कभी-कभी सफर किसी नई जगह की तलाश नहीं, बल्कि खुद से मिलने का बहाना होता है. खज्जियार पहुंचने के बाद मुझे पहली बार लगा कि फोन की स्क्रीन से ज्यादा खूबसूरत दुनिया हमारे आसपास है. देवदार के घने जंगल, बादलों के बीच पसरे हरे मैदान और हवा में घुली ठंडक ने ऐसा सुकून दिया कि कुछ देर के लिए मोबाइल जेब में ही पड़ा रहा. यहां की खामोशी में भी एक कहानी है और शायद यही वजह है कि खज्जियार को सिर्फ 'मिनी स्विट्जरलैंड' कहना इसकी खूबसूरती के साथ इंसाफ नहीं होगा. अगर आपको भी खज्जियार की खूबसूरती देखनी है तो आप अपनी मम्मी-पापा, पत्नी और बच्चों के साथ यहां आ सकते हैं.
खज्जियार पहुंचते ही बदल गया माहौल

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में डलहौजी के पास बसे खज्जियार को भारत का 'मिनी स्विट्जरलैंड' कहा जाता है. चारों तरफ देवदार के पेड़, हरे मैदान और शांत माहौल यहां पहुंचते ही मन को अलग सुकून देते हैं. यहां आकर फोन देखने से ज्यादा नजरें पहाड़ों पर टिकती हैं.
झील और मंदिर ने खींचा ध्यान

खज्जियार झील यहां का प्रमुख आकर्षण है. मैदान के बीच मौजूद यह छोटी-सी झील जगह की खूबसूरती बढ़ााती है. वहीं, करीब 10वीं शताब्दी का खज्जी नाग मंदिर आस्था और इतिहास दोनों से जोड़ता है.
जंगलों के बीच पैराग्लाइडिंग का अलग मजा

अगर आपको प्रकृति के बीच वक्त बिताना पसंद है तो 'कलतोप वन्यजीव अभयारण्य' जरूर जा सकते हैं. नेचर वॉक, फोटोग्राफी और घुड़सवाारी जैसी गतिविधियां सफर को और खास बना देती हैं. यहां पैराग्लाइडिंग और जॉर्बिंग का मजा भी लिया जा सकता है.
दिल्ली से कैसे पहुंचे खज्जियार

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली से खज्जियार की दूरी करीब 580 से 600 किलोमीटर है. अगर आप अपनी कार से जाते हैं तो करीब 11-13 घंटे लग सकते हैं. सबसे पहले आपको दिल्ली से NH-44 होते हुए पानीपत, अंबाला, लुधियाना, जालंधर और पठानकोट पहुंचें. इसके बाद डलहौजी और फिर करीब 22 से 24 किलोमीटर दूर खज्जियार पहुंचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Weekend Plan: मसूरी-नैनीताल छोड़िए... इस बार हनोल के प्राचीन महासू मंदिर घूम आइए, उत्तराखंड की इस जगह मिलेगा सुकून
कब जाएं खज्जियार

अगर आप अपनी मम्मी-पापा, पत्नी और बच्चों के साथ खज्जियार का प्लान कर रहे हैं तो मार्च से जून और सितंबर से नवंबर के बीच में आपको जाना चाहिए. मार्च से जून हरियाली और सुहाने मौसम के लिए, सितंबर से नवंबर साफ नजारों के लिए और दिसंबर से फरवरी बर्फबारी देखने के लिए अच्छा समय माना जाता है.
यह भी पढ़ें: पहाड़, हरियाली और सुकून... स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर दिल्ली वालों के लिए ये 5 बेस्ट डेस्टिनेशन जीत लेंगे दिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं