उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद से गाजियाबाद के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत देने वाली खबर सामने आई है. गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन कल यानी सोमवार को फिर से शुरू होने जा रही है. मेमू ट्रेन के फिर से शुरू होने पर मुरादाबाद, अमरोहा, गजरौला, गढ़मुक्तेश्वर,सिंभावली, हापुड़, पिलखुवा, दासना, अध्यात्मिक नगर, महरौली और गाजियाबाद के लोगों का सफर आसान हो जाएगा. बता दें कि इस रूट पर रोजाना लगभग 35 हजार लोग सफर करते हैं. इनमें से 10 प्रतिशत लोग मेमू ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं.
मेमू ट्रेन पिछले 10 दिन से थी निरस्त
मेमू ट्रेन पिछले 10 दिन तक गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से पावर व ट्रैफिक ब्लाक के कारण 4 अक्टूबर तक निरस्त की गई थी. ऐसे में रोजाना हजारों यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था. मेमू ट्रेन के निरस्त होने के कारण इस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेन पर यात्रियों का भार बढ़ गया था. पीक आवर्स में इस रूट पर ट्रेनों में काफी भीड़ रहने लगी थी. हालांकि, अब इस भीड़ में कमी होने के आसार लग रहे हैं.
क्यों नहीं चल रही थी मेमू ट्रेन?
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 25 सितंबर से चार अक्टूबर के बीच गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पटरियों और क्षतिग्रस्त स्लीपर बदलने का कार्य किया गया था. इसमें हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली मेमू ट्रेन का संचालन दस दिन के लिए निरस्त कर दिया था. मुरादाबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद से गाजियाबाद के बीच संचालित मेमू ट्रेन का संचालन शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.
मेमू ट्रेन नंबर- 64553
- मुरादाबाद से चलने का समय- सुबह 5:10 बजे
- गाजियाबाद पहुंचने का समय- सुबह 8:40 बजे
- कुल समय- लगभग 3 घंटे 30 मिनट
- दूरी- लगभग 141 किमी
- किराया- 35 रुपये (जनरल/अनारक्षित)
- चलने के दिन- सप्ताह के सभी 7 दिन
- मुख्य स्टेशन: मुरादाबाद, अमरोहा, गजरौला, गढ़मुक्तेश्वर, सिंभावली, हापुड़, पिलखुवा, दासना, अध्यात्मिक नगर, महरौली और गाजियाबाद
मेमू ट्रेन में 3,500 से अधिक यात्री...
मुरादाबाद से गाजियाबाद के बीच रोजाना चलने वाली मेमू ट्रेन में प्रतिदिन लगभग 3,000 से 4,500 यात्री सफर करते हैं. चूंकि इस मार्ग पर रोजाना कई मुख्य मेमू और सामान्य पैसेंजर ट्रेनें चलती हैं, इसलिए मुरादाबाद से गाजियाबाद और इसके बीच के छोटे स्टेशनों (जैसे अमरोहा, गजरौला, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और पिलखुआ) से रोजाना यात्रा करने वाले दैनिक कम्यूटरों (नौकरीपेशा, छात्र, छोटे व्यापारी) की कुल संख्या 35,000 से 45,000 के बीच आंकी जाती है. मुरादाबाद-गाजियाबाद मेमू ट्रेन आमतौर पर 12 डिब्बों की रैक के साथ चलती है. मेमू ट्रेन के एक सामान्य डिब्बे की बैठने की क्षमता लगभग 100 यात्रियों की होती है, लेकिन खड़े होने की जगह मिलाकर एक डिब्बे में 300 से अधिक यात्री सफर करते हैं. इस प्रकार, पूरी तरह भरी होने पर एक ही ट्रेन में 3,500 से अधिक यात्री होते हैं.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन, बनारस, मुंबई तक... रेलवे ने की 162 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा, दिवाली-छठ पूजा पर मिलेगा कन्फर्म टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं