रसगुल्ला वो मिठाई है, जिसका स्वाद हर किसी को खूब पसंद होता है. लेकिन कई बार लोग बाजार में मिलने वाले मिलावटी रसगुल्ले खाने से बचते हैं, वहीं इन्हें घर पर बनाना बड़ी मेहनत का काम लगता है. अब, अगर आप भी इन कारणों के चलते रसगुल्ले नहीं खा पाते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको केवल 20 मिनट के अंदर प्रेशर कुकर में रसगुल्ले बनाने की बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी शेफ यमन अग्रवाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है. आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका-
रसगुल्ले बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इस रेसिपी के लिए आपको-
- करीब सवा दो लीटर गाय का दूध
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच सूजी
- 2 कप चीनी और 6 कप पानी की जरूरत होगी.
- इसके लिए सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में थोड़ा सा पानी डालें और फिर दूध डालकर अच्छी तरह उबाल लें. दूध को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि ये नीचे न लगे.
- दूध उबल जाए तो गैस बंद कर दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें.
- अब, 1 चम्मच नींबू के रस को थोड़ा-थोड़ा करके दूध में डालें. साथ ही दूध को चलाते रहें. ऐसा करने से कुछ ही देर में दूध फट जाएगा और छेना अलग हो जाएगा.
- अब, एक बर्तन पर छलनी रखें और उस पर गीला मलमल का कपड़ा बिछाकर छेना छान लें.
- इसके बाद एक बार छेने को साफ पानी से धो लें, ताकि नींबू का खट्टापन निकल जाए.
- फिर इसे कपड़े में रखकर हल्के हाथों से दबाएं और सारा पानी निकाल दें.
- अब, छेने में 1 छोटा चम्मच सूजी डालकर मिलाएं. इसे मिक्सी में थोड़ी-थोड़ी देर चलाकर नरम कर लें.
- इतना करने के बाद छेने से हाथों से करीब 20 ग्राम की छोटी-छोटी गोलियां बना लें.
- इतना करने के बाद एक कुकर में 2 कप चीनी और 6 कप पानी डालकर उबाल लें.
- जब चाशनी अच्छी तरह खौलने लगे, तब उसमें तैयार छेने की गोलियां डालें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें.
- तेज आंच पर 2 सीटी आने दें. इसके बाद आंच धीमी करके 5 मिनट पकाएं. फिर गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें.
इतना करते ही आपके स्वाद में लाजवाब रसगुल्ले बनकर तैयार हो जाएंगे. प्रेशर खत्म होने के बाद रसगुल्ले थोड़े ठंडे होने दें. फिर आप इनका लुत्फ उठा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- बिहारी सरसों की चटनी कैसे बनाएं? नोट कर लें तीखी-खट्टी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं