सर्दियों की हल्की धूप और ताजा आंवलों की खुशबू जब रसोई में पहुंचती है, तो खाने का स्वाद अपने आप बदल जाता है. अगर आप घर पर बाजार जैसी चटपटी आंवला की चटनी खाना चाहते हैं, तो नीचे बताई ये रेसिपी आपके काम आ सकती है.
यूट्यूब पर @TarlaDalal नाम के चैनल पर तरला ने एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में तरला ने गैस जलाए बिना मिनटों में तैयार हो जाने वाली इस चटनी की रेसिपी शेयर की है. इस रेसिपी की खास बात ये है कि इसे बनाकर आप किसी साफ एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में चार से पांच दिन तक आराम से इस्तेमाल कर सकते हैं. स्वाद बदलना हो, तो आंवले के साथ पुदीना-धनिया या अदरक का मेल भी आज़माया जा सकता है.
देखें वीडियो...
सामग्री की लिस्ट:
आधा कप मोटा कटा हुआ आंवला, 1 कप कटा हुआ हरा धनिया, 1 बड़ी चम्मच मोटी कटी हुई हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच कटा हुआ अदरक, आधा छोटा चम्मच जीरा, एक चौथाई छोटा चम्मच हींग, एक चौथाई छोटा चम्मच काला नमक, 2 छोटे चम्मच चीनी, स्वादानुसार सादा नमक, एक चौथाई कप पानी.
बनाने का आसान तरीका:
- मिक्सर जार में आंवला, धनिया, हरी मिर्च, अदरक, जीरा, हींग, काला नमक, चीनी, स्वादानुसार नमक और एक चौथाई कप पानी एक साथ डाल लीजिए.
- ढक्कन बंद करके तब तक पीसिए जब तक मिश्रण एकदम मुलायम और एकसार न हो जाए.
- तैयार चटनी तुरंत परोसने के लिए निकाल लें या किसी साफ एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रख दें.
इसे किसके साथ खाएं?
आलू, गोभी, मूली, पनीर या सादे घी लगे पराठे के साथ इसका खट्टा और तीखा स्वाद खूब अच्छा लगता है. गरमागरम रोटी, मिस्सी रोटी या सब्ज़ी और पूरी की थाली में यह साइड के तौर पर अच्छा स्वाद देती है. साधारण दाल-चावल, तहरी या खिचड़ी के साथ एक चम्मच चटनी पूरे खाने को चटपटा बना देती है. वहीं, प्याज, आलू, पालक या पनीर के पकौड़ों के साथ यह आम हरी चटनी का बढ़िया विकल्प है.
इसे भी पढ़ें: कुकर में गाजर का हलवा कैसे बनाएं? कुकर में गाजर का हलवा बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं