कुत्ता अगर किसी व्यक्ति को काट ले, तो वो फौरन हॉस्पिटल भागकर इंजेक्शन लगा लेता है. लेकिन वही अगर कोई बिल्ली काट ले, तो लोग अक्सर इसे मामू समझ लेते हैं. क्योंकि उन्हें लगता है कि बिल्ली की हल्की सी खरोंच से कुछ नहीं होगा. क्या सच में ऐसा होता है? क्या बिल्ली के काटने से किसी भी तरह की समस्या होने का खतरा नहीं रहता है? अगर आप भी ऐसा समझते हैं, तो शायद आपकी भी ये एक बड़ी गलती हो सकती है. कई हेल्थ एक्सपर्ट और रिसर्च में भी ये बात कही गई है कि कुत्ते और बिल्ली, दोनों का काटना सेहत के लिए सही नहीं होता है. हालांकि, दोनों का खतरा अलग-अलग तरह का होता है. यहां समझते हैं इस बारे में-
कुत्ते के काटने से लोग क्यों डरते हैं?
हमारे देश में रैबीज के अधिकतर मामले कुत्तों के काटने से जुड़े होते हैं. खासकर आवारा या बिना वैक्सीनेन वाले कुत्तों के काटने से रैबीज फैलने का खतरा काफी ज्यादा रहता है. दरअसल, संक्रमित जानवर की लार के जरिए वायरस शरीर में प्रवेश कर सकता है और समय पर इलाज न मिले तो, ये जानलेवा भी साबित हो सकता है.
इसके अलावा कुत्ते का काटना अक्सर गहरा और बड़ा घाव छोड़ सकता है. कई मामलों में त्वचा, मांसपेशियों और आसपास के ऊतकों को भी नुकसान पहुंचता है. यही वजह है कि डॉग बाइट को मेडिकल इमरजेंसी की तरह लिया जाता है.
बिल्ली का काटना न समझें छोटी सी खरोंच
बिल्ली के काटने या फिर अटैक के बाद अगर आपको हल्की सी खरोंच लगे, तो इसे छोटा सा घाव समझकर इग्नोर करने की गलती बिल्कुल भी न करें. बिल्ली के दांत पतले और बेहद नुकीले होते हैं, जब बिल्ली काटती है तो उसके दांत स्किन के अंदर गहराई तक पहुंच जाते हैं. ऐसे में भले ही आपको ऊपर से छोटा घाव दिखाई दे, लेकिन अंदर बैक्टीरिया तेजी से फैल सकते हैं.
एक्सपर्ट का कहना है कि बिल्ली के मुंह में पास्टेरुल्ला मल्टटोसिदा नाम का बैक्टीरिया पाया जा सकता है, जो कुछ लोगों में तेज सूजन, दर्द और गंभीर इंफेक्शन का कारण बन सकता है. कई बार मरीजों को हॉस्पिटल में भर्ती होने तक की जरूरत पड़ जाती है.
बिल्ली या कुत्ता, कितना बाइट है ज्यादा खतरनाक?
इस सवाल का सीधा जवाब देना बिल्कुल भी आसान नहीं है. अगर रैबीज के नजरिए से देखें, तो कुत्ते का काटना ज्यादा खतरनाक हो सकता है. क्योंकि इससे जुड़े मामले काफी ज्यादा सामने आते हैं. वहीं, अगर बैक्टीरियल इंफेक्शन की बात करें, तो बिल्ली का काटना भी उतना ही खतरनाक हो सकता है और कुछ मामलों में संक्रमण तेजी से फैल सकता है. यानी खतरा सिर्फ जानवर के आकार से तय नहीं होता. कई बार छोटी-सी दिखने वाली कैट बाइट भी बड़ी समस्या बन सकती है.
कुत्ता या बिल्ली काट ले, तो सबसे पहले क्या करें?
कुत्ता या बिल्ली में से अगर कोई भी जानवर काट ले, तो सबसे पहले घाव को बहते पानी और साबुन से अच्छी तरह धोना चाहिए. इसके बाद एंटीसेप्टिक लगाएं और जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें. घरेलू नुस्खों या देरी करने से संक्रमण और रैबीज का जोखिम बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें - छछूंदर काट ले, तो सबसे पहले क्या करें? जानें कितना खतरनाक हो सकता है इसका काटना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं