श्रीलंका में जारी ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में आज (11 जून 2026) भारतीय 'ए' टीम की भिड़ंत अफगानिस्तान की 'ए' टीम के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दांबुला में खेला जा रहा है. जहां अफगानिस्तान 'ए' टीम के कप्तान इमरान ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया है. इससे पहले सीरीज का पहला मुकाबला नौ जून को इसी मैदान पर भारत 'ए' और श्रीलंका 'ए' के बीच खेला गया था. जहां भारतीय टीम सराहनीय प्रदर्शन करते हुए आठ रनों से बाजी मारने में कामयाब रही थी. ऋतुराज गायकवाड़ मैच के हीरो बनकर उभरे थे. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जब भारतीय टीम के दोनों ओपनर सस्ते में पवेलियन लौट गए थे. उस दौरान चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने ना केवल भारतीय पारी को संभाला था, बल्कि 114 गेंद में 88.60 की स्ट्राइक रेट से 101 रन बनाने में कामयाब हुए थे. जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था.
पिछले पांच पारियों में भारत 'ए' और अफगानिस्तान 'ए' का प्रदर्शन
बात करें दोनों टीमों के पिछले पांच प्रदर्शन के बारे में तो भारतीय 'ए' को अपने पिछले पांच में से चार मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि महज एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है. वहीं अफगानिस्तान की 'ए' टीम को अपने पिछले पांच मैचों में दो मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. इस लिहाज से आज के मुकाबले में भारतीय टीम का पलड़ा अफगानिस्तान के खिलाफ मजबूत नजर आ रहा है.
आज के मुकाबले के लिए भारत ए' और अफगानिस्तान 'ए' की प्लेइंग XI
भारत 'ए': वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय और अंशुल कंबोज.
अफगानिस्तान 'ए': इमरान मीर (कप्तान), हसन ईसाखिल, खालिद तनिवाल, इजाज अहमद अहमदजई, बहिर शाह, इशाक रहीमी (विकेट कीपर), खलील गुरबाज, जहीर खान, अब्दुल्ला अहमदजई, मोहम्मद इब्राहिम और फरमानुल्लाह सफी.
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से आज निकलेगा रनों का तूफान या लोग फिर होंगे निराश? पिछली 5 पारियां दे रही हैं जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं