World Nutrition week 2026 : अक्सर दादी-नानी को कहते हुए सुना होगा कि 'प्रेग्नेंसी में दो लोगों का खाना खाना जरूरी होता है, एक बच्चे का और एक प्रेग्नेंट महिला का.' क्या दादी-नानी की कही ये बात सही है? इस विषय को लेकर डॉक्टर का कहना है कि ये सोच पूरी तरह सही नहीं है. प्रेग्नेंसी में जरूरत खाने की मात्रा बढ़ाने से ज्यादा खाने में सभी जरूरी न्यट्रीएंट्स को शामिल करना जरूरी होता है. खासतौर पर प्रोटीन होना जरूरी है. ये एक ऐसा पोषक तत्व है, जो मां और गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों के हेल्दी डेवलेपमेंट के लिए बहुत ही जरूरी होता है.
मधुकर रेनबो चिल्ड्रेन हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट, गायनोक्लोजिस्ट डॉक्टर साक्षी गोयल का कहना है कि गर्भावस्था में कैलोरी की जरूरत थोड़ी बढ़ती है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि महिला को दोगुना खाना खाना चाहिए. दूसरे और तीसरे ट्राइमेस्टर में आमतौर पर रोजाना 300 से 450 अतिरिक्त कैलोरी की आवश्यकता होती है. इस दौरान शरीर को प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और फोलिक एसिड जैसे पोषक तत्वों की अधिक जरूरत होती है.
क्यों जरूरी है प्रोटीन?
प्रोटीन बच्चे के शरीर, मांसपेशियों, अंगों और टिश्यूज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है. इसके अलावा ये प्लेसेंटा और एमनियोटिक फ्लूइड के विकास में भी मदद करता है. यही नहीं, मां के शरीर में बढ़ने वाली रक्त मात्रा और टिश्यूज की मरम्मत के लिए भी प्रोटीन जरूरी होता है.
डॉक्टर का कहना है कि एक सामान्य महिला को जहां करीब 46 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. वहीं, गर्भावस्था के दौरान यह आवश्यकता बढ़कर 70 से 100 ग्राम प्रतिदिन तक पहुंच सकती है. पर्याप्त प्रोटीन न लेने पर थकान, कमजोरी और डिलीवरी के बाद रिकवरी में अधिक समय लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
किन बातों पर दें ध्यान
डॉक्टर कहती हैं कि प्रोटीन को पूरे दिन के भोजन में शामिल करें. ब्रेकफास्ट से लेकर रात के खाने तक संतुलित मात्रा में प्रोटीन लेने से शरीर इसका बेहतर उपयोग कर पाता है.
दरअसल, गर्भावस्था में 'दो लोगों के लिए खाना' नहीं, बल्कि 'दो लोगों के लिए सही न्यट्रीएंट्स सबसे ज्यादा मायने रखता है. संतुलित और प्रोटीन युक्त आहार मां और बच्चे दोनों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
ये भी पढ़ें - तुकाराम ने पकड़ा नया स्कैम- Maggi, Lay's, Kurkure के पैकेट में फर्जीवाड़ा कर सेहत से हो रहा खिलवाड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं