विज्ञापन
20 days ago

Kerala Election Results 2026: केरल विधानसभा चुनाव के सभी सीटों परिणाम आ गए हैं. कांग्रेस 63 सीटों पर जीत के साथ ही सबसे बड़ी पार्टी उभरी है. वहीं यूडीएफ गठबंधन को स्‍पष्‍ट बहुमत मिल गया है. इसके साथ ही CPI(M) के नेतृत्‍व वाले एलडीएफ गठबंधन को इन चुनावों में हार झेलनी पड़ी है. इस चुनाव में CPI(M)  ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की है. इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को 22 सीटें मिली हैं. वहीं सीपीआई को 8, केरल कांग्रेस को 7, रिवल्‍यूशनरी सोशलिस्‍ट पार्टी को 3 और भाजपा को भी 3 सीटें मिली हैं.  मालूम हो कि राज्य में 140 सीट के लिए कुल 883 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा. यहां बहुमत का आंकड़ा 71 है. केरल विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF), दो कार्यकालों से सत्ता में रहे वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (LDF) के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली. LDF की हार के साथ ही 1960 के दशक के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब वामपंथी दल किसी भी भारतीय राज्य में सत्ता में नहीं होंगे. 

Kerala Election Results 2026 Updates:

केरल में सभी सीटों के आए परिणाम, जानिए किस पार्टी को कितनी सीटें

Kerala Elections Results: केरल में UDF की शानदार जीत पर राहुल गांधी ने जनता को कहा- धन्‍यवाद

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की शानदार जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल की जनता को धन्यवाद कहा. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया(X) पर लिखा ‘केरल में मेरे भाइयों और बहनों को निर्णायक जनादेश के लिए धन्यवाद’ 

Kerala Results: 10 साल के कुशासन में वामपंथी जनता की नब्‍ज नहीं समझ पाए: एके एंटनी

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की जीत पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एके एंटनी ने कहा कि केरल चुनाव के नतीजे साफ दिखाते हैं कि पूरे राज्य में सरकार विरोधी लहर चल रही है. यूडीएफ का तीसरा कार्यकाल केरल के लिए विनाशकारी साबित होता. उन्‍होंने कहा कि दस साल के कुशासन में वामपंथी जनता की नब्‍ज नहीं समझ पाए. उन्‍होंने कहा कि राहुल गांधी ने यूडीएफ को ऊर्जा दी. यूडीएफ की इस तरह की जीत के पीछे वही मुख्य शक्ति थे. कांग्रेस और यूडीएफ कार्यकर्ताओं ने एक टीम की तरह काम किया. 

केरल के पीडब्ल्यूडी मंत्री पीए मोहम्मद रियास बेपूर विधानसभा सीट से जीते

केरल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पर्यटन मंत्री पीए मोहम्मद रियास वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के उन गिने-चुने मंत्रियों में से एक हैं, जो नौ अप्रैल को हुए राज्य विधानसभा चुनावों में वामपंथी गठबंधन की हार के बावजूद बेपूर निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने में सफल रहे. निर्वाचन आयोग के अनुसार, रियास ने 81,849 वोट हासिल किए और यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार पीवी अनवर के मुकाबले 7,487 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. 

Kerala Election: केरलम को छोड़कर आए अन्य नतीजे हमारी उम्मीदों से कम: जयराम रमेश

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केरलम की जनता को हार्दिक धन्यवाद देती है कि उन्होंने यूडीएफ को भारी बहुमत से सेवा का मौका दिया है. हमारी जिम्‍मेदारी हम पहचानते हैं और केरलम की जनता ने जो विश्वास हम में जताया है, हम उस पर खरा उतरेंगे. केरलम को छोड़ कर जो अन्य नतीजे आए हैं वो हमारी उम्मीदों से कम हैं, लेकिन हम ना निराश हैं ना हताश. हम विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे हैं. एकतंत्र और झूठ के खिलाफ लोकतंत्र और सच की लड़ाई का रास्ता हमेशा लंबा और कठिन होता है. परंतु हम संकल्प और दृढ़ता से एकनिष्ट हो कर आगे बढ़ते रहेंगे. जल्द ही हम नतीजों का गहराई से विश्लेषण करेंगे.  ऑब्जर्वर्स को केरलम भेजने की प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है. 

Kerala Election LIVE: कांग्रेस 45 पर जीती, 18 पर आगे तो CPI(M) को अब तक 21 सीटें

केरल चुनाव में कांग्रेस ने 45 सीटों पर जीत दर्ज की है और पार्टी अब भी 18 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं CPI(M) को इस बार 21 सीटों पर जीत मिली है और पार्टी पांच सीटों  पर आगे चल रही है. वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 9 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 13 सीटों पर आगे चल रही है. इस चुनाव में यूडीएफ गठबंधन को स्‍पष्‍ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है. वहीं एलडीएफ गठबंधन सत्ता से बेदखल होता नजर आ रहा है. 

Kerala Election LIVE: केरल में भाजपा ने जीती 3 सीटें, वी मुरलीधरन भी जीते

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है और वो तीन सीटों पर आगे चल रही है. पार्टी ने मन्‍नादिपेट और नेरावी-टी.आर.पट्टिनम सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं पार्टी उम्‍मीदवार कालापेट, राज भवन और मुदलियारपेट सीटों पर आगे चल रहे हैं. 

Kerala Election LIVE: जनादेश की समीक्षा के बाद सुधार किए जाएंगे: एलडीएफ की हार के बाद बोले गोविंदन

केरल में एलडीएफ की चुनावी हार के बाद माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने कहा कि जनादेश की समीक्षा के बाद सुधार किए जाएंगे. 

Kerala Election LIVE: केरल में राजीव चंद्रशेखर ने दर्ज की जीत, भाजपा को प्रदेश में पहली बार दो सीटें

केरल में राजनीतिक इतिहास रचते हुए राजीव चंद्रशेखर ने 3800 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है. इस जीत के साथ ही केरल में भाजपा को दो सीटें मिली हैं, जो अब तक पहली बार हुआ है.

Kerala Assembly Election Results 2026 LIVE: कांग्रेस ने 16 सीटें जीतीं, CPI(M) 8 सीटों पर विजयी

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शुरुआती रुझानों के अनुसार, केरल में कांग्रेस 64 सीटों पर आगे चल रही है और अब तक 16 सीटें जीत चुकी है. वहीं CPI(M) 18 सीटों पर आगे है और 8 सीटें जीत चुकी है. इसके साथ ही इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 20 सीटों पर आगे है और दो सीटें जीत चुकी है.  

Kerala Election Results 2026 LIVE: चथन्नूर सीट से BJP उम्मीदवार बीबी गोपाकुमार जीते

केरल के चथन्नूर सीट से BJP उम्मीदवार बीबी गोपाकुमार के जीतने की खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार बीबी गोपाकुमार 4012 वोटों से जीत चुके है. हालांकि चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है.

Kerala Election Results LIVE: केरल में कांग्रेस गठबंधन की स्पष्ट बहुमत की सरकार

अभी तक के रुझानों में केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाली UDF स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करती दिख रही है. अभी यूडीएफ 71 सीटों पर आगे चल रही है. लेफ्ट 38 सीटों पर आगे चल रही है. बीजेपी दो सीट पर आगे चल रही है. जबकि 13 सीटों पर अन्य आगे चल रहे हैं.

Kerala Election Results LIVE: केरल में लालू की पार्टी RJD के उम्मीदवार जीत की ओर

केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले UDF गठबंधन की लहर के बीच लेफ्ट के साथ चुनाव लड़ रही लालू यादव की पार्टी RJD का भी एक उम्मीदवार जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा है. केरल के कुथुपरम्बा विधानसभा क्षेत्र में RJD आगे चल रही है. यहां से राजद के उम्मीदवार पीके प्रवीण करीब 9 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं.

Kerala Chunav Result LIVE: केरल में बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद कांग्रेस दफ्तर में जश्न

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रारंभिक रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. जिसके बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है. कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस पार्टी कार्यालय में UDF की जीत का जश्न मनाया. इस दौरान नेताओं ने केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया. इस दौरान वहां केसी वेणुगोपाल भी थे.

Kerala Chunav Result LIVE: कांग्रेस नेता बोले- केरल में हम 100 के आंकड़े तक जाएंगे

केरल चुनाव परिणाम के रुझानों पर तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस नेता एम. एम. हसन ने कहा, "हां, रुझान UDF के लिए बहुत अनुकूल हैं. 5 बजे से पहले, हम 100 के आंकड़े तक पहुंच जाएंगे. हम सभी कम से कम 100 सीटों की उम्मीद कर रहे हैं."

Election Results 2026 LIVE: पीएम मोदी बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जश्न में शामिल होने के लिए शाम करीब 7:00 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे.

Kerala Election Results 2026 LIVE: पिनाराई विजयन 2800 से अधिक वोटों से चल रहे पीछे

चुनाव आयोग के ट्रेंड्स के मुताबिक, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन धर्मादोम सीट पर पीछे चल रहे हैं, जहां कांग्रेस उम्मीदवार वी पी अब्दुल रशीद 2812 से ज़्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं. कांग्रेस की लीडरशिप वाली UDF ने राज्य में 71 सीटों का मैजोरिटी मार्क पार कर लिया है.

Kerala Election Results 2026 LIVE: बंगाल, तमिलनाडु के रुझान चौंकाने वाले, हम अंत तक इंतजार करेंगेः शशि थरूर

5 राज्यों के चुनावी नतीजों के रुझानों पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि केरल के नतीजे उत्साहवर्धक है. सीएम फेस पर उन्होंने कहा कि जो पार्टी आलाकमान तय करेगा, वही होगा. हालांकि बंगाल और तमिलनाडु के नतीजों पर उन्होंने कहा कि यह चौंकाने वाला है. लेकिन हम अंत तक इंतजार करेंगे. 

Kerala Election Results LIVE: सीएम पद के प्रमुख दावेदार कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन आगे

केरल के उत्तरी परवूर निर्वाचन क्षेत्र में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) के उम्मीदवार एवं कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन आगे चल रहे हैं. यहां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार ई. टी. टायसन ने शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद लीड गंवा दी है. विपक्ष के नेता सतीशन ने विधानसभा चुनाव में यूडीएफ का नेतृत्व किया. अगर यूडीएफ सत्ता में आता है तो वह मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं. मतगणना के नवीनतम रुझानों के अनुसार, केरल की 140 विधानसभा सीट में से अधिकतर सीट पर कांग्रेस आगे है.

Kerala Election Results LIVE: केरल के नतीजों पर क्या बोले शशि थरूर

केरल में वोटों की गिनती जारी है. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "...हमारा राज्य कई मज़बूत राजनीतिक विचारों वाला राज्य है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि हमें एक अच्छा और आरामदायक बहुमत मिलने वाला है. अब तक, मेरे पास खुश होने की हर वजह है, लेकिन हम यह भी जानते हैं कि गिनती के दौरान आखिरी मिनट में बदलाव भी हो सकते हैं."

Kerala Election Results LIVE: केरल में सीएम पिनराई विजयन भी चल रहे पीछे

अभी तक हुई वोटों की गिनती के रुझानों में केरल में कांग्रेस गठबंधन वाले UDF की जीत की आंधी के बीच मुख्यमंत्री पिनराई विजयन भी पीछे चल रहे हैं. देखें केरल के बड़े चेहरों का क्या हाल चल रहा है.

Kerala Election Results LIVE: केरल में कांग्रेस गठबंधन बहुमत के पार

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF गठबंधन बहुमत के आगे निकल चुका है. 10 साल से सत्ता में रही लेफ्ट की मुश्किलें बढ़ रही है. वहीं बीजेपी भी केरल में अपनी उपस्थिति बढ़ाती नजर आ रही है. 

Kerala Election Results LIVE: केरल में कांग्रेस गठबंधन बहुमत के करीब

केरल में कांग्रेस गठबंधन बहुमत के करीब पहुंचती नजर आ रही है. अभी तक सामने आए रुझान में कांग्रेस गठबंधन UDF 70 सीटों पर आगे चल रही है. लेफ्ट 38 सीटों पर आगे चल रही है. बीजेपी 5 सीटों पर आगे चल रही है. 

Kerala Results LIVE: केरल के रुझानों पर शशि थरूर गदगद, बोले- जनता ने बदलाव के लिए वोट किया

केरल के नतीजों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "उत्साहजनक बात यह है कि सवा घंटे के अंदर ही, हमारे पक्ष में एक बहुत ही स्पष्ट रुझान दिखाई दे रहा है और LDF के कुछ काफी लोकप्रिय राजनेता भी पीछे चल रहे हैं... मुझे लगता है कि यह बहुत स्पष्ट है कि केरल के मतदाताओं को बधाई दी जानी चाहिए. उन्होंने तय कर लिया है कि अब बदलाव का समय आ गया है. और यहाँ तक कि जिन लोगों की व्यक्तिगत लोकप्रियता पर हम कोई सवाल नहीं उठा रहे हैं, वे भी पीछे दिखाई दे रहे हैं. मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छा संकेत है. UDF में हम लोग, कोई भी जल्दबाजी में जश्न नहीं मनाने वाले हैं. लेकिन मैं देख सकता हूँ कि अब हालात को बहुत अलग दिखाने के लिए, एक बहुत बड़े उलटफेर की जरूरत होगी..."


Kerala Results LIVE: केरल की 140 में से 80 सीटों का आया रुझान

केरल की 140 में से 80 सीटों का रुझान सामने आ गया है. जिसमें से 45 में यूडीएफ आगे चल रही है. एलडीएफ 25 सीटों पर आगे चल रही है. बीजेपी 4 तो अन्य 6 सीटों पर आगे चल रही है. 

Kerala Results LIVE: केरल रिजल्ट के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले- यह चीन या रूस नहीं

केरल के चुनावी नतीजों पर प्रदेश BJP अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "हम चुनाव नतीजों का इंतजार करेंगे. नतीजे आज दोपहर तक आ जाएंगे, और तब हम इस पर अपनी टिप्पणी देंगे. हम एक लोकतंत्र में हैं. कोई भी राजनीतिक दल किसी दूसरे राजनीतिक दल का भविष्य तय नहीं कर सकता. यह CPM और कांग्रेस का आम अहंकार है, जहां उन्हें किसी तरह यह लगता है कि लोग क्या करेंगे, यह वे ही तय करेंगे. यह बिल्कुल भी सही नहीं है. यह एक लोकतंत्र है. यह चीन या रूस नहीं है. मुझे पूरा भरोसा है कि INDI गठबंधन की विभाजनकारी राजनीति हार जाएगी. INDI गठबंधन के दलों का भ्रष्टाचार हार जाएगा, और लोग अपने राज्य को भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की राह पर ले जाने का विकल्प चुनेंगे..."

Kerala Results LIVE: चुनाव आयोग का पहला आधिकारिक रुझान आया सामने

वोटों की शुरुआती एक घंटे की गिनती के बाद चुनाव आयोग का पहला आधिकारिक आंकड़ा सामने आया है. चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़े में केरल में कांग्रेस 2 सीटों पर आगे चल रही है. अन्य राज्यों का भी हाल जानिए. 

 

Kerala Results LIVE: केरल में 51 सीटों का आया रुझान, 26 सीटों पर कांग्रेस गठबंधन आगे

केरल में 51 सीटों का रुझान सामने आ गया है. 26 सीटों पर कांग्रेस गठबंधन आगे चल रही है. लेफ्ट गठबंधन 15 सीटों पर आगे है, जबकि बीजेपी 4 सीटों पर आगे चल रही है. 6 सीटों अन्य आगे चल रहे हैं.  

Kerala Results LIVE: केरल की 23 में 13 सीटों पर कांग्रेस आगे

केरल में कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है. शुरुआती 40 मिनट की वोटों की गिनती में केरल में 23 सीटों का रुझान सामने आया है. इसमें 13 सीटों पर कांग्रेस नेतृत्व का UDF, तो लेफ्ट नेतृत्व वाला LDF सीटों पर आगे चल रही है. बीजेपी तीन सीटों पर आगे चल रही है. एक सीट पर अन्य आगे चल रही है.

Results LIVE: असम, पुडुचेरी में कौन आगे, कौन पीछे

असम और पुडुचेरी का रुझान भी सामने आया है.  असम में बीजेपी 29 सीटों पर आगे चल रही है. जबकि कांग्रेस मात्र 2 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं पुडुचेरी में एनआरसी गठबंधन 3 सीटों पर आगे चल रही है. यहां कांग्रेस गठबंधन दो सीटों पर आगे चल रही है.

Results LIVE: असम में बीजेपी की आंधी, केरल में बीजेपी-टीएमसी में कड़ी टक्कर, केरल में कांग्रेस

केरल के साथ-साथ आज बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में वोटों की गिनती हो रही है. इन सभी राज्यों से ही शुरुआती रूझान आ रहा है. असम में बीजेपी की आंधी दिख रही है. बंगाल में बंगाल, टीएमसी में कड़ी टक्कर है. 

Kerala Results LIVE: अभी पोस्टल बैलेट की गिनती, ईवीएम का कुछ देर बाद आएगा रुझान

चुनाव आयोग के अनुसार अभी पोस्टल बैलेट की गिनती ही हो रही है. ईवीएम के वोटों की गिनती का रुझान आधे से एक घंटे पर बाद आएगा. ऐसा चुनाव आयोग के अधिकारियों ने एनडीटीवी से कहा है.

Kerala Results LIVE: केरल में कांग्रेस का धमाका, 13 में से 8 सीटों पर आगे

केरल में कांग्रेस का धमाका देखने को मिल रहा है. शुरुआती रुझानों में कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF यहां अच्छी बढ़त बनाता नजर आ रहा है. अभी तक गिनती में 13 सीटों का रुझान सामने आया है. जिसमें कांग्रेस 8 सीटों पर आगे चल रही है. 3 पर एलडीएफ तो एक सीट पर बीजेपी और एक सीट पर अन्य आगे चल रही है.

 

Kerala Results LIVE: 15 मिनट की गिनती 9 सीटों का रूझान आया

केरल में 9 सीटों के रुझान आ गए हैं. 6 पर यूडीएफ आगे चल रही है. दो पर एलडीएफ आगे चल रही है. तो एक सीट पर बीजेपी आगे चल रही है. 

Kerala Results LIVE: 10 मिनट की गिनती में दो सीट पर UDF पर तो एक सीट पर LDF आगे

10 मिनट की वोटों की गिनती के बाद केरल में तीन सीटों के रुझान आ गए है. दो सीट पर यूडीएफ तो एक पर एलडीएफ आगे चल रही है. 

Kerala Results LIVE: केरल का पहला रुझान UDF के पक्ष में

केरल में विधानसभा की कुल 140 सीटें है, यहां बहुमत का आंकड़ा 71 है. केरल का पहला रुझान UDF के खाते में गया है. 

Kerala Results LIVE: गिनती शुरू, शुरुआत पोस्टल बैलेट से, कुछ देर में रुझान

सबसे पहले पोस्ल बैलेट की गिनती हो रही है. शुरुआत के 30-40 मिनट में पोस्टल बैलेट की गिनती होगी. उसके बाद EVM की वोटों की गिनती शुरू होगी. थोड़ी देर बाद रूझान आने लगेंगे. 

Kerala Results LIVE: केरल में वोटों की गिनती शुरू,

केरल विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है. बस कुछ देर में रूझान आने लगेंगे. केरल में लेफ्ट का आखिरी किला बचा रहेगा या कांग्रेस केरल में सरकार बनाएगी. बस कुछ देर में शुरुआती रुझान आने लगेंगे. 

Kerala Results LIVE:स्ट्रांग रूम के ताले खुले, रुझान थोड़ी देर में

केरल विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती बस कुछ देर में शुरू होने जा रही है. स्ट्रांग रूम के ताले खुल गए हैं. वोटों की गिनती बस कुछ देर में शुरू होने जा रहा है. रूझान अब कुछ देर में सामने आएगा.

Kerala Election Results 2026 LIVE: केरल सहित 5 राज्यों के रिजल्ट से पहले पीएम मोदी की 'सुभाषितम्' पोस्ट

केरल सहित 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर एक खास पोस्ट लिखा है. पीएम मोदी ने लिखा कौशल, परिश्रम और करुणा हमारे जीवन की अद्भुत शक्तियां हैं. इनके माध्यम से हम न केवल हर चुनौती को पार कर सकते हैं, बल्कि ये हमारे लक्ष्यों की प्राप्ति में भी मददगार हैं. 

को हि भारः समर्थानां किं दूरं व्यवसायिनाम्। 

को विदेशः सुविद्यानां कः परः प्रियवादिनाम्॥

Kerala Election Results 2026 LIVE: सीएम के घर की बढ़ाई गई सुरक्षा

केरल विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती शुरू होने के पहले कन्नूर में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के घर की सुरक्षा में सख्त इंतजाम किए गए है. 

Kerala Election Results 2026 LIVE: वी. मुरलीधरन बोले- सब कुछ अच्छा होगा

केरल विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती के पहले कज़ाक्कुट्टम विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार वी. मुरलीधरन कहते हैं, "सब कुछ अच्छा हो जाएगा..." मालूम हो कि इस बार केरल में बीजेपी को अपनी अच्छी उपस्थिति की उम्मीद है.

Kerala Election Results 2026 LIVE: केरल के नतीजों से पहले कांग्रेस मुख्यालय में बढ़ी सरगर्मी

केरल के नतीजों से पहले कांग्रेस मुख्यालय में सरगर्मी तेज हो गई है. वहां पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे हैं. इसका वीडियो भी सामने आया है. वोटों को गिनती कुछ मिनटों बाद शुरू होगा.

Kerala Election Results 2026 LIVE: केरल रिजल्ट से पहले केसी वेणुगोपाल के घर के बाहर शांति

केरल चुनाव के नतीजों से पहले तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस महासचिव (संगठन) और सांसद के.सी. वेणुगोपाल के आवास के बाहर के शांति नजर आ रही है. न्यूज एजेंसी एएनआई ने वहां का वीडियो एक्स पर साझा किया है. जिसमें कांग्रेस नेता के घर के बाहर के मात्र के गार्ड नजर आ रहा है. उम्मीद है कि वे जल्द ही केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय के लिए रवाना होंगे.

Kerala Election Results 2026 LIVE: CM पिनराई विजयन की धर्मडम सीट के नतीजों पर सबकी नजर

Kerala Election Results 2026 LIVE: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के साथ ही मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की हाई‑प्रोफाइल धर्मडम सीट पर मतगणना जारी है. इस सीट के रुझानों को राज्य की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां का फैसला सरकार की तस्वीर को काफी हद तक साफ कर सकता है.

Kerala Election Results 2026 LIVE: केरल में वोटों की गिनती से पहले अंतिम चरण की तैयारियां

केरल में वोटों की गिनती शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही है. इसका वीडियो भी सामने आया है. गवर्नमेंट कॉलेज मलप्पुरम में वोटों की गिनती के लिए अंतिम चरण की तैयारियां चल रही हैं.

Kerala Election Results LIVE: एग्जिट पोल में केरल में 10 साल बाद सत्ता परिवर्तन के संकेत

केरल में एग्जिट पोल में 10 साल के बाद सत्ता परिवर्तन के संकेत दिखाए गए थे. 140 सीटों वाले केरल में बहुमत का आंकड़ा 71 है. NDTV Poll of Polls के अनुसार, इस बार लेफ्ट फ्रंट (LDF) को झटका लग सकता है.

UDF (कांग्रेस गठबंधन): 75 सीटें

LDF: 60 सीटें

NDA: 4 सीटें

Kerala Election Results LIVE: कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला बोले- UDF की जीत होगी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने कहा कि यूडीएफ चुनाव में विजयी होगा. उन्होंने कहा, ‘‘हमारा आकलन है कि कांग्रेस नीत यूडीएफ विजयी होगा.’’ अरनमुला से चुनाव लड़े वरिष्ठ भाजपा नेता कुम्मनम राजशेखरन ने कहा कि पार्टी को इस सीट पर जीत का पूरा भरोसा है. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को राज्य में अपना खाता खुलने की उम्मीद है. वट्टियूरकावु से उम्मीदवार कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने कहा कि उन्हें जीत का भरोसा है.

Kerala Election Results LIVE: केरल में NDA के लिए समर्थन बढ़ा हैः वी मुरलीधरन

केरल में शुरू होने वाली वोटों की गिनती से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता वी मुरलीधरन ने कहा कि मतदाताओं की प्रतिक्रिया से पता चलता है कि भाजपा नीत राजग के लिए समर्थन बढ़ रहा है. मुरलीधरन ने कझाकूटम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा है. मुरलीधरन का मुकाबला माकपा के मौजूदा विधायक के. सुरेंद्रन और कांग्रेस उम्मीदवार टी शरतचंद्र प्रसाद से है. उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि शुरू में यह मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद थी, लेकिन बाद में यह एलडीएफ और राजग के बीच की लड़ाई में बदल गया. इस निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा का पलड़ा साफ तौर पर भारी है.’’

Kerala Chunav Result LIVE: मंत्री पी ए मोहम्मद बोले- हमारी जीत होगी

केरल में विभिन्न दलों के नेताओं और उम्मीदवारों ने चार मई को घोषित होने वाले विधानसभा चुनाव परिणामों से पहले जीत का भरोसा जताया. केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को हुआ था. केरल के मंत्री पी ए मोहम्मद रियास ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य भर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ के लिए स्थिति अनुकूल है.

Kerala Election Results LIVE: केरल में वोटिंग आज

केरल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आज घोषित होंगे. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. राज्य में 140 सीट के लिए कुल 883 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा. 43 स्थानों पर 140 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं. 

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com