पेट के किसी एक हिस्से में दर्द, नाभि के आसपास बेचैनी या खाना खाने के बाद भारीपन को लोग अक्सर गैस समझ लेते हैं. हालांकि, हर बार इसकी वजह सिर्फ गैस नहीं होती. सीके बिड़ला हॉस्पिटल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. अनुकल्प प्रकाश का कहना है कि गैस का दर्द पेट के अलग-अलग हिस्सों में महसूस हो सकता है और कई बार इसके लक्षण दूसरी बीमारियों से भी मिलते-जुलते हैं. ऐसे में दर्द की सही वजह को समझना जरूरी है. अगर आपको बार-बार पेट में दर्द, भारीपन या ब्लोटिंग की समस्या रहती है तो ये जानना जरूरी है कि गैस का दर्द आमतौर पर कहां-कहां महसूस होता है. यहां डॉक्टर से समझते हैं गैस का दर्द कहां-कहां होता है?
ऊपरी पेट में दर्द और भारीपन
डॉक्टर अनुकल्प का कहना है कि जब गैस पेट या ऊपरी पाचन तंत्र में फंस जाती है, तो पसलियों के नीचे दबाव, भारीपन और पेट भरा-भरा महसूस हो सकता है. इसके साथ बार-बार डकार आना, मतली या खाना खाने के बाद असहजता भी हो सकती है. हालांकि, ऊपरी पेट में लगातार दर्द को सिर्फ गैस समझने की गलती नहीं करनी चाहिए, क्योंकि एसिडिटी, गैस्ट्राइटिस और गॉलब्लैडर से जुड़ी समस्याओं में भी ऐसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं.
निचले पेट में ऐंठन
डॉक्टर कहते हैं कि आंतों में गैस जमा होने पर पेट के निचले हिस्से में मरोड़ जैसा दर्द हो सकता है. कई बार ये दर्द एक जगह टिकता नहीं है और दाएं-बाएं होता रहता है. गैस या मल निकलने के बाद राहत महसूस हो सकती है.
पेट के दाहिने हिस्से में दर्द
बड़ी आंत के दाहिने हिस्से में गैस फंसने पर दाईं तरफ या दाईं पसलियों के नीचे दर्द हो सकता है. लेकिन अगर दर्द बहुत तेज हो या लगातार बना रहे तो यह एपेंडिक्स या गॉलब्लैडर से जुड़ी परेशानी का संकेत भी हो सकता है.
पसलियों के बाईं ओर और नाभि के आसपास दर्द
डॉक्टर कहते हैं कि गैस का दर्द पसलियों के नीचे बाईं ओर भी हो सकता है. इस हिस्से में गैस जमा होने के कारण आपको दर्द महसूस हो सकता है. ये दर्द कभी-कभी तेज चुभन, दबाव या ऐंठन जैसा महसूस होता है. इसके अलावा पेट फूलने और आंतों में गैस बनने की वजह से नाभि के आसपास भी दर्द या कसाव महसूस हो सकता है. इसके साथ पेट में गुड़गुड़ाहट और फूलने की शिकायत भी रहती है.
पेट में अगर ज्यादा गैस बनने लगे तो क्या करें?
डॉक्टर अनुकल्प का कहना है कि अगर पेट में ज्यादा गैस की वजह से आपको परेशानी होती है, तो कुछ हेल्दी आदतों को अपनाकर आप इसे ठीक कर सकते हैं. कोशिश करें कि खाना खाने के बाद 10-15 मिनट टहलें, दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और पेट पर हल्की गर्म सिकाई करें.
इसके अलावा डॉक्टर धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर खाने की सलाह देते हैं. वहीं, अगर आपको खाने की किसी चीज से एलर्जी है, तो उससे दूरी बनाकर रखें.
ये भी पढ़ें - दादी मां के नुस्खे : सदियों पुराना है हिंग्वाष्टक चूर्ण, पेट में गैस और अपच की परेशानी मिनटों में करता है दूर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं