बीपी की दवा और वजन घटाना, दोनों का क्या कनेक्शन हो सकता है? अभी तक तो हम यही जानते थे, बीपी की दवा सिर्फ बीपी कंट्रोल करती है. लेकिन नई रिसर्च ने वैज्ञानिकों को भी चौंका दिया है. हाई ब्लड प्रेशर की दवा Losartan को लेकर वैज्ञानिकों को एक दिलचस्प संकेत मिला है. इस दवा को लेने वाले लोगों में ब्राउन फैट यानी गुड फैट की मात्रा ज्यादा देखी गई. चूहों पर किए गए प्रयोग में इस दवा से ब्राउन फैट की सक्रियता भी बढ़ गई. तो क्या सच में बीपी की दवा से वजन कम हो सकता है? चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं पूरी रिसर्च.
ब्राउन फैट क्या होता है?
हमारे शरीर में दो तरह का फैट होता है व्हाइट फैट- ये वो फैट है, जो पेट, कमर, जांघों पर जमा होता है. ये एनर्जी को स्टोर करता है. यही फैट मोटापा बढ़ाता है.
ब्राउन फैट- ये गुड फैट है. ये एनर्जी को स्टोर नहीं करता, बल्कि कैलोरी को जलाकर गर्मी पैदा करता है. मतलब, ब्राउन फैट जितना ज्यादा एक्टिव होगा, उतनी ज्यादा कैलोरी जलेगी, मेटाबॉलिज्म उतना ही बेहतर होगा. ब्राउन फैट गर्दन, कंधे, बगल, दिल और किडनी के आसपास होता है. बच्चों में ये ज्यादा होता है, बड़ों में कम हो जाता है.
रिसर्च में क्या मिला?
जर्नल में छपी रिसर्च में वैज्ञानिकों ने 1 लाख से ज्यादा कैंसर पेशेंट्स के PET/CT स्कैन को देखा. ये स्कैन कैंसर की जांच के लिए किए गए थे, लेकिन इनमें ब्राउन फैट भी दिखता है.
इसमें क्या मिला?
1. जिन लोगों में ब्राउन फैट ज्यादा था, उनमें दिल की बीमारी, टाइप-2 डायबिटीज का रिस्क कम था.
2. जिन लोगों में ब्राउन फैट ज्यादा था, उनमें एंग्जाइटी और डिप्रेशन भी कम था. ये पहली बार पता चला है.
3. सबसे बड़ा संकेत, जो लोग ARBs क्लास की दवाएं ले रहे थे, जिनमें Losartan भी आती है, उनमें ब्राउन फैट की एक्टिविटी ज्यादा थी.

चूहों पर क्या प्रयोग हुआ?
इस संकेत को चेक करने के लिए वैज्ञानिकों ने Losartan का टेस्ट लैब में किया. पहले उन्होंने ब्राउन फैट की कोशिकाओं पर Losartan लगाया. देखा, तो दवा ने सीधे उन कोशिकाओं की मेटाबॉलिक एक्टिविटी बढ़ा दी. फिर हेल्दी चूहों को Losartan दिया गया. उनमें एनर्जी खर्च बढ़ गया, ऑक्सीजन की खपत बढ़ गई, कार्बन डाइऑक्साइड बनना बढ़ गया. मतलब, उनका मेटाबॉलिज्म तेज हो गया.
क्या Losartan से वजन घटेगा?
रिसर्च में ये साबित नहीं हुआ है कि Losartan इंसानों में वजन घटाती है, या डायबिटीज से बचाती है. चूहों में मेटाबॉलिज्म बढ़ा, लेकिन उनका वजन एकदम स्थिर रहा. वजन घटा नहीं और इंसानों पर जो डेटा है, वो सिर्फ स्कैन देखने से मिला है. वो ये नहीं बताता कि Losartan लेने से ही ब्राउन फैट बढ़ा, या उन लोगों में पहले से ही ब्राउन फैट ज्यादा था.
ये भी पढ़ें- क्या 5 घंटे की नींद काफी है? एक्सपर्ट से जानिए नींद और खर्राटों से जुड़े अहम सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं