प्लेन क्रैश की शुरुआती जांच में पायलट की चूक का शक : सूत्र

राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा पार्थिव शरीर, बेटे पार्थ और जय ने दी मुखाग्नि

शाह, गडकरी, नवीन, फडणवीस, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, एकनाथ शिंदे, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशीलकुमार शिंदे और आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश सहित कई नेताओं ने पवार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की. पार्थ और जय ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी. अजित पवार के पार्थिव शरीर को बारामती के पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी अस्पताल से बृहस्पतिवार की सुबह उनके गांव ले जाया गया. 

लियरजेट विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत 

पुणे से करीब 100 किलोमीटर दूर बारामती हवाई पट्टी के पास बुधवार सुबह एक ‘लियरजेट' विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से अजित पवार की मृत्यु हो गई थी. इस हादसे में दो पायलट, एक विमान परिचारक और एक निजी सुरक्षा अधिकारी की भी जान चली गई. विमान ‘टेबलटॉप रनवे' से महज 200 मीटर की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें पवार समेत विमान में सवार कुल पांच लोगों की मौत हो गई. 

ये भी पढ़ें : शादी कर बेटी को विदा करने की तैयारी थी, अब आखिरी विदाई की घड़ी, पायलट शांभवी की याद में सिसक रहा परिवार

अनुभवी पायलट और क्रू मेंबर्स भी हादसे का शिकार

दुर्घटना में जान गंवाने वालों में कैप्टन सुमित कपूर भी शामिल हैं, जिनके पास 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था. 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव रखने वाली सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विधिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की भी इस हादसे में मौत हो गई. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए गए हैं.

दुर्घटना की जांच शुरू, ब्लैक बॉक्स बरामद

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस विमान दुर्घटना के संबंध में दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है. सरकार ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में बताया कि सुबह खराब दृश्यता के कारण हवा में एक चक्कर लगाने के बाद ‘लियरजेट' विमान को उतरने की अनुमति दे दी थी. हालांकि, अनुमति मिलने के बाद भी विमान ने हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को कोई ‘रीड-बैक' या प्रतिक्रिया नहीं दी और वह कुछ ही पल बाद रनवे के किनारे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया तथा उसमें आग लग गई.

नागर विमानन मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि लियरजेट विमान का ‘‘ब्लैक बॉक्स'' (जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर शामिल हैं) बरामद कर लिया गया है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
Agency
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ajit Pawar Plane Crash, Ajit Pawar Death, Baramati Plane Crash News, Ajit Pawar Funeral, Maharashtra Political Leader Death, Learjet Crash India, Black Box Recovered, Aviation Accident India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com