Diarrhea Due To Mango: गर्मी आते ही बाजारों में आम की खुशबू छा जाती है. कोई ठंडा आम काटकर या चूसकर खाना पसंद करता है तो कोई आमरस, शेक या मैंगो डेजर्ट का इंतजार करता है. स्वाद और पोषण से भरपूर यह फल ज्यादातर लोगों की पहली पसंद होता है, लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं जिन्हें आम खाने के बाद पेट में गड़बड़ी महसूस होने लगती है. किसी को गैस बनती है, किसी को पेट भारी लगता है और कुछ लोगों को दस्त (Diarrhea) जैसी परेशानी भी हो जाती है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि आम अपने आप में नुकसानदायक नहीं है, लेकिन इसे खाने का तरीका, मात्रा और शरीर की पाचन क्षमता इस बात को तय करती है कि इसे खाना आपकी सेहत के लिए कितना सही रहेगा. सीके बिड़ला अस्पताल में क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट दीपाली शर्मा का कहना है कि स्वस्थ व्यक्तियों को आमतौर पर आम खाने के बाद दस्त नहीं होते हैं जब तक कि वे फल का बहुत अधिक सेवन न करें या अनुचित तरीके से न खाएं.
आम खाने से दस्त कैसे होता है? (How Diarrhea Happens Due To Mango)
ज्यादा आम खाना पड़ सकता है भारी
आम में फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है. यह पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा खाने पर यही फाइबर पेट को परेशान कर सकता है. कई बार लोग एक साथ 3-4 आम खा लेते हैं, जिससे पेट पर दबाव बढ़ सकता है और ढीले दस्त की समस्या हो सकती है.

प्राकृतिक शुगर भी बन सकती है कारण
आम में फ्रूट शुगर यानी फ्रक्टोज (Fructose) मौजूद होता है. कुछ लोगों का शरीर इसे आसानी से पचा नहीं पाता. ऐसे में पेट में गैस (Gas), सूजन (Swelling) और मरोड़ जैसी परेशानी शुरू हो सकती है. जिन लोगों का पाचन पहले से कमजोर हो, उन्हें यह दिक्कत ज्यादा महसूस हो सकती है.
ज्यादा पके आम बढ़ा सकते हैं परेशानी
बहुत ज्यादा पके हुए आम मीठे जरूर लगते हैं, लेकिन कुछ लोगों के लिए यही ज्यादा मिठास एसिडिटी और पेट की जलन का कारण बन सकती है. खासकर अगर खाली पेट या ज्यादा मात्रा में खाया जाए तो पेट खराब होने का खतरा बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें- ज्यादा पानी वाला नारियल बिना काटे कैसे पहचानें? जानिए खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान
साफ-सफाई को हल्के में न लें
गर्मियों में फल जल्दी खराब हो जाते हैं. अगर आम को ठीक से धोया न जाए या कटे हुए आम लंबे समय तक खुले में रखे रहें तो उनमें बैक्टीरिया (Bacteria) पनप सकते हैं. ऐसे आम खाने से पेट दर्द, उल्टी (Vomiting) और दस्त की समस्या हो सकती है. सड़क किनारे खुले में बिकने वाले कटे फल खाने से भी बचना चाहिए.
केमिकल से पकाए गए आम कर सकते हैं नुकसान
कुछ जगहों पर आम को जल्दी पकाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे आम कई बार पेट को सूट नहीं करते और आंतों में जलन पैदा कर सकते हैं. इसलिए कोशिश करें कि प्राकृतिक तरीके से पके आम ही खरीदें.
आम खाते समय इन बातों का रखें ध्यान-
- एक बार में बहुत ज्यादा आम न खाएं.
- आम खाने से पहले अच्छी तरह धो लें.
- कटे आम को लंबे समय तक बाहर न रखें.
- बहुत तेलीय और मसालेदार खाने के साथ आम खाने से बचें.
- अगर पेट संवेदनशील है तो कम मात्रा में खाएं.
क्या आम खाना छोड़ देना चाहिए?
आम खाना बिल्कुल नहीं छोड़ना चाहिए, आम में कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. बस जरूरत है संतुलित मात्रा और सही तरीके से खाने की. सही सावधानी रखने पर ज्यादातर लोग बिना किसी परेशानी के आम को चाव से खा सकते हैं और इसके मीठे स्वाद के मजे ले सकते हैं.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं