विज्ञापन

आलू की चटनी कैसे बनाएं? जानें हरियाणा वाली चटनी बनाने की आसान रेसिपी

खास बात यह है कि इस चटनी को बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता है, साथ ही इसे बनाने में बहुत सारी चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती है. आइए जानते हैं आलू की चटनी बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

आलू की चटनी कैसे बनाएं? जानें हरियाणा वाली चटनी बनाने की आसान रेसिपी
आलू की चटनी
(Photo Credit: NDTV)

खाने के साथ अगर चटपटी और स्वादिष्ट चटनी मिल जाए, तो सादी रोटी का स्वाद भी बढ़ जाता है. अब, आपने धनिया, पुदीना और टमाटर की चटनी तो कई बार खाई होगी, लेकिन क्या कभी आपने आलू की चटनी खाई है? अगर नहीं, तो यहां हम आपको इसी की आसान रेसिपी बता रहे हैं. बता दें कि ये चटनी हरियाणा में खूब खाई जाती है और इसका स्वाद बेहद कमाल का होता है. खास बात यह है कि इस चटनी को बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता है, साथ ही इसे बनाने में बहुत सारी चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती है. आइए जानते हैं आलू की चटनी बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका- 

चाहिए होंगी ये चीजें- 

चटनी बनाने के लिए आपको- 

  • उबले हुए आलू
  • ताजी लस्सी
  • स्वाद के अनुसार नमक
  • पिसी हुई हरी मिर्च
  • काली मिर्च पाउडर
  • धनिया पाउडर
  • सूखा हरा धनिया
  • देसी घी और
  • जीरा की जरूरत होगी.
कैसे बनाएं हरियाणा वाली आलू की चटनी?
  • सबसे पहले आलू को अच्छी तरह उबाल लें. जब आलू ठंडे हो जाएं, तो उनके छिलके उतार लें. 
  • अब, एक बर्तन में आलू डालकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. ध्यान रखें कि आलू में बड़े टुकड़े न रहें.
  • इसके बाद मैश किए हुए आलू में धनिया पाउडर, नमक, पिसी हुई हरी मिर्च और काली मिर्च पाउडर डालें. इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. 
  • इसके बाद इसमें ताजी लस्सी डालें और चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिलाएं. लस्सी को धीरे-धीरे डालें, ताकि चटनी ज्यादा पतली न हो जाए.
  • अब, इसमें सूखा हरा धनिया डालकर फिर से मिला दें. इससे चटनी का स्वाद और अच्छा हो जाता है.
देसी घी और जीरे का लगाएं तड़का

इस चटनी का असली स्वाद इसके तड़के में छिपा है. इसके लिए एक छोटे बर्तन में देसी घी गर्म करें. जब घी गर्म हो जाए, तो इसमें जीरा डाल दें. जीरा चटकने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब, इस गर्म घी और जीरे के तड़के को तैयार चटनी के ऊपर डाल दें. इस तरह आपकी स्वादिष्ट हरियाणवी आलू की चटनी बनकर तैयार हो जाएगी. चटनी बनाने की ये रेसिपी इंस्टाग्राम हैंडल 'सास-बहू किचन' पर शेयर की गई है.

आप इस चटनी को गर्मागर्म रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ खा सकते हैं. इसका स्वाद सादी रोटी के साथ भी बहुत अच्छा लगता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता. ऐसे में जब घर में सब्जी बनाने का मन न हो या खाने में कुछ अलग खाने का मन करे, तब आप इसे झटपट बना सकते हैं.

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- मिट्टी के दीये से छाछ में तड़का कैसे लगाएं? जानें तड़का छाछ बनाने का आसान तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com