क्या आपको या आपके घर में किसी को सीने में दर्द होता है और उसे गैस समझ कर गैस की गोली खा लेते हैं. सोचते हैं, खाना ज्यादा खा लिया, एसिडिटी हो गई है. थोड़ी देर में ठीक हो जाएगा. लेकिन डॉक्टर कहते हैं, यही सबसे बड़ी गलती है. हाल ही में NDTV के एक इंटरव्यू में हार्ट के बड़े डॉक्टर डॉ. अमित भूषण शर्मा ने बताया कि सीने में दर्द, दबाव या जकड़न को कभी मामूली समझकर मत टालिए. ये Classical Angina के संकेत हो सकते हैं और ये दिल की बीमारी के शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं तो चलिए जानते हैं कब क्या सावधानी है बरतनी.
क्लासिकल एंजाइना क्या होता है?
दिल को भी खून चाहिए, ऑक्सीजन चाहिए. जब दिल की नसों में रुकावट आ जाती है, कोलेस्ट्रॉल जम जाता है, तो दिल तक पूरा खून नहीं पहुंच पाता. तब दिल दर्द करके बताता है, मुझे खून नहीं मिल रहा. इसी को एंजाइना कहते हैं. ये दर्द दिल का पहला अलार्म है. अगर इस अलार्म को समझ लिया, तो हार्ट अटैक से बचा जा सकता है.
यहां देखें पोस्ट-
क्लासिकल एंजाइना का दर्द कैसा होता है?
डॉ. शर्मा कहते हैं, ये दर्द आम दर्द जैसा नहीं होता उंगली से बता नहीं सकते - अगर आपको कहीं चोट लगती है, तो आप उंगली से बता देते हैं, यहां दर्द हो रहा है. लेकिन एंजाइना का दर्द ऐसा नहीं होता. इसको आप उंगली से पॉइंट करके नहीं बता सकते. पूरे सीने में होता है ये दर्द पूरे सीने में फैला हुआ होता है. ऐसा लगता है, जैसे किसी ने सीने पर भारी पत्थर रख दिया हो. ये दर्द चुभने वाला नहीं होता, दबाव वाला होता है. सीना दब रहा है, जकड़ रहा है, ऐसा लगता है. चलने पर बढ़ता है, आराम पर कम होता है ये सबसे बड़ा पहचान है. अगर आप सीढ़ी चढ़ रहे हैं, तेज चल रहे हैं, भारी सामान उठा रहे हैं, तो दर्द बढ़ जाएगा और जैसे ही आप रुक जाएंगे, बैठ जाएंगे, आराम करेंगे, दर्द कम हो जाएगा. अगर आपका दर्द ऐसा है, तो इसको गैस मत समझिए. तुरंत डॉक्टर को दिखाइए.
हार्ट अटैक का दर्द सिर्फ सीने में ही नहीं होता-
बहुत से लोगों को लगता है, हार्ट का दर्द सिर्फ सीने में होगा. लेकिन डॉ. शर्मा कहते हैं, ऐसा नहीं है. Classical Angina का दर्द फैलता है. दर्द कहां-कहां जा सकता है?
1. बाएं हाथ में, कंधे में
2. दाएं हाथ में भी जा सकता है
3. गर्दन में, जबड़े में
4. पीठ में, दोनों कंधों के बीच में
5. पेट के ऊपरी हिस्से में
कई बार तो सीने में दर्द ही नहीं होता. सिर्फ जबड़ा दुखता है, या हाथ दुखता है, या पीठ दुखती है. लोग दांत का दर्द समझकर डेंटिस्ट के पास चले जाते हैं, या कंधे का दर्द समझकर मालिश करा लेते हैं और अंदर ही अंदर हार्ट की बीमारी बढ़ती रहती है.
ये लक्षण भी हो सकते हैं एंजाइना-
कभी-कभी दर्द नहीं होता, लेकिन ये लक्षण होते हैं इनको Angina Equivalent कहते हैं.
1. सांस फूलना
2. पसीना आना
3. एसिडिटी और गैस लगना
4. घबराहट और बेचैनी
डॉ. शर्मा खासकर डायबिटीज वाले मरीजों के लिए चेतावनी देते हैं. डायबिटीज वालों को कई बार सीने में दर्द ही नहीं होता. उनको सिर्फ सांस फूलना, थकान, या गैस जैसा लगता है और इसी वजह से उनका हार्ट अटैक पकड़ में नहीं आता.
दर्द हो, तो क्या करें?
अगर आपको ऐसा दर्द हो रहा है, तो टाइम मत बर्बाद कीजिए तुरंत रुक जाइए - जो काम कर रहे हैं, उसको रोक दीजिए बैठ जाइए, आराम कीजिए. घर पर इंतजार मत कीजिए गैस की गोली खाकर इंतजार मत कीजिए कि ठीक हो जाएगा. तुरंत अस्पताल जाइए नजदीकी अस्पताल में जाकर ECG कराइए. ECG से पता चल जाएगा, दर्द दिल का है या गैस का.
ये भी पढ़ें- क्या बीपी की दवा से कम हो सकता है वजन? नई रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं