- बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में पहली बार चुनाव जीत दर्ज की और असम तथा पुडुचेरी में भी सत्ता में वापसी की है
- पीएम मोदी ने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए लोकतंत्र की जीत बताया है
- मोदी ने घोषणा की कि बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू होगी और घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में पहली बार जीत हासिल की, साथ ही असम और पुडुचेरी में भी सत्ता में वापसी की है. इस बड़ी जीत के बाद बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत का श्रेय जनता और कार्यकर्ताओं को दिया. उन्होंने कहा कि आज का ये दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है. जब सालों की साधना सिद्धी में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है वह खुशी आज मैं देशभर के बीजेपी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं.

- प्रधानमंत्री ने कहा कि इन पांच राज्यों की जनता ने पूरे विश्व को दिखाया है कि हमारा भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है? लोकतंत्र हमारे रक्त में दौड़ता हुआ संस्कार है. आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, बल्कि आज भारत का संविधान भी जीता है. पश्चिम बंगाल में करीब 93 प्रतिशत मतदान होना अपने आप में ऐतिहासिक रहा है. असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं. इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है. यह भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बनी है.
- पीएम मोदी ने कहा कि बिहार चुनाव जीत के वक्त मैंने कहा था कि मां गंगा आगे गंगासागर तक जाती हैं. आज गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है. उन्होंने कहा कि 2013 में जब मैं बनारस गया था, नामांकन करने, तब मेरे हृदय से आवाज निकली थी कि मैं ना आया हूं, ना किसी ने भेजा है, मां गंगा ने मुझे बुलाया है. आज मैं महसूस कर रहा हूं कि मां गंगा का आशीर्वाद निरंतर हम पर रहा है.
- मोदी ने कहा कि आज विभिन्न उपचुनावों के परिणाम भी अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं. महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में जो उपचुनाव हुए, उनमें हमारे उम्मीदवारों को जनता-जनार्दन ने आशीर्वाद दिया और इन राज्यों में भी जीत गए. NDA की नेता और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार जी ने भी बड़ी जीत दर्ज की है. मैं इन सभी राज्यों की जनता का, उनके समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. जय-पराजय, लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है. लेकिन 5 प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व को दिखाया है कि हमारा भारत Mother of Democracy क्यों है.
- उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को आज कितनी शांति मिली होगी. उन्होंने 1991 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ता को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए मरना है. उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था, वो सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था. आज बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं तो वो अवसर दिया है. बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है. आज से बंगाल भय मुक्त हुआ है विकास के भरोसे से युक्त हुआ है.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए कुर्बान किया है. केरल और बंगाल में भाजपा के हर कार्यकर्ता को कितनी मुसीबतें झेलनी पड़ी हैं. उन पर कितने अत्याचार हुए हैं. मैं आज बंगाल में बीजेपी की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ता और उनके परिवारों को देता हूं. मैं यह जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं.
- पीएम मोदी ने कहा कि भले ही 4 मई की यह शाम ढल रही है, लेकिन बंगाल में एक नया सूर्योदय हुआ है. एक ऐसा सवेरा जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया है. आज से बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है, जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी. मैं आज हर बंगाल वासी को भरोसा देता हूं, बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा दिन रात एक कर देगी. बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा. युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा.
- उन्होंने ऐलान किया कि बंगाल में पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी. मोदी ने कहा कि 9 मई का दिन दूर नहीं है, हमारा संकल्प भी वही होना चाहिए. मन भयमुक्त हो और सिर ऊंचा हो. बीजेपी बंगाल में ऐसा भयमुक्त वातावरण बनाकर दिखाएगी ये मोदी की गारंटी है.
- पीएम ने कहा कि बंगाल का ये चुनाव एक और वजह से बेहद खास रहा है. बंगाल चुनाव के समय हिंसा की खबरें नहीं आईं. एक भी निर्दोष की जान चुनाव के दौरान नहीं गई. पहली बार बंगाल में डर नहीं लोकतंत्र जीता है. इस बार पूरे देश ने एक नई खबर सुनी, पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान हुआ. लोकतंत्र के इस महापर्व में बंदूक की आवाज नहीं, जनता जर्नादन की आवाज गूंजी. पहली बार डर नहीं, लोकतंत्र जीता है.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा-NDA की सरकारें हैं. हमारा मंत्र है नागरिक देवो भवः. हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं और इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है. जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा, वहां गुड गवर्नेंस. जहां भाजपा, वहां विकास.
- मोदी ने कहा कि देश ने बता दिया है कि उसे विवाद नहीं विकास चाहिए, विभाजन नहीं विश्वास चाहिए. भाजपा के लिए भारत और भारतीयता के भाव से बड़ा और कुछ नहीं है. हमारे लिए भारत सब कुछ है, भारतीयता सब कुछ है. भाजपा क्षेत्रीय आकांक्षाओं से राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा को पूरा करने वाली पार्टी है. इसलिए भाजपा देश की पसंद बन रही है, जनता के आशीर्वाद प्राप्त कर रही है.
ये भी पढ़ें: 2 करोड़ भरोसा कार्ड, 1.96 लाख बैठकें, विशेष गुप्त टीम... समझिए बीजेपी ने बंगाल का किला कैसे जीता
इसे भी पढ़ें: संदेशखाली, आरजी कर, शिक्षक भर्ती... बंगाल के वो कांड जिन्होंने लिख दी ममता सरकार के पतन की पटकथा
इसे भी पढ़ें: वाम मुक्त भारत... केरल में हार के साथ ही देश में ढह गया लेफ्ट का आखिरी किला!
इसे भी पढ़ें: बंगाल में 'कमल' खिला... राज्य में ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया
इसे भी पढ़ें: किसी को झाल लगे तो बुरा मत मानिएगा... बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद मांझी ने विपक्ष पर कसा तंज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं