Heatwave Safety Tips: उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में है. कई शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं लग रहा. लेकिन, हीट वेव सिर्फ ज्यादा गर्मी नहीं होती, बल्कि यह शरीर के लिए जानलेवा स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग लगातार चेतावनी दे रहा है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू का असर बना रह सकता है. बढ़ती गर्मी का असर अब सिर्फ स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि बिजली, पानी, महंगाई और रोजमर्रा की लाइफस्टाइल पर भी दिखने लगा है. ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि हीट वेव आखिर क्या होती है, यह कितनी खतरनाक हो सकती है और इससे बचने के लिए क्या सावधानियां अपनानी चाहिए.
आखिर हीट वेव क्या होती है? | What Exactly is a Heatwave?
हीट वेव यानी ऐसी स्थिति जब हवा का तापमान सामान्य से काफी ज्यादा हो जाए और वह मानव शरीर के लिए खतरनाक बनने लगे. मैदानी इलाकों में जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा पहुंच जाता है, तो उसे हीट वेव माना जाता है. वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान खतरनाक माना जाता है.
अगर तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा हो, तो इसे हीट वेव कहा जाता है. वहीं 6.4 डिग्री से ज्यादा बढ़ने पर यह गंभीर हीट वेव बन जाती है.
इसके अलावा अगर वास्तविक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाए, तो वह हीट वेव मानी जाती है और 47 डिग्री से ऊपर होने पर स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है.
ये भी पढ़ें: आम खाने के बाद क्यों कुछ लोगों को हो जाता है डायरिया? जानिए क्यों होता है पेट खराब

शरीर पर कैसे असर डालती है हीट वेव?
लगातार तेज गर्मी शरीर को अंदर से कमजोर करने लगती है. सबसे बड़ा खतरा डिहाइड्रेशन का होता है, यानी शरीर में पानी की कमी.
लू के आम लक्षण | Common Symptoms of a Heatwave
- तेज थकान और कमजोरी
- चक्कर आना
- सिरदर्द और उल्टी
- मांसपेशियों में ऐंठन
- ज्यादा पसीना आना
- बेहोशी जैसी स्थिति
अगर शरीर का तापमान 104 डिग्री फारेनहाइट या उससे ज्यादा हो जाए, तो हीट स्ट्रोक का खतरा पैदा हो सकता है. यह स्थिति जानलेवा मानी जाती है और इसमें तुरंत मेडिकल मदद जरूरी होती है.

Photo Credit: फोटो सौजन्य - Canva
सिर्फ सेहत नहीं, लाइफस्टाइल और जेब पर भी असर
हीट वेव का असर अब केवल गर्मी तक सीमित नहीं है. बढ़ती गर्मी की वजह से बिजली की मांग रिकॉर्ड लेवल तक पहुंच गई है. एयर कंडीशनर, कूलर और पंखों के ज्यादा इस्तेमाल से 25 अप्रैल को देश में बिजली की मांग 256.11 GW तक पहुंच गई.
दूसरी तरफ मौसम विभाग ने इस साल सामान्य से कम मॉनसून का अनुमान जताया है. कम बारिश का असर खेती और खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर पड़ सकता है, जिससे महंगाई बढ़ने का खतरा है.
ये भी पढ़ें: मधुमक्खी काट ले तो 10 मिनट में करें ये काम, नहीं फैलेगा जहर और सूजन भी घटेगी
गर्मी से बचने के स्मार्ट लाइफस्टाइल टिप्स | Smart Lifestyle Tips to Beat the Heat
1. पानी को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं: प्यास लगे या न लगे, बार-बार पानी पीते रहें. नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी भी फायदेमंद हैं.
2. दोपहर में बाहर निकलने से बचें: दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप सबसे खतरनाक होती है. जरूरी काम सुबह या शाम में करें.
3. कपड़ों का सही चुनाव करें: हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं.
4. चाय-कॉफी कम करें: बहुत ज्यादा चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं.
5. घर को नेचुरली कूल रखें: खिड़कियों पर पर्दे लगाएं, कमरे में पौधे रखें और घर को हवादार बनाए रखें.
6. बच्चों और पालतू जानवरों का रखें खास ध्यान: उन्हें कभी भी बंद गाड़ी में अकेला न छोड़ें. थोड़ी देर में भी गाड़ी का तापमान खतरनाक हो सकता है.
हीट वेव अब सिर्फ मौसम की खबर नहीं, बल्कि एक बड़ा हेल्थ और लाइफस्टाइल संकट बन चुकी है. बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी के बीच सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है. सही खानपान, पर्याप्त पानी और स्मार्ट लाइफस्टाइल अपनाकर इस खतरनाक गर्मी के असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं