विज्ञापन

फोन से दूरी बनते ही होने लगती है बेचैनी? जानिए क्या है स्मार्टफोन विड्रॉल और कैसे पहचानें इसके संकेत

Smartphone Withdrawal: स्मार्टफोन विदड्रॉल क्या है? जानें फोन दूर होने पर क्यों होती है बेचैनी, चिंता और घबराहट. एक्सपर्ट्स से समझें स्क्रीन टाइम के मेंटल हेल्थ पर असर और बचाव के उपाय.

फोन से दूरी बनते ही होने लगती है बेचैनी? जानिए क्या है स्मार्टफोन विड्रॉल और कैसे पहचानें इसके संकेत
स्मार्टफोन का बहुत ज्यादा इस्तेमाल से नींद, ध्यान, मूड पर प्रभाव पड़ता है.

Phone Addiction Signs: आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि हमारी रोजाना की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक लोग लगातार फोन से जुड़े रहते हैं. काम, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शॉपिंग, मनोरंजन, दोस्तों से बातचीत और यहां तक कि तनाव कम करने के लिए भी लोग फोन का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन, क्या आपने कभी महसूस किया है कि फोन कुछ देर दूर होते ही बेचैनी, घबराहट या खालीपन महसूस होने लगता है? मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट इसे स्मार्टफोन विदड्रॉल कहते हैं. यह ऐसी स्थिति है, जिसमें व्यक्ति फोन इस्तेमाल न कर पाने पर मानसिक और भावनात्मक असहजता महसूस करता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, लगातार स्क्रीन टाइम और सोशल मीडिया की आदत धीरे-धीरे दिमाग को डिजिटल स्टिमुलेशन का आदी बना सकती है, जिसका असर नींद, ध्यान, मूड और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है.

क्या होता है स्मार्टफोन विदड्रॉल? | What is Smartphone Withdrawal?

स्मार्टफोन विदड्रॉल उस मानसिक और भावनात्मक स्थिति को कहा जाता है, जब कोई व्यक्ति फोन से दूर होने पर असहज महसूस करने लगता है. यह स्थिति तब सामने आ सकती है जब फोन की बैटरी खत्म हो जाए, इंटरनेट बंद हो जाए, यात्रा के दौरान नेटवर्क न मिले या व्यक्ति खुद स्क्रीन टाइम कम करने की कोशिश करे.

हालांकि स्मार्टफोन एडिक्शन को अभी आधिकारिक मानसिक बीमारी नहीं माना गया है, लेकिन मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि बहुत ज्यादा फोन निर्भरता तेजी से बढ़ रही है, खासकर युवाओं में. फोन लगातार दिमाग को नए नोटिफिकेशन, लाइक्स, मैसेज और मनोरंजन के जरिए रिवॉर्ड देता रहता है, जिससे बार-बार उसे चेक करने की आदत बन जाती है.

Latest and Breaking News on NDTV

कौन-कौन से संकेत बताते हैं कि आप फोन पर जरूरत से ज्यादा निर्भर हैं?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक कुछ सामान्य संकेतों को पहचानकर ये समझा जा सकता है कि मोबाइल फोन पर आपकी निर्भरता बहुत ज्यादा है:

  • बिना नोटिफिकेशन के भी बार-बार फोन चेक करना.
  • फोन पास न होने पर चिंता या बेचैनी महसूस होना.
  • खाली समय में तुरंत सोशल मीडिया खोल लेना.
  • फोन दूर रखने पर चिड़चिड़ापन बढ़ना.
  • पढ़ाई या काम में ध्यान केंद्रित करने में परेशानी.
  • बार-बार “फोन वाइब्रेट” होने का एहसास होना, जबकि ऐसा न हुआ हो
  • रात में देर तक स्क्रीन देखने के कारण नींद खराब होना.

अगर ये आदतें लगातार बढ़ रही हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि डिजिटल आदतें मेंटल हेल्थ को प्रभावित करने लगी हैं.

मानसिक स्वास्थ्य पर कैसे पड़ता है असर?

कई रिसर्च बताती हैं कि जरूरत से ज्यादा स्मार्टफोन इस्तेमाल चिंता, तनाव और ध्यान की कमी जैसी समस्याओं से जुड़ा हो सकता है. देर रात तक स्क्रीन देखने से शरीर में मेलाटोनिन हार्मोन का प्रोडक्शन इफेक्ट होता है, जिससे नींद का चक्र बिगड़ सकता है.

इसके अलावा लगातार डिजिटल कंटेंट देखने से दिमाग शांत वातावरण या बोरियत को सहन करने में कम सहज महसूस करने लगता है. यही कारण है कि कई लोग कुछ मिनट खाली बैठने पर भी तुरंत फोन उठा लेते हैं.

सोशल मीडिया क्यों बढ़ाता है यह समस्या?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस तरह डिजाइन किए जाते हैं कि यूजर ज्यादा से ज्यादा समय तक जुड़े रहें. अंतहीन स्क्रॉलिंग, लाइक्स, नोटिफिकेशन और छोटे वीडियो दिमाग में रिवॉर्ड साइकल बनाते हैं. इसमें व्यक्ति बार-बार नई चीज देखने और तुरंत संतुष्टि पाने की कोशिश करता है. यही आदत धीरे-धीरे कंपल्सिव यानी मजबूरी जैसी बन सकती है.

Latest and Breaking News on NDTV

क्या स्क्रीन टाइम कम करने से फायदा हो सकता है?

डॉक्टरों का कहना है कि धीरे-धीरे फोन की आदतों में बदलाव लाकर मानसिक स्वास्थ्य बेहतर किया जा सकता है. इसके लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं:

  • सोने से एक घंटा पहले स्क्रीन बंद करें.
  • गैर-जरूरी नोटिफिकेशन बंद रखें.
  • दिन में छोटे-छोटे डिजिटल ब्रेक लें.
  • ऐप इस्तेमाल की समय सीमा तय करें.
  • खाली समय में किताब, वॉक या ऑफलाइन गतिविधियां अपनाएं.

एक्सपर्ट्स मानते हैं कि तकनीक से पूरी तरह दूरी बनाना जरूरी नहीं, बल्कि उसका संतुलित इस्तेमाल करना ज्यादा जरूरी है.

क्या कहती हैं स्टडी?

अमेरिका की अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन और कई मेंटल हेल्थ स्टडी में यह पाया गया है कि बहुत ज्यादा स्मार्टफोन और सोशल मीडिया उपयोग तनाव, नींद की समस्या और चिंता को बढ़ा सकता है.

एक दूसरी रिसर्च जो नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफोर्मेशन (NCBI) पर प्रकाशित हुई, उसमें स्मार्टफोन ओवरयूज के मेंटल हेल्थ पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में बताया गया है.

ये भी पढ़ें: 

इबोला के नए स्ट्रेन के खिलाफ रूस ने किया वैक्सीन बनाने का दावा, स्वास्थ्य मंत्री मुराशको ने दी जानकारी

हर वेट लॉस सप्लीमेंट में क्यों होता है L-Carnitine? एक्सपर्ट से जानिए फायदा, साइड इफेक्ट और सही डोज

खून की एक बूंद से चलेगा कैंसर का पता, चीन के वैज्ञानिकों ने बनाई जेब में आने वाली मशीन

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com