विज्ञापन

'मैं अमित शाह हूं और बंगाल से तृणमूल को उखाड़ने आया हूं'... 2014 में जब बोले थे शाह

2014 में बीजेपी नेता अमित शाह ने कोलकाता में एक जनसभा में गरजते हुए कहा था कि ममता बनर्जी पूछती हैं ये अमित शाह कौन हैं... दीदी अगर देख सकती हैं तो देख लीजिए, सुन सकती हैं तो सुन लीजिए... मैं अमित शाह हूं. मैं बंगाल की धरती से तृणमूल को उखाड़ने आया हूं.

1 दिसंबर 2014 का दिन था. बीजेपी नेता अमित शाह ने कोलकाता के धर्मतल्ला में एक जनसभा में गरजते हुए कहा था कि ममता बनर्जी पूछ रही हैं कि ये अमित शाह कौन हैं. मैं अमित शाह हूं और बंगाल की धरती से तृणमूल को उखाड़ने आया हूं. वो दिन है और आज का दिन है, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से साफ है कि अमित शाह ने जो कहा था, वो सच करके दिखा दिया है. भाजपा ने बंगाल को भगवा रंग में रंग दिया है. 

2014 में कहा था- दीदी देख लीजिए, मैं अमित शाह हूं 

दिसंबर 2014 में धर्मतल्ला की रैली में अमित शाह ने ममता बनर्जी को सीधे ललकारा था. भारी भीड़ के बीच शाह ने कहा था- कुछ दिन पहले जब रैली की बात चलती थी, तो ममता बनर्जी ने मीडिया से पूछा था- ये अमित शाह कौन है? दीदी अगर आप देख सकती हैं तो देख लीजिए, सुन सकती हैं तो सुन लीजिए... मैं अमित शाह हूं. 

'मैं बंगाल की धरती से TMC को उखाड़ने आया हूं'

उन्होंने आगे कहा था - मैं भारतीय जनता पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं. मैं अमित शाह हूं और इस बंगाल की भूमि पर से तृणमूल को उखाड़ने के लिए आया हूं, ये आप समझ लीजिए. 

22 अप्रैल को कहा- दीदी टाटा बाय-बाय

अमित शाह को बीजेपी की जीत का कितना यकीन था, इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 22 अप्रैल को दुमदुम में एक रैली में अमित शाह ने कहा था- 4 मई को सुबह काउंटिंग शुरू होगी, 8 बजे बैलट बॉक्स खुलेंगे, 9 बजे पहला राउंड पूरा होगा, 10 बजे दूसरे राउंड के नतीजे आएंगे और 1 बजे तक दीदी सत्ता से बाहर हो जाएंगी... टाटा, बाय-बाय. 

बीजेपी ने टीएमसी को ऐसे चटाई धूल 

ममता बनर्जी 2011 में लेफ्ट के मजबूत  किले को ध्वस्त करके बंगाल की सत्ता में आई थीं और उसके बाद से खुद को अजेय नेता के रूप में स्थापित कर लिया था. बीजेपी ने ठान लिया था कि एक दिन बंगाल फतह करना है. इसके लिए धीरे-धीरे, पूरी रणनीति के साथ उसने कदम बढ़ाए.  पिछले 10 वर्षों में खुद को हाशिए पर पड़ी पार्टी से प्रचंड पार्टी के रूप में तब्दील कर लिया. 

अपने दम पर दो-तिहाई पार

अब 12 साल के बाद बीजेपी ने नया इतिहास रचते हुए बंगाल को फतह कर लिया है. बीजेपी ने अपने दम पर दो-तिहाई के आंकड़े को भी पार कर लिया है. बीजेपी की आंधी में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस धूल चाट रही है. नतीजों और रुझान में बीजेपी 205 के आंकड़े तक पहुंच गई हैं, वहीं टीएमसी को 82 सीटों पर जूझना पड़ रहा है. हालत ये थी कि एक समय खुद ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी कड़ी टक्कर देते हुए दिख रहे थे. 

देखें- बंगाल में भगवा लहर, ममता बनर्जी साफ; बीजेपी की जीत के 10 फैक्टर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal Result 2026, Amit Shah, Mamata Banerjee
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com