विज्ञापन

रोज़ 1 लड्डू खाएं, थकान-कमजोरी दूर भगाएं! बिना चीनी सिर्फ 3 चम्मच घी में बनाएं एक किलो पौष्टिक लड्डू

क्या आप भी हमेशा थकान महसूस करते हैं? तो मार्केट की मिठाइयों को कहें बाय-बाय और घर पर बनाएं पोषण से भरपूर ये लड्डू.

रोज़ 1 लड्डू खाएं, थकान-कमजोरी दूर भगाएं! बिना चीनी सिर्फ 3 चम्मच घी में बनाएं एक किलो पौष्टिक लड्डू
सेहत से भरपूर लड्डू कैसे बनाएं.
NDTV

क्या आप भी दिनभर काम करने के बाद शाम होते-होते बहुत ज्यादा थकान महसूस करते हैं? अगर आपका जवाब हां है, तो यह आर्किटल सिर्फ और सिर्फ आपके लिए है. दरअसल आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में सही खानपान न होने की वजह से शरीर में कमजोरी आम बात हो गई है. ऐसे में लोग अक्सर ताकत के लिए बाजार की महंगी दवाइयां या चीजें खाते हैं, लेकिन आज हम आपको एक ऐसा घरेलू और आसान तरीका बताने जा रहे हैं जो आपकी सारी थकान और कमजोरी को गायब कर देगा.

हाल ही में यूट्यूब चैनल (Papa Mummy Kitchen - Specials) पर एक ऐसी शानदार रेसिपी शेयर की गई है. इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सेहत को नुकसान पहुंचाने वाली चीनी का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं किया गया है. इसके अलावा, इन्हें बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा घी की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. सिर्फ तीन चम्मच घी में आप पूरे एक किलो स्वादिष्ट और पौष्टिक लड्डू तैयार कर सकते हैं.

यहां देखें रेसिपी वीडियो- 

कैसे बनाएं स्वाद और सेहत से भरपूर लड्डू-

सामग्री-

  • 2 कप पोहा (चिवड़ा)
  • 1 कप कच्ची मूंगफली
  • 1 कप भुना हुआ चना
  • ¼ कप बादाम
  • ¼ कप काजू
  • ½ कप कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल
  • ¼ कप सफेद तिल
  • 1½ कप कद्दूकस किया हुआ गुड़
  • ½ कप पानी
  • 3 बड़े चम्मच घी
  • 1 चम्मच इलायची पाउडर

विधि-

1. पोहा भूनें-

सबसे पहले पोहे को छलनी से छान लें ताकि उसमें मौजूद धूल-मिट्टी या अन्य गंदगी निकल जाएं. इसके बाद एक कढ़ाही में एक चम्मच घी गर्म करें और उसमें पोहा डालकर मध्यम आंच पर लगभग 5 मिनट तक भूनें. भूनने से पोहे की नमी खत्म हो जाती है, जिससे लड्डू लंबे समय तक खराब नहीं होते. भूनने के बाद पोहे को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें.

2. मूंगफली और चना भूनें-

अब उसी कड़ाही में 1 कप कच्ची मूंगफली डालकर मध्यम आंच पर 2 से 3 मिनट तक भून लें. जब मूंगफली चटकने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तब उसे निकाल लें.

अब उसी कड़ाही में 1 कप भुना हुआ चना डालें और 1 से 2 मिनट तक हल्का भून लें. इससे उसमें मौजूद नमी निकल जाएगी और स्वाद भी बेहतर हो जाएगा.

3. ड्राई फ्रूट्स भूनें-

कड़ाही में एक चम्मच घी डालें. अब उसमें बादाम और काजू डालकर धीमी आंच पर लगभग 1 मिनट तक भून लें. चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार अखरोट, पिस्ता या अन्य ड्राई फ्रूट्स भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

4. नारियल और तिल भूनें-

कड़ाही में बचा हुआ घी रहने दें और उसमें कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल डालें. धीमी आंच पर 30 सेकंड से 1 मिनट तक भूनें. इसके बाद तिल डालकर कुछ सेकंड और भून लें. फिर गैस बंद करके मिश्रण को अलग रख दें.

5. मिश्रण तैयार करें-

जब मूंगफली और चना पूरी तरह ठंडे हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. चाहें तो मूंगफली के छिलके निकाल सकते हैं, लेकिन छिलकों में भी एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, इसलिए इन्हें रहने देना ज्यादा लाभदायक होता है.

अब भुने हुए पोहे को भी मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें. इसके बाद पोहे का पाउडर, मूंगफली-चना पाउडर और भुना हुआ नारियल-तिल एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मिला लें.

6. गुड़ का मिश्रण बनाएं-

एक कड़ाही में कद्दूकस किया हुआ गुड़ और आधा कप पानी डालें. मध्यम आंच पर गुड़ को पूरी तरह घुलने दें. इसमें एक बड़ा चम्मच घी और इलायची पाउडर डाल दें. इस रेसिपी में किसी एक-तार या दो-तार की चाशनी बनाने की जरूरत नहीं पड़ती.

जब गुड़ पूरी तरह घुल जाए, तब तैयार किया हुआ सारा सूखा मिश्रण इसमें डाल दें. साथ ही भुने हुए तिल, नारियल, काजू और बादाम भी मिला दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. ध्यान रखें कि मिश्रण को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना लड्डू सख्त हो सकते हैं.

7. लड्डू बनाएं-

मिश्रण को कुछ देर ठंडा होने दें. जब यह हल्का गर्म रह जाए और हाथ से छूने लायक हो जाए, तब अपनी पसंद के अनुसार छोटे या बड़े आकार के लड्डू बना लें.

ये भी पढ़ें- आलू गोभी की सब्जी इस नए तरीके से बनाकर देखिए, स्वाद ऐसा कि नॉनवेज खाना भूल जाएंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Winter Special Ladoo, Winter Special Ladoo Recipes, Healthy Ladoo
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com