आज के समय में पेट में गैस बनना, पेट फूलना और ब्लोटिंग की समस्या बहुत आम हो गई है. बहुत से लोगों की शिकायत रहती है कि खाना खाने के बाद ऐसा महसूस होता है जैसे पेट गुब्बारे की तरह फूल गया हो. इसके साथ भारीपन, बेचैनी और कभी-कभी दर्द भी होने लगता है. हालांकि, पेट में हल्की गैस बनाना नॉर्मल है, लेकिन जब गैस ज्यादा बनने लगे तो समस्या बढ़ सकती है. अगर आपको भी हमेशा पेट फूला-फूला रहता है और पेट में गैस बनी रहती है तो कुछ आसान आदतों और घरेलू उपायों की मदद से इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. चलिए आपको बताते हैं गैस और ब्लोटिंग से राहत पाने के लिए क्या करें.
ब्लोटिंग क्यों होती है?
आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सा के एक्सपर्ट सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल @HealthyHamesha पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डॉ. सलीम ने पेट में गैस और ब्लोटिंग से राहत के लिए 5 असरदार तरीके बताए हैं. ब्लोटिंग की समस्या तब होती है जब पेट में गैस जरूरत से ज्यादा जमा हो जाती है या खाना ठीक से पच नहीं पाता. जल्दी-जल्दी खाना, ओवरईटिंग और कुछ खास चीजों का अधिक सेवन भी इसकी वजह बन सकता है.
प्रोबायोटिक चीजें खाएं
डॉ. सलीम ने बताया कि पाचन को बेहतर बनाने के लिए प्रोबायोटिक फूड्स काफी फायदेमंद माने जाते हैं. दही इसका सबसे आसान उदाहरण है. रोजाना एक कटोरी दही खाने से आंतों के अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा मिलता है और पाचन बेहतर हो सकता है. इसके अलावा गैस और ब्लोटिंग से बचने के लिए केवल ये जरूरी नहीं कि आप क्या खा रहे हैं, बल्कि ये भी जरूरी है कि आप कैसे खा रहे हैं. ऐसे में हमेशा खाना धीरे-धीरे खाएं, हर निवाले को अच्छी तरह चबाएं और जरूरत से ज्यादा भोजन करने से बचें.
अदरक, पुदीना और अजवाइन
डॉ. सलीम के मुताबिक, अदरक पाचन में मदद करती है. अदरक का पानी या अदरक वाली चाय पीने से कई लोगों को राहत महसूस होती है. पुदीने की चाय पेट को आराम देने और गैस की समस्या कम करने में सहायक मानी जाती है. इसके अलावा भुनी हुई अजवाइन और थोड़ा काला नमक खाने से भी पेट हल्का महसूस हो सकता है.
पेट में गैस किन चीजों से बनती है?
- राजमा
- छोले
- गोभी
- ब्रोकली
- प्याज
- कार्बोनेटेड ड्रिंक्स
- ज्यादा तला-भुना खाना
खाने के बाद टहलना न भूलें
भोजन करने के बाद 10 से 15 मिनट हल्की वॉक करना पाचन के लिए फायदेमंद माना जाता है. इससे खाना जल्दी पचता है और पेट में गैस बनने की संभावना कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें:- कुकर से कंबल कैसे साफ करें? बिना वॉशिंग मशीन के कंबल साफ करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- पौधों में चावल का पानी डालने से क्या होता है? जानें चावल का पानी कब और कैसे डालें
यह भी पढ़ें:- नारियल के छिलकों से सजाएं बालकनी, लटकने वाले प्लांटर से लेकर कैंडल होल्डर तक, जानिए शानदार DIY आइडिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं